Jio प्लेटफॉर्म IPO को खुलने से पहले मिला बड़ा सपोर्ट, एंकर निवेशकों ने लगाए ₹8,110 करोड़; LIC टॉप पर

Jio Platforms ने IPO खुलने से पहले 212 एंकर निवेशकों को 8,110 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए. LIC, New World Fund और सिंगापुर सरकार समेत बड़े निवेशकों की भागीदारी. एंकर निवेशकों से मिले मजबूत रिस्पॉन्स से इस इश्यू को लेकर संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी का पता चलता है. जानें IPO का प्राइस बैंड और तारीख.

जिओ आईपीओ Image Credit: TV9 BHARATVARSH

Highlights

  • Jio Platforms ने IPO से पहले 212 एंकर निवेशकों को ₹8,110 करोड़ के शेयर ₹1,119 प्रति शेयर पर आवंटित किए.
  • LIC को ₹499.98 करोड़ के शेयर मिले, जबकि New World Fund को ₹486.27 करोड़ का आवंटन हुआ.
  • IPO 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है.

रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी Jio प्लेटफॉर्म के IPO को लेकर एंकर निवेशकों ने मजबूत दिलचस्पी दिखाई है. कंपनी ने IPO खुलने से पहले ही 212 एंकर निवेशकों को 8,110 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए हैं. ये शेयर 1,119 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर आवंटित किए गए हैं. Jio Platforms का IPO बुधवार, 21 अक्टूबर को आम निवेशकों के लिए खुलेगा. इसे भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO माना जा रहा है. एंकर निवेशकों से मिले मजबूत रिस्पॉन्स से इस इश्यू को लेकर संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी का पता चलता है.

जियो IPO में दुनिया की प्रमुख एसेट मैनेजमेंट कंपनियों, सॉवरेन वेल्थ फंड्स, सरकारी निवेश संस्थाओं, घरेलू म्यूचुअल फंड्स, बीमा कंपनियों और पेंशन फंड्स ने निवेश किया है.

LIC और न्यू वर्ल्ड फंड ने लगाया बड़ा दांव

एंकर निवेशकों में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को सबसे बड़ा आवंटन मिला है. LIC को 499.98 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए गए, जो कुल एंकर बुक का 6.17 फीसदी है. इसके बाद न्यू वर्ल्ड फंड को 486.27 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए गए. वहीं, Government of Singapore को 340.93 करोड़ रुपये, SBI Focused Fund को 315 करोड़ रुपये और BNP Paribas Financial Markets – ODI को 303.25 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए गए हैं.

म्यूचुअल फंड्स को मिले ₹2,785 करोड़ के शेयर

Jio Platforms के एंकर आवंटन में घरेलू म्यूचुअल फंड्स की भी बड़ी हिस्सेदारी रही. म्यूचुअल फंड्स को कुल 2.48 करोड़ शेयर आवंटित किए गए, जिनकी कीमत 2,785 करोड़ रुपये है. यह कुल एंकर आवंटन का 34.34 फीसदी हिस्सा है. ये शेयर 25 फंड हाउस की 95 योजनाओं के जरिए आवंटित किए गए. वहीं, लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों और पेंशन फंड्स को 97.4 लाख शेयर आवंटित किए गए, जिनकी कीमत 1,090 करोड़ रुपये है. यह कुल एंकर आवंटन का 13.44 फीसदी हिस्सा है.

BlackRock और Fidelity जैसे बड़े वैश्विक निवेशकों ने भी दिखाई दिलचस्पी

Jio Platforms के एंकर निवेशकों में कई बड़े वैश्विक निवेशक भी शामिल हैं. इनमें BlackRock, Fidelity, Capital Group, T. Rowe Price, Schroders, JPMorgan Asset Management, Franklin Templeton और Janus Henderson के नाम शामिल हैं. इसके अलावा, Abu Dhabi Investment Authority और Monetary Authority of Singapore जैसी सरकारी और सार्वजनिक निवेश संस्थाओं ने भी एंकर बुक में हिस्सा लिया है.

कितना बड़ा है Jio Platforms का IPO?

Jio Platforms इस IPO के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. कंपनी 27 करोड़ तक नए शेयर जारी करेगी. इसके लिए प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. Jio Platforms का IPO 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा. इश्यू से मिलने वाली रकम का एक हिस्सा कंपनी की टेलीकॉम सब्सिडियरी के कर्ज को चुकाने में इस्तेमाल किया जाएगा. बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने पर खर्च की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- भारत-न्यूजीलैंड FTA आज से लागू, सेब-शहद और वाइन खरीदना होगा सस्ता? भारतीय सामानों को मिलेगी ड्यूटी-फ्री एंट्री

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.