Gold-Silver Rate Today 13-02-2026: एक दिन में ₹13500 सस्ती हुई चांदी, सोना भी फिसला; जानें नए भाव
Gold Silver Price Today 13-02-2026 Latest News Updates: दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी के भाव लुढ़ककर 2.55 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर फिसल गया. कमजोर घरेलू मांग और अमेरिकी महंगाई आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया है. जानें क्या है नई कीमतें.
Gold and Silver Rate Today: राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 13 फरवरी को कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई. कमजोर घरेलू मांग और वैश्विक संकेतों के बीच चांदी में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि सोने के दाम भी नरम रहे. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत 13,500 रुपये लुढ़ककर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर आ गई. इससे पहले यह 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. यानी एक ही सत्र में चांदी ने करीब 5.03 फीसदी की गिरावट दर्ज की.
सोना भी दबाव में
99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,400 रुपये फिसलकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था. यानी सोने में करीब 1.5 फीसदी की कमजोरी देखी गई.
गिरावट की वजह क्या रही?
कमोडिटी विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में बिकवाली के माहौल और अमेरिका के उपभोक्ता महंगाई आंकड़ों (CPI) से पहले निवेशकों की सतर्कता ने बुलियन पर दबाव बनाया. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, अमेरिकी महंगाई के अहम आंकड़ों से पहले निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं, जिसका असर सोना-चांदी पर दिखा.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में उलट तस्वीर
दिलचस्प बात यह है कि वैश्विक बाजार में कीमतों में हल्की मजबूती देखने को मिली. स्पॉट सिल्वर 2.01 डॉलर यानी करीब 3 फीसदी उछलकर 77.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, सोना भी लगभग 1 फीसदी की तेजी के साथ 4,968.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा. कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च प्रमुख कायनात चैनवाला के अनुसार, चांदी 79 डॉलर प्रति औंस के करीब और सोना 4,990 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर होने की कोशिश कर रहा है. अब बाजार की नजर अमेरिका के CPI आंकड़ों पर टिकी है.
आगे क्या रहेगा रुख?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर महंगाई के आंकड़े नरम आते हैं, तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में ढील की उम्मीदें फिर मजबूत हो सकती हैं, जिससे सोना-चांदी को सहारा मिल सकता है. लेकिन अगर महंगाई ऊंची बनी रहती है और श्रम बाजार मजबूत दिखता है, तो फेड ‘लंबे समय तक ऊंची दर’ की नीति पर कायम रह सकता है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें- अमेरिका का बड़ा फैसला! रिलायंस को वेनेजुएला से सीधे तेल खरीदने की मिली मंजूरी: रिपोर्ट
जियो पॉलिटिकल हालात का असर
रूस-यूक्रेन तनाव में नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच परमाणु वार्ता की नई पहल जैसे संकेतों ने सुरक्षित निवेश यानी सेफ हेवन की मांग को कमजोर किया है. इसके अलावा, अमेरिका में मौजूदा घरों की बिक्री के कमजोर आंकड़े और चीन में लूनर न्यू ईयर से पहले औद्योगिक मांग में सुस्ती की आशंका ने भी चांदी पर अतिरिक्त दबाव डाला. कुल मिलाकर, घरेलू बाजार में मांग की कमी और वैश्विक अनिश्चितता के चलते फिलहाल सोना-चांदी की कीमतें उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रही हैं. आने वाले दिनों में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े इनकी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में अब कस्टमर आपस में खरीद और बेच सकेंगे सोलर बिजली, P2P पायलट प्रोजेक्ट की मंजूरी; जानें शर्तें
Latest Stories
Uday Kotak बने GIFT City के नए चेयरमैन, गुजरात सरकार ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
किसानों के लिए खुशखबरी, सरकार ने 25 लाख टन गेहूं और 5 लाख टन चीनी के निर्यात को दी हरी झंडी
प्रॉफिट कमाने के लिए ओला इलेक्ट्रिक ने कॉस्ट में 50 फीसदी कटौती करने का रखा टारगेट, जानें- क्या होगा असर
