Temasek, SBI Life, HDFC MF जैसे दिग्गजों ने IPO से पहले ही इस ग्रीन एनर्जी कंपनी में झोंकी बड़ी रकम, 23 फरवरी को खुलेगा इश्यू
रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की एक बड़ी कंपनी ने शेयर बाजार में उतरने से पहले निवेशकों का भरोसा हासिल कर लिया है. पब्लिक इश्यू से पहले कंपनी ने संस्थागत निवेशकों से बड़ी रकम जुटाई है. यह संकेत देता है कि कंपनी की ग्रोथ और बिजनेस मॉडल को लेकर बाजार में सकारात्मक नजरिया बना हुआ है.
Upcoming IPO: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की बड़ी कंपनी CleanMax Enviro Energy Solutions ने शेयर बाजार में उतरने से पहले निवेशकों का भरोसा हासिल कर लिया है. कंपनी ने अपने IPO से पहले एंकर निवेशकों से 921 करोड़ रुपये जुटाए हैं. यह फंड रेजिंग ऐसे समय पर हुई है, जब CleanMax का पब्लिक इश्यू 23 फरवरी से खुलने जा रहा है. मजबूत एंकर भागीदारी को IPO के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
3100 करोड़ रुपये का IPO, 23 फरवरी से खुलेगा
CleanMax का IPO कुल 3,100 करोड़ रुपये का है, जो 23 फरवरी को खुलेगा और 25 फरवरी को बंद होगा. कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 1,000 से 1,053 रुपये प्रति शेयर तय किया है. अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 12,325 करोड़ रुपये बैठता है. इस IPO में 1,200 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 1,900 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है.
एंकर निवेशकों से 921 करोड़ रुपये जुटाए
CleanMax ने बताया कि उसने एंकर निवेशकों को 87,46,437 इक्विटी शेयर 1,053 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अलॉट किए हैं. इस एंकर राउंड में देशी और विदेशी दोनों तरह के बड़े संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया. इनमें Temasek Holdings, Nomura Asset Management, Eastspring, SBI Life, Tata Investment Corporation, HDFC Mutual Fund, ADIA, Franklin Templeton Mutual Fund, Premji Invest और 360 One Mutual Fund जैसे नाम शामिल हैं. कुल एंकर बुक में घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 68 प्रतिशत और विदेशी निवेशकों की 32 प्रतिशत रही.
फ्रेश इश्यू से मिलने वाले 1,200 करोड़ रुपये में से करीब 1,125 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में किया जाएगा. बाकी रकम सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए रखी जाएगी. IPO से पहले कंपनी 1,500 करोड़ रुपये पहले ही जुटा चुकी है. CleanMax की शेयर बाजार में लिस्टिंग 2 मार्च को होने की उम्मीद है.
पहले की योजना से छोटा हुआ IPO साइज
गौर करने वाली बात यह है कि CleanMax ने अपने IPO साइज को घटाया है. पहले कंपनी 5,200 करोड़ रुपये का IPO लाने की योजना में थी, जिसकी जानकारी अगस्त 2025 में दाखिल ड्राफ्ट पेपर्स में दी गई थी. ऑफर फॉर सेल के तहत कंपनी के फाउंडर कुलदीप प्रताप जैन और अन्य मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे.
कंपनी का कारोबार और फाइनेंशियल स्थिति
2010 में शुरू हुई CleanMax कमर्शियल और इंडस्ट्रियल ग्राहकों के लिए नेट-जीरो और डीकार्बनाइजेशन सॉल्यूशंस पर काम करती है. कंपनी के पास जुलाई 2025 तक 2.54 GW की ऑपरेशनल क्षमता और 2.53 GW की कॉन्ट्रैक्टेड क्षमता है. FY25 में कंपनी की आय बढ़कर 1,610 करोड़ रुपये हो गई और इस दौरान उसने 27.84 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो इसके कारोबार में सुधार का संकेत देता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
