PhonePe ने अचानक टाला IPO प्लान, वैश्विक तनाव और बाजार की अनिश्चितता बनी वजह, CEO ने दिया बड़ा अपडेट
वैश्विक तनाव और बाजार में अस्थिरता के बीच PhonePe ने फिलहाल अपना IPO टाल दिया है. कंपनी के CEO समीर निगम ने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद भारत में पब्लिक लिस्टिंग की प्रक्रिया फिर शुरू की जाएगी.
PhonePe IPO delay: डिजिटल पेमेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी PhonePe ने फिलहाल अपने आईपीओ (IPO) की योजना को टालने का फैसला किया है. कंपनी का कहना है कि मौजूदा समय में दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक बाजारों में बढ़ी अनिश्चितता के वजह से यह कदम उठाया गया है. हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि भारत में पब्लिक लिस्टिंग की उसकी योजना बरकरार है और बाजार में स्थिरता आने के बाद इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया जाएगा.
बाजार में स्थिरता का इंतजार
PhonePe के CEO समीर निगम ने कहा कि कंपनी ने मौजूदा हालात को देखते हुए पब्लिक मार्केट में लिस्टिंग की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोक दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दुनिया के प्रभावित इलाकों में जल्द शांति बहाल होगी. समीर निगम ने कहा कि कंपनी भारत में ही लिस्ट होने के अपने फैसले पर कायम है और जैसे ही वैश्विक पूंजी बाजारों में स्थिरता लौटेगी, लिस्टिंग की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी जाएगी.
2016 में शुरू हुआ था PhonePe
PhonePe Limited, जिसे पहले PhonePe Private Limited के नाम से जाना जाता था, एक टेक्नोलॉजी कंपनी है जो पेमेंट, डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाती है. भारत में मुख्यालय वाली इस कंपनी ने 2016 में अपना डिजिटल पेमेंट ऐप लॉन्च किया था और कुछ ही वर्षों में यह देश के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म में शामिल हो गई.
30 सितंबर 2025 तक PhonePe के पास 65 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं. इसके साथ ही कंपनी का डिजिटल पेमेंट नेटवर्क देशभर में 4.7 करोड़ से अधिक मर्चेंट्स तक फैला हुआ है. PhonePe के प्लेटफॉर्म पर कंज्यूमर पेमेंट, मर्चेंट पेमेंट, लेंडिंग और इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन जैसी सेवाएं मिलती हैं.
यह भी पढ़ें: ईरान जंग का असर! 400 से ज्यादा शेयर डबल डिजिट में टूटे, बाजार में हड़कंप; इन स्टॉक में आपका भी लगा है पैसा?
नए प्लेटफॉर्म पर भी फोकस
कंपनी अपने नए प्लेटफॉर्म्स पर भी तेजी से काम कर रही है. इनमें Share Market शामिल है, जो स्टॉक ब्रोकिंग और म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म है. इसके अलावा Indus Appstore भी कंपनी का एक अहम प्रोजेक्ट है, जो एंड्रॉयड आधारित मोबाइल ऐप मार्केटप्लेस के रूप में विकसित किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.