HDFC Bank से Infosys और Airtel तक, ये हैं म्यूचुअल फंड्स के 13 पसंदीदा स्टॉक्स; 500 से ज्यादा MF का है निवेश
फरवरी 2026 के डेटा के मुताबिक ऐसे 13 बड़े शेयर हैं जिनमें 500 से ज्यादा म्यूचुअल फंड स्कीम्स का निवेश है. इस लिस्ट में HDFC Bank, ICICI Bank, Bharti Airtel, Reliance Industries और Infosys जैसे दिग्गज स्टॉक्स शामिल हैं, जो संस्थागत निवेशकों की पसंद बने हुए हैं. देखें पूरी लिस्ट कि किन कंपनी में कितनी है म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी और क्या है उनकी मौजूदा वैल्यूएशन.
Mutual Funds and Top 13 Favorite Stocks: शेयर बाजार में निवेश करते समय कई निवेशक यह जानने की कोशिश करते हैं कि बड़े संस्थागत निवेशक यानी म्यूचुअल फंड किन कंपनियों के शेयरों पर सबसे ज्यादा भरोसा जता रहे हैं. क्योंकि म्यूचुअल फंड्स आमतौर पर मजबूत फंडामेंटल और लंबे समय की ग्रोथ संभावनाओं वाली कंपनियों में निवेश करते हैं. हाल ही में सामने आए डेटा के अनुसार फरवरी 2026 में ऐसे 13 स्टॉक्स रहे जिनमें 500 से ज्यादा म्यूचुअल फंड स्कीम्स का निवेश है. इनमें बैंकिंग, आईटी, ऑटो, टेलीकॉम और फाइनेंस सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं. यह आंकड़े ACE MF के डेटा पर आधारित हैं और बताते हैं कि संस्थागत निवेशकों के पोर्टफोलियो में किन कंपनियों को सबसे ज्यादा जगह मिली हुई है.
कहां पर म्यूचुअल फंड्स का निवेश?
इन स्टॉक्स में HDFC Bank, ICICI Bank, Bharti Airtel, Reliance Industries, Infosys, SBI, Axis Bank, L&T, Maruti Suzuki, Mahindra & Mahindra, Kotak Mahindra Bank, Eternal और Bajaj Finance जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
HDFC Bank और ICICI Bank सबसे आगे
म्यूचुअल फंड्स के पसंदीदा शेयरों में HDFC Bank सबसे ऊपर है. फरवरी में यह शेयर करीब 743 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पोर्टफोलियो में शामिल था. म्यूचुअल फंड्स के पास इसके लगभग 359 करोड़ शेयर थे, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 3.19 लाख करोड़ रुपये के आसपास थी. इसके बाद ICICI Bank दूसरे स्थान पर रहा. यह स्टॉक करीब 732 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पास था. फंड्स के पास इसके करीब 193.80 करोड़ शेयर थे, जिनकी वैल्यू लगभग 2.67 लाख करोड़ रुपये आंकी गई.
Bharti Airtel भी फंड्स की पसंद
टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी Bharti Airtel भी म्यूचुअल फंड्स की टॉप पसंद में शामिल रही. फरवरी में करीब 678 म्यूचुअल फंड स्कीम्स ने इस स्टॉक में निवेश कर रखा था. म्यूचुअल फंड्स के पास कंपनी के करीब 65.51 करोड़ शेयर थे, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग 1.23 लाख करोड़ रुपये थी.
SBI और Reliance Industries में भी बड़ा निवेश
सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) में भी बड़ी संख्या में म्यूचुअल फंड्स ने निवेश किया हुआ है. फरवरी में करीब 674 स्कीम्स के पोर्टफोलियो में यह शेयर शामिल था. म्यूचुअल फंड्स के पास इसके लगभग 116 करोड़ शेयर थे, जिनकी वैल्यू करीब 1.40 लाख करोड़ रुपये थी. वहीं Reliance Industries (RIL) भी संस्थागत निवेशकों की पसंद बना हुआ है. करीब 652 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पास इस कंपनी के लगभग 127.56 करोड़ शेयर थे, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 1.77 लाख करोड़ रुपये आंकी गई.
Infosys में भी मजबूत होल्डिंग
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Infosys भी म्यूचुअल फंड्स के पोर्टफोलियो में बड़ी जगह रखती है. फरवरी में करीब 638 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पास यह शेयर था. इन स्कीम्स के पास लगभग 87.27 करोड़ शेयर थे, जिनकी कुल वैल्यू करीब 1.13 लाख करोड़ रुपये रही.
Axis Bank और L&T भी लिस्ट में
Axis Bank और Larsen & Toubro (L&T) भी इस सूची में शामिल हैं. Axis Bank में करीब 626 म्यूचुअल फंड स्कीम्स का निवेश है और इनके पास लगभग 99.47 करोड़ शेयर हैं. वहीं इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की बड़ी कंपनी L&T करीब 601 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पोर्टफोलियो में शामिल रही. फंड्स के पास इसके करीब 27.35 करोड़ शेयर मौजूद हैं.
Maruti Suzuki और Mahindra & Mahindra
ऑटो सेक्टर की दो बड़ी कंपनियां भी इस लिस्ट में शामिल हैं. Maruti Suzuki India करीब 595 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पोर्टफोलियो में मौजूद थी. म्यूचुअल फंड्स के पास इसके करीब 4.53 करोड़ शेयर थे, जिनकी बाजार कीमत लगभग 67,341 करोड़ रुपये थी. वहीं Mahindra & Mahindra करीब 588 स्कीम्स के पोर्टफोलियो में शामिल रही. फंड्स के पास इसके लगभग 20.57 करोड़ शेयर थे, जिनकी वैल्यू करीब 69,916 करोड़ रुपये रही.
Kotak Mahindra Bank, Eternal और Bajaj Finance
Kotak Mahindra Bank भी इस सूची में शामिल है. फरवरी में करीब 585 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पास इसके लगभग 225.24 करोड़ शेयर थे, जिनकी कुल वैल्यू करीब 93,522 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा Eternal में करीब 567 म्यूचुअल फंड स्कीम्स का निवेश था. फंड्स के पास इसके लगभग 272.76 करोड़ शेयर थे. वहीं Bajaj Finance करीब 517 म्यूचुअल फंड स्कीम्स के पोर्टफोलियो में शामिल रहा, जहां फंड्स के पास इसके करीब 53.65 करोड़ शेयर मौजूद थे.
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
आमतौर पर किसी स्टॉक में बड़ी संख्या में म्यूचुअल फंड स्कीम्स की मौजूदगी यह संकेत देती है कि संस्थागत निवेशक उस कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ संभावनाओं और मजबूत फंडामेंटल्स पर भरोसा कर रहे हैं. हालांकि निवेशकों को केवल म्यूचुअल फंड होल्डिंग के आधार पर निवेश का फैसला नहीं लेना चाहिए. किसी भी शेयर में निवेश से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, सेक्टर की स्थिति, वैल्यूएशन और अपने निवेश लक्ष्य को ध्यान में रखना जरूरी होता है.
ये भी पढ़ें- फरवरी में 63% MF ने बढ़ाई कैश होल्डिंग, ₹1.36 लाख करोड़ रहा कैश, जानें किस फंड हाउस के पास सबसे अधिक पैसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
