PPF पर लोन कैसे लें, जानिए नियम, ब्याज दर और चुकाने का तरीका

PPF खाते पर लोन एक आसान और कम ब्याज वाला विकल्प है जो जरूरत के समय मदद करता है. यह सुविधा खाते के तीसरे से छठे साल के बीच मिलती है. निवेशक अपने बैलेंस का 25 फीसदी तक लोन ले सकते हैं. समय पर चुकाने पर ब्याज सिर्फ 1 फीसदी रहता है, जबकि देरी होने पर यह बढ़ जाता है.

Loan Against PPF: पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF एक सुरक्षित और टैक्स फ्री निवेश विकल्प माना जाता है. इसमें निवेश करने पर न केवल अच्छा रिटर्न मिलता है बल्कि टैक्स छूट का भी फायदा मिलता है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि जरूरत पड़ने पर PPF खाते से लोन भी लिया जा सकता है. यह सुविधा खास तौर पर इमरजेंसी में काम आती है. PPF पर मिलने वाला लोन कम ब्याज दर पर मिलता है. आइए जानते हैं इसके नियम और पूरी प्रक्रिया.

PPF पर लोन क्या है और कैसे मिलता है

PPF पर लोन एक ऐसी सुविधा है जिसमें आप अपने खाते में जमा रकम के आधार पर उधार ले सकते हैं. यह सुविधा खाते के तीसरे से छठे साल के बीच मिलती है. इसके लिए आपको अपने बैंक या पोस्ट ऑफिस से Form D लेना होता है. इसमें जरूरी जानकारी भरकर जमा करनी होती है. पासबुक की कॉपी और अन्य डिटेल भी देना जरूरी होता है.

कौन ले सकता है PPF पर लोन

PPF खाते वाले सभी लोग इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं. लेकिन यह सुविधा उन्हीं को मिलती है जो समय से पहले पैसे नहीं निकाल सकते. खाता खुलने के तीसरे साल से लेकर छठे साल तक ही लोन लिया जा सकता है. यह एक शॉर्ट टर्म लोन होता है जिसे तय समय में चुकाना जरूरी होता है.

लोन की लिमिट कितनी होती है

PPF पर मिलने वाला लोन आपकी जमा राशि पर निर्भर करता है. आप अपने खाते के दूसरे साल के अंत में मौजूद बैलेंस का 25 फीसदी तक लोन ले सकते हैं. अगर आपने पहला लोन समय से पहले चुका दिया तो आप दूसरा लोन भी ले सकते हैं. यह नियम छठे साल तक लागू रहता है.

ये भी पढ़ें- टैक्सपेयर्स ध्यान दें! ITR डेडलाइन, PAN नियम और फॉर्म में बड़े बदलाव लागू, जानें क्या करें और क्या नहीं

ब्याज दर और शर्तें

PPF लोन पर ब्याज दर काफी कम होती है. अगर आप 36 महीने के अंदर लोन चुका देते हैं तो ब्याज दर करीब 1 फीसदी सालाना होती है. लेकिन अगर देर होती है तो यह बढ़कर 6 फीसदी हो जाती है. एक खास बात यह है कि लोन चुकाने के दौरान PPF खाते पर ब्याज नहीं मिलता है. इसलिए समय पर भुगतान करना जरूरी है.

लोन चुकाने का तरीका

PPF लोन को 36 महीने के अंदर चुकाना जरूरी होता है. पहले आपको मूल रकम यानी प्रिंसिपल चुकाना होता है. इसके बाद ब्याज को एक या दो किस्तों में जमा किया जा सकता है. अगर ब्याज का भुगतान नहीं किया जाता है तो यह रकम सीधे आपके PPF बैलेंस से काट ली जाती है. इसलिए समय पर भुगतान करना जरूरी है.