Uday Kotak बने GIFT City के नए चेयरमैन, गुजरात सरकार ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
गुजरात सरकार ने अनुभवी बैंकर उदय कोटक को GIFT City का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. गांधीनगर स्थित यह अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र तेजी से ग्लोबल फाइनेंशियल हब के रूप में उभर रहा है और कोटक के नेतृत्व से इसके विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
Uday Kotak GIFT City Chairman: गुजरात सरकार ने देश के अनुभवी बैंकर और उद्योगपति Uday Kotak को गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी कंपनी लिमिटेड (GIFT City) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. इस संबंध में शहरी विकास और शहरी आवास विभाग ने आधिकारिक प्रस्ताव जारी किया. उदय कोटक ने इस पद पर Hasmukh Adhia की जगह ली है, जो जून 2023 से GIFT City के बोर्ड में गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में कार्य कर रहे थे. सरकार के अनुसार, कोटक की नियुक्ति अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी. उनके कार्यकाल की शर्तें और अन्य नियम अलग से तय किए जाएंगे.
GIFT City क्या है और क्यों अहम है?
गुजरात की राजधानी Gandhinagar में स्थित GIFT City देश का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र है. इसे एक ग्लोबल फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि दुनिया भर की वित्तीय संस्थाएं और निवेशक यहां आकर्षित हों. यहां देश का पहला इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर (IFSC) स्थापित है, जो विदेशी और घरेलू कंपनियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सेवाएं प्रदान करता है. GIFT City, Ahmedabad और गांधीनगर के बीच स्थित है और तेजी से उभरता हुआ वित्तीय केंद्र बन चुका है.
तेजी से बढ़ती पहचान
सितंबर 2025 तक GIFT-IFSC में कुल बैंकिंग परिसंपत्तियां यानी बैंकिंग बैंकिंग एसेट्स 100 अरब डॉलर से अधिक पहुंच चुकी थीं. यहां कई भारतीय और विदेशी बैंक, फंड मैनेजमेंट कंपनियां, पूंजी बाजार से जुड़ी संस्थाएं ऐक्टिव हैं. इसके अलावा विमान और जहाज लीजिंग, फिनटेक और बीमा जैसी आधुनिक वित्तीय सेवाएं भी यहां उपलब्ध हैं. GIFT City दो मुख्य हिस्सों में बंटी है-
- डोमेस्टिक टैरिफ एरिया (DTA)
- स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ)- जहां IFSC संचालित होता है.
वर्तमान में इसके बोर्ड में चार स्वतंत्र निदेशक और गुजरात सरकार के कई नामित सदस्य शामिल हैं.
नए नेतृत्व से नई उम्मीदें
उदय कोटक बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं. उनके नेतृत्व में GIFT City को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसे समय में जब GIFT-IFSC अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, उनका अनुभव इस वित्तीय हब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. माना जा रहा है कि आने वाले समय में GIFT City वैश्विक निवेश और वित्तीय गतिविधियों का और बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा.
Latest Stories
किसानों के लिए खुशखबरी, सरकार ने 25 लाख टन गेहूं और 5 लाख टन चीनी के निर्यात को दी हरी झंडी
प्रॉफिट कमाने के लिए ओला इलेक्ट्रिक ने कॉस्ट में 50 फीसदी कटौती करने का रखा टारगेट, जानें- क्या होगा असर
Gold-Silver Rate Today 13-02-2026: एक दिन में ₹13500 सस्ती हुई चांदी, सोना भी फिसला; जानें नए भाव
