न इश्यू साइज तय, न प्राइस बैंड! फिर भी ₹19 पर पहुंचा इस कंपनी के IPO का GMP; 20 मार्च को होगी एंट्री
Coal India की सहायक कंपनी CMPDIL का प्रस्तावित IPO बाजार में चर्चा में है. दिलचस्प बात यह है कि अभी तक इश्यू साइज और प्राइस बैंड का ऐलान नहीं हुआ है, फिर भी ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम करीब 19 रुपये बताया जा रहा है. यह IPO 20 मार्च को खुलेगा और 24 मार्च को बंद होगा, जो पूरी तरह OFS पर आधारित होगा.
CMPDIL IPO GMP Surges: सरकारी दिग्गज Coal India की सहायक कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDIL) का प्रस्तावित आईपीओ बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है. दिलचस्प बात यह है कि अभी तक इस इश्यू का साइज और प्राइस बैंड आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है, इसके बावजूद ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम करीब 19 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. आईपीओ को लेकर अपडेटेड जानकारी में यह बताया गया था कि कंपनी का आईपीओ 20 मार्च को खुलेगा और 24 मार्च को बंद हो जाएगा. वहीं, इश्यू की लिस्टिंग 30 मार्च तक BSE-NSE पर होने की संभावना है.
Coal India ने हाल ही में जानकारी दी थी कि CMPDIL ने अपने आईपीओ के लिए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी SEBI के साथ-साथ BSE और NSE के पास दाखिल कर दिया है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि यह खुलासा SEBI के लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (LODR) नियमों के तहत किया गया है, ताकि निवेशकों और बाजार प्रतिभागियों को समय पर जरूरी जानकारी मिल सके.
पूरी तरह OFS पर आधारित होगा IPO
दस्तावेजों के अनुसार CMPDIL का यह सार्वजनिक इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए लाया जाएगा. इसके तहत पैरेंट कंपनी Coal India अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बाजार में उतारेगी. योजना के मुताबिक कंपनी अधिकतम करीब 10.71 करोड़ इक्विटी शेयर बेच सकती है. क्योंकि यह इश्यू पूरी तरह OFS होगा, इसलिए CMPDIL को इससे सीधे कोई नई पूंजी प्राप्त नहीं होगी. आईपीओ के जरिए मिलने वाली पूरी राशि Coal India के पास जाएगी. माना जा रहा है कि यह कदम कोल इंडिया की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह अपनी सहायक कंपनियों की वैल्यू को बाजार में सामने लाना चाहती है और निवेशकों को कोयला और खनन से जुड़े विशिष्ट कारोबार में निवेश का अवसर देना चाहती है.
पहले ही शुरू हो चुकी थी IPO प्रक्रिया
CMPDIL के आईपीओ की प्रक्रिया काफी समय से चल रही है. कंपनी ने 26 मई 2025 को इसके लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) सेबी के पास दाखिल किया था. शुरुआती प्रस्ताव के अनुसार करीब 7.14 करोड़ शेयरों को OFS के जरिए बेचने की योजना थी. हालांकि अंतिम इश्यू साइज और अन्य विवरण बाजार की परिस्थितियों, नियामकीय मंजूरी और निवेशकों की मांग जैसे कारकों पर निर्भर करते हैं.
Coal India की दूसरी सब्सिडियरी
Coal India अपनी कई सहायक कंपनियों को चरणबद्ध तरीके से शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की रणनीति पर काम कर रही है. हाल ही में Bharat Coking Coal Limited (BCCL) को भी बाजार में लिस्ट किया गया था. CMPDIL इस प्रक्रिया में अगली प्रमुख कंपनी हो सकती है, जिस पर निवेशकों की नजरें टिकी हुई हैं.
क्या करती है CMPDIL
Central Mine Planning and Design Institute Limited खनन क्षेत्र की एक प्रमुख कंसल्टेंसी और इंजीनियरिंग कंपनी है. यह कोयला और खनिज संसाधनों के अन्वेषण, खान योजना, माइन डिजाइन, पर्यावरण प्रबंधन, जियोमैटिक्स और खनन इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी सेवाएं प्रदान करती है. कंपनी ओपन-कास्ट और अंडरग्राउंड दोनों तरह की खनन परियोजनाओं के लिए तकनीकी सलाह और योजना तैयार करने में विशेषज्ञता रखती है. इसके अलावा यह कोयला मंत्रालय के लिए अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों में भी सहयोग करती है. देश के प्रमुख कोलफील्ड क्षेत्रों में कंपनी की आठ आधुनिक प्रयोगशालाएं भी संचालित होती हैं.
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन
वित्तीय प्रदर्शन के मामले में भी CMPDIL ने हाल के वर्षों में मजबूत वृद्धि दिखाई है. वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की कुल आय लगभग 2,102 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 23 फीसदी अधिक है. इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ लगभग 600 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर करीब 33 फीसदी की बढ़ोतरी को दर्शाता है. कंपनी का PAT मार्जिन 30.6 फीसदी रहा, जो खनन कंसल्टेंसी क्षेत्र में इसकी मजबूत स्थिति को दर्शाता है.
डिसक्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.
Latest Stories
Coal India की ये सब्सिडियरी कंपनी ला रही IPO, फाइल किए पेपर, OFS से 10.71 करोड़ शेयर बेचने की तैयारी
IPOs Next Week: कमाई का मौका! अगले हफ्ते खुलेंगे 3 नए IPO, दो मेनबोर्ड और एक SME इश्यू की होगी एंट्री, चेक करें डिटेल
सरकार ने IPO के बदले नियम, अब बड़ी कंपनियां कम शेयर के साथ भी हो सकेंगी लिस्ट
