Coal India का बड़ा दांव, MCL और SECL में 25% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी; आने वाला है बड़ा IPO मौका

कोल इंडिया ने MCL और SECL में 25 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दे दी है. यह बिक्री IPO और अन्य बाजार माध्यमों के जरिए होगी. SECL में नए शेयर भी जारी किए जाएंगे. यह कदम सरकार के डिसइन्वेस्टमेंट प्लान का हिस्सा है. हालांकि अंतिम फैसला बाजार की स्थिति और मंजूरी पर निर्भर करेगा. खबर के बाद शेयर में हल्की गिरावट देखी गई, लेकिन लंबी अवधि में प्रदर्शन मजबूत रहा है.

coal india Image Credit: tv9 bharatvarsh

Coal India: सरकारी कंपनी कोल इंडिया अब बड़ा कदम उठाने जा रही है. कंपनी ने अपने दो बड़े सब्सिडियरी बिजनेस में हिस्सेदारी बेचने की तैयारी शुरू कर दी है. इसका सीधा मतलब है कि आने वाले समय में इन कंपनियों के शेयर बाजार में लिस्ट हो सकते हैं. इससे निवेशकों के लिए नए मौके खुलेंगे और सरकार को भी फंड जुटाने में मदद मिलेगी. खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय आया है जब सरकार लगातार डिसइन्वेस्टमेंट यानी हिस्सेदारी बेचने पर फोकस कर रही है. बाजार भी इस खबर पर नजर बनाए हुए है क्योंकि इससे आने वाले समय में बड़े IPO देखने को मिल सकते हैं.

कोल इंडिया का बड़ा फैसला, दो कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी

कोल इंडिया के बोर्ड ने सोमवार को अहम फैसला लिया. कंपनी ने अपनी दो सब्सिडियरी कंपनियों, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में 25 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दी है. यह बिक्री शेयर बाजार के जरिए की जाएगी, जिसमें IPO भी शामिल हो सकता है.

MCL और SECL के लिए अलग-अलग प्लान

MCL के मामले में कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी को ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचेगी. यानी कंपनी अपने हिस्से के शेयर बाजार में बेचेगी. वहीं SECL के लिए प्लान थोड़ा अलग है. इसमें कोल इंडिया अपने शेयर बेचने के साथ-साथ नई शेयर जारी करने का भी प्लान है. दोनों कंपनियों को एक या एक से ज्यादा चरणों में शेयर बाजार में लिस्ट किया जाएगा. हालांकि यह पूरी प्रक्रिया बाजार की स्थिति और जरूरी मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी. पहले भी कोल इंडिया इन कंपनियों की लिस्टिंग को मंजूरी दे चुकी है.

सरकार की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगा मामला

अब इस प्रस्ताव को कोयला मंत्रालय के पास भेजा जाएगा. इसके बाद इसे DIPAM के पास आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा. यानी अभी कुछ और मंजूरियां बाकी हैं. कोल इंडिया ने एक और फैसला लिया है. कंपनी अपनी एक छोटी सब्सिडियरी MJSJ कोल लिमिटेड को बंद करेगी. यह फैसला नियमों के अनुसार लिया जाएगा.

शेयर में गिरावट, लेकिन लंबी अवधि में बढ़त

खबर के दिन कोल इंडिया का शेयर करीब 2.76 प्रतिशत गिरकर 455 रुपये के आसपास बंद हुआ. दिन में इसमें और ज्यादा गिरावट भी देखने को मिली. हालांकि पिछले एक साल में शेयर ने 12 प्रतिशत से ज्यादा रिटर्न दिया है. वहीं इस साल अब तक करीब 14 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें- इस पावर स्‍टॉक पर रखें नजर, कंपनी दे रही 1 पर 1 बोनस शेयर फ्री, रिकॉर्ड डेट तय; मुकुल अग्रवाल का भी है दांव

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.