IPO के जरिये ₹2250 करोड़ जुटाने की तैयारी में InsuranceDekho, जानें कब तक हो सकती है लिस्टिंग

गुरुग्राम की इंश्योरेंस टेक कंपनी InsuranceDekho IPO लाने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 250 मिलियन डॉलर जुटा सकती है. प्रस्तावित IPO में फ्रेश इश्यू और OFS दोनों शामिल हो सकते हैं. जानें कब तक हो सकती है इश्यू की एंट्री.

इंश्योरेंसदेखो का आएगा IPO Image Credit: @Money9live

InsuranceDekho IPO 250 Million Dollar: गुरुग्राम की इंश्योरेंस टेक स्टार्टअप InsuranceDekho की संचालक कंपनी गिरनार इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO लाने पर विचार कर रही है. इस इश्यू के जरिए कंपनी करीब 250 मिलियन डॉलर (90 डॉलर प्रति रुपये के हिसाब से लगभग 2250 करोड़ रुपये) जुटा सकती है.

कब तक आ सकता है इश्यू?

ईटी ने अपनी एक रिपोर्ट में इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से लिखा है कि कंपनी ने हाल ही में निवेश बैंकों के साथ संभावित लिस्टिंग को लेकर चर्चा की है और आने वाले हफ्तों में सलाहकार नियुक्त किए जा सकते हैं. प्रस्तावित IPO में नए शेयर जारी किए जाने के साथ-साथ मौजूदा निवेशकों द्वारा हिस्सेदारी बेचने यानी OFS का विकल्प भी शामिल हो सकता है. संभावना है कि यह आईपीओ इसी साल के अंत तक आ सकता है. हालांकि, कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.

2026 में सुस्त पड़ा IPO बाजार

भारत में 2026 की शुरुआत IPO बाजार के लिए धीमी रही है. पिछले दो सालों में रिकॉर्ड स्तर पर फंड जुटाने के बाद अब शेयर बाजार में कमजोरी के कारण कंपनियों के वैल्यूएशन पर दबाव दिख रहा है. हाल ही में एए फाइनेंस और फ्रैक्टल एनालिटिक्स जैसी कंपनियों के IPO को ठंडी प्रतिक्रिया मिली. इन कंपनियों को अपना इश्यू टालना और आकार घटाना पड़ा.

क्यों दबाव में है बाजार?

भारतीय शेयर बाजार पर इस समय कई दबाव हैं, जैसे कंपनियों की आय वृद्धि में सुस्ती, वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता और विदेशी निवेश का अस्थिर रुख. हालांकि, अमेरिका के साथ हालिया व्यापार समझौते के बाद निवेशकों की भावना में कुछ सुधार जरूर हुआ है. इसके बावजूद, इस साल निफ्टी 50 इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स में 11 फीसदी से अधिक की बढ़त रही है.

मर्जर के जरिए विस्तार

पिछले साल InsuranceDekho ने छोटे इंश्योरेंस टेक स्टार्टअप RenewBuy के साथ विलय की घोषणा की थी. यह मर्जर Artivatic Data Labs के तहत हुआ. इस कदम का उद्देश्य बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करना और डिजिटल इंश्योरेंस सेगमेंट में विस्तार करना था. बाजार में InsuranceDekho का मुकाबला Policybazaar और Turtlemint जैसी कंपनियों से है. यदि IPO की योजना आगे बढ़ती है, तो यह कंपनी के लिए विस्तार और ब्रांड वैल्यू बढ़ाने का बड़ा अवसर साबित हो सकता है.

InsuranceDekho का सफर

InsuranceDekho की शुरुआत 2016 में अंकित अग्रवाल, अमित जैन और ईश बाबर ने की थी. यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां ग्राहक अलग-अलग कंपनियों की बीमा पॉलिसियों की तुलना कर सकते हैं और अपनी जरूरत के मुताबिक पॉलिसी खरीद सकते हैं. अब तक कंपनी करीब 358 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटा चुकी है. इसके निवेशकों में TVS कैपिटल फंड्स, इन्वेस्टकॉर्प और BNP परिबा कार्डिफ जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- Razorpay ने 700 मिलियन डॉलर से अधिक के IPO के लिए चुने 4 इन्वेस्टमेंट बैंक, प्राइमरी और सेकेंडरी इश्यू का हो सकता है कॉम्बिनेशन

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories

मार्केट में एंट्री से पहले ही अनलिस्‍टेड मार्केट में तबाही मचा रहा NSE IPO, जानें क्‍या है डेडलाइन, OFS से फंड जुटाने की तैयारी

Punjab Carbonic ला रही है 95 लाख शेयर का IPO, SEBI के पास फाइल किया DRHP; इन जगहों पर करेगी पैसों का इस्तेमाल

तीन कंपनियों ने IPO के लिए फाइल किया DRHP, पंजाब कार्बोनिक से लेकर सद्भाव फ्यूचरटेक का आएगा पब्लिक ऑफर

कौन ला सकता है IPO, कितना चाहिए पैसा, क्या फंड जुटाने की होती है लिमिट, जानें पूरा प्रोसेस और नियम

टाटा, अडानी और बिड़ला जैसे ग्रुप के लिए काम करने वाली कंपनी लाएगी IPO, जानें- क्या है कारोबार और कैसी है वित्तीय सेहत

IPO की तैयारी में जुटी Rediff, 600–800 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान; कंपनी ने फाइल किया कॉन्फिडेंशियल DRHP