GIFT सिटी के जरिए एडलवाइस का नया फंड लॉन्च, ग्रेटर चाइना में निवेश का मौका, जानें क्या हैं शर्तें
इंटरनेशनल इक्विटी में निवेश का एक नया विकल्प निवेशकों के सामने आया है. यह फंड एशियाई बाजारों की बड़ी कंपनियों पर फोकस करता है और विदेशी निवेश के इच्छुक निवेशकों के लिए खास तौर पर डिजाइन किया गया है. GIFT सिटी के जरिए पेश यह कदम ग्लोबल निवेश की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है.
Mutual Fund News in Hindi: एडलवाइस म्यूचुअल फंड ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश के इच्छुक निवेशकों के लिए एक नया विकल्प पेश किया है. फंड हाउस ने GIFT सिटी के जरिए Edelweiss Greater China Equity Fund लॉन्च करने का ऐलान किया है. यह फंड चीन और उससे जुड़े क्षेत्रों की बड़ी और मजबूत कंपनियों में निवेश का मौका देता है. एडलवाइस म्यूचुअल फंड की सीईओ राधिका गुप्ता ने कहा कि यह फंड घरेलू Edelweiss Greater China Fund के ही अंडरलाइंग पोर्टफोलियो से जुड़ा हुआ है और अब ऑनलाइन निवेश के लिए उपलब्ध है.
क्या है Edelweiss Greater China Equity Fund
यह एक ओपन-एंडेड रिटेल स्कीम है, जिसे IFSCA फंड मैनेजमेंट रेगुलेशन के तहत लॉन्च किया गया है. यह फंड एक फंड-ऑफ-फंड स्कीम है, जो अपने निवेश का बड़ा हिस्सा JPMorgan Funds – Greater China Fund में लगाएगा. यह अंडरलाइंग फंड मुख्य रूप से ग्रेटर चाइना क्षेत्र की कंपनियों में निवेश करता है, जिनका कारोबार चीन और उससे जुड़े देशों में फैला हुआ है.
इस फंड का मुख्य उद्देश्य लंबी अवधि में कैपिटल ग्रोथ हासिल करना है. स्कीम अपने कुल निवेश का 95 से 100 फीसदी हिस्सा अंडरलाइंग फंड में लगाएगी, जबकि 0 से 5 फीसदी कैश और कैश इक्विवेलेंट्स में रखा जाएगा. यह फंड उन कंपनियों पर फोकस करता है, जो अपने सेक्टर में मजबूत स्थिति रखती हैं और जिनकी ग्रोथ संभावनाएं बेहतर मानी जाती हैं.
खर्च, एग्जिट लोड और निवेश की शर्तें
फंड का ऑपरेटिंग एक्सपेंस 0.30 फीसदी प्रति वर्ष रखा गया है. 25 महीनों से पहले निवेश निकालने पर 1 फीसदी का एग्जिट लोड लगेगा. न्यूनतम निवेश राशि 5,000 अमेरिकी डॉलर तय की गई है. रिडेम्प्शन की रकम T+5 बिजनेस डेज में निवेशक को मिल जाएगी. इस फंड के इनवेस्टमेंट मैनेजर Edelweiss Asset Management Limited की IFSC ब्रांच होगी, जबकि कस्टोडियन की भूमिका Kotak Mahindra Bank निभाएगा.
यह फंड उन निवेशकों के लिए उपयुक्त है, जो ग्रेटर चाइना सेक्टर की क्वालिटी कंपनियों में निवेश करना चाहते हैं. इसमें रेजिडेंट निवेशक, फैमिली ऑफिस, संस्थान, NRI और विदेशी नागरिक निवेश कर सकते हैं. सभी निवेशकों के लिए PAN अनिवार्य है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-यूपी में अगले दो दिनों तक गर्म दिन, बिहार-असम में बना रहेगा कोहरा, जानें देश के अन्य शहरों का हाल
GIFT सिटी पर एडलवाइस का फोकस
एडलवाइस AMC ने अगस्त 2025 में GIFT सिटी में अपनी ब्रांच खोलने की घोषणा की थी. यह कदम कंपनी की ग्लोबल ग्रोथ रणनीति का हिस्सा है. GIFT सिटी में टैक्स बेनिफिट, आसान कंप्लायंस और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते विदेशी और घरेलू निवेशकों के लिए नए अवसर बन रहे हैं. नया फंड इसी दिशा में एडलवाइस का एक और अहम कदम माना जा रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




