Rajputana Stainless IPO: पहले दिन ठंडा रिस्पॉन्स, सिर्फ 0.30 गुना सब्सक्राइब; लेकिन GMP में हलचल
कमजोर बाजार सेंटीमेंट के बीच Rajputana Stainless का IPO पहले दिन निवेशकों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर पाया. इश्यू महज 0.30 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि रिटेल कैटेगरी में मांग बेहद कमजोर रही. ग्रे मार्केट में भी आईपीओ का GMP सिर्फ करीब 2.5 रुपये के आसपास चल रहा है.
Rajputana Stainless IPO GMP: भारतीय शेयर बाजार पिछले कुछ हफ्तों से काफी दबाव में दिख रहा है. इसका बड़ा कारण जियो पॉलिटिकल टेंशन है जिसकी वजह से अलग-अलग मोर्चे पर बाजार को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इसी का असर प्राइमरी बाजार में भी देखने को मिल रहा है. प्राइमरी बाजार का माहौल पिछले कुछ समय से काफी सुस्त पड़ता हुआ दिख रहा था लेकिन अब माहौल में थोड़ी हरियाली आई है. मौजूदा समय में प्राइमरी बाजार के मेनबोर्ड सेगमेंट में 1 इश्यू खुला हुआ है लेकिन कुल 3 इश्यू लाइन में लगे हुए हैं. आज हम उसी एक इश्यू की बात करने वाले हैं जो खुला हुआ है. नाम है Rajputana Stainless. कंपनी का IPO आज यानी सोमवार, 9 मार्च को खुला और 11 मार्च को बंद हो जाएगा. ग्रे मार्केट से लेकर सब्सक्रिप्शन के मोर्चे पर- आइए जानते हैं इश्यू ने कैसा प्रदर्शन किया.
कितना किया गया सब्सक्राइब?
बाजार का सेंटीमेंट ठीक नहीं चल रहा है, उसी का असर आईपीओ के सब्सक्रिप्शन स्टेटस में दिख रहा है. राजपुताना स्टेनलेस आईपीओ को पहले दिन मात्र 0.30 गुना ही सब्सक्राइब किया जा सका. यानी इश्यू पूरा नहीं भरा. कैटेगरी वाइज बात करें तो रिटेल से लेकर QIB तक, कोई भी कैटेगरी पूरी तरह से भरा नहीं है. रिटेल निवेशकों की कैटेगरी 0.04 गुना ही भर पाया है. वहीं, QIB की ओर से 0.99 गुना सब्सक्राइब किया गया है.
आईपीओ के बारे में
Rajputana Stainless IPO का इश्यू 9 मार्च को खुलकर बुधवार, 11 मार्च को बंद हो जाएगा. इश्यू के जरिये कंपनी 255 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें 179 करोड़ रुपये फ्रेश इश्यू और 76 करोड़ रुपये ऑफर फॉर सेल के जरिये जुटाए जाएंगे. इश्यू के लिए कंपनी ने 116 रुपये से 122 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है. आईपीओ के बाद कंपनी की लिस्टिंग BSE-NSE पर सोमवार, 16 मार्च को हो सकती है.
ग्रे मार्केट का हाल?
ग्रे मार्केट का हाल भी काफी सुस्त दिखाई दिया. दो दिन पहले तक इश्यू का जीएमपी शून्य रुपये पर ट्रेड कर रहा था लेकिन अभी इसमें बढ़ोतरी हुई है. मौजूदा समय में आईपीओ का GMP 2.5 रुपये पर कारोबार कर रहा है. यानी लिस्टिंग के साथ निवेशकों को प्रति शेयर 2.05 फीसदी या 2.5 रुपये और प्रति लॉट 275 रुपये का मुनाफा संभावित है. एक दिन पहले तक यानी रविवार, 8 मार्च को इश्यू का जीएमपी 2 रुपये पर था. हालांकि, ध्यान देने वाली बात है कि जीएमपी का आंकड़ा एक अनुमान होता है. इश्यू की लिस्टिंग तय भाव से ज्यादा, कम या फ्लैट भी हो सकती है.
कौन कितना लगा सकता है दांव?
इश्यू में दांव लगाने के लिए रिटेल निवेशकों को कम से कम 1 लॉट की खरीदारी करनी होगी जिसमें उन्हें 110 शेयर मिलेंगे. इसके लिए उन्हें 13,420 रुपये खर्च करनी पड़ेगी. इससे इतर, रिटेल निवेशक अधिकतम 14 लॉट के लिए दांव लगा सकते हैं जिसके लिए उन्हें 1,87,880 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं. वहीं, S-HNI कम से कम 15 और ज्यादा से ज्यादा 74 लॉट के लिए बोली लगा सकता है जिसके लिए उन्हें क्रमश: 2,01,300 रुपये और 9,93,080 रुपये खर्च करने पड़ेंगे.
ये भी पढ़ें- IPO की राह मे फ्लिपकार्ट ने पूरा किया एक और कदम, जानें- कब तक बाजार में लिस्ट हो सकती है कंपनी
डिसक्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.
