क्या आपके पास है CKYC नंबर? बैंक, म्यूचुअल फंड और बीमा में कैसे आता है काम, जानें पूरी डिटेल

CKYC नंबर 14 अंकों का एक यूनिक पहचान नंबर है, जो बैंक, म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियों और दूसरी वित्तीय संस्थानों में KYC प्रक्रिया को आसान बनाता है. एक बार KYC दर्ज होने के बाद बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ती. RBI भी लोगों को CKYC के प्रति जागरूक रहने की सलाह दे रहा है.

सीकेवाईसी

CKYC Number: क्या आपको अपना Central Know Your Customer (CKYC) Number पता है? यह 14 अंकों का एक यूनिक पहचान नंबर है, जो बैंक और दूसरे वित्तीय संस्थानों में खाता खोलने की प्रक्रिया को आसान, तेज और पारदर्शी बनाता है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) लगातार प्रेस विज्ञप्तियों और टेक्स्ट मैसेज के जरिए लोगों को CKYC नंबर की जानकारी देने और इसके महत्व को समझने के लिए जागरूक कर रहा है.

CKYC नंबर किसी व्यक्ति के KYC रिकॉर्ड से जुड़ा होता है, जिसे Central KYC Records Registry (CKYCR) में सुरक्षित रखा जाता है. एक बार KYC रिकॉर्ड रजिस्टर्ड हो जाने के बाद, ग्राहक की सहमति से जरूरत पड़ने पर विभिन्न वित्तीय संस्थान उसी रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे हर बार नई KYC प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं पड़ती.

क्यों जरूरी है CKYC नंबर?

CKYC व्यवस्था का मकसद ग्राहकों के लिए KYC प्रक्रिया को तेज, आसान और अधिक प्रभावी बनाना है. पहले किसी नए बैंक, ब्रोकरेज हाउस, म्यूचुअल फंड कंपनी, बीमा कंपनी या गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) में खाता या निवेश शुरू करने के लिए अलग-अलग KYC करानी पड़ती थी.

अब यदि किसी ग्राहक के पास CKYC नंबर है, तो संबंधित वित्तीय संस्थान केंद्रीय रजिस्ट्री से उसके KYC रिकॉर्ड प्राप्त कर सकते हैं. इससे बार-बार दस्तावेज जमा करने, दोबारा सत्यापन कराने और लंबी कागजी प्रक्रिया से राहत मिलती है. साथ ही वित्तीय सेवाओं और निवेश उत्पादों का लाभ लेना भी अधिक आसान हो जाता है.

CKYC नंबर की प्रमुख विशेषताएं

विशेषताजानकारी
CKYC नंबर14 अंकों का यूनिक पहचान नंबर
रिकॉर्ड का रखरखावCentral KYC Records Registry (CKYCR)
सबसे बड़ा फायदाबार-बार KYC दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं
कहां लागूबैंक, NBFC, म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियां और दूसरे विनियमित वित्तीय संस्थान

अपना CKYC नंबर कैसे पता करें?

RBI के अनुसार, CKYC नंबर जानने के कई तरीके हैं.

  • अपने बैंक या संबंधित वित्तीय संस्थान से संपर्क करके CKYC नंबर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
  • 7799022129 पर मिस्ड कॉल देकर भी अपना CKYC नंबर प्राप्त किया जा सकता है.
  • CKYC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी अपनी जानकारी देखी जा सकती है.

RBI ने क्या दी सलाह?

RBI ने लोगों से अपने CKYC स्टेटस के प्रति जागरूक रहने और वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की अपील की है. केंद्रीय बैंक अपने “RBI Kehta Hai, Jaankar Baniye, Satark Rahiye” अभियान के जरिए नागरिकों को CKYC के नियमों, इसके महत्व और सुरक्षित वित्तीय लेनदेन के बारे में लगातार जागरूक कर रहा है.

इसे भी पढ़ें- इस बैंकिंग स्टॉक में भयंकर बिकवाली, 14% तक टूटे शेयर, जानें अच्छे नतीजों के बाद भी क्यों घबराए निवेशक?