दिल्ली से गुरुग्राम और धारूहेड़ा तक दौड़ेगी Namo Bharat ट्रेन, 13 नए स्टेशन को मंजूरी, देखें लिस्ट
NCR के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली-गुरुग्राम-धारूहेड़ा Namo Bharat कॉरिडोर को हरियाणा सरकार की मंजूरी मिल गई है. पहले चरण में 13 स्टेशनों वाले इस हाई-स्पीड RRTS रूट का निर्माण किया जाएगा, जबकि जमीन अधिग्रहण को तेज करने के लिए सरकार ने सीधे समझौते के जरिए भूमि खरीदने का फैसला लिया है.
दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वालों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. हरियाणा सरकार ने नमो भारत ट्रेन (RRTS) के दो नए रूटों को अपनी मंजूरी दे दी है. पहला रूट दिल्ली से गुरुग्राम-रेवाड़ी होते हुए बहरोड़ (राजस्थान) तक जाएगा, और दूसरा रूट दिल्ली से सोनीपत-पानीपत होते हुए करनाल तक पहुंचेगा. इस हाई-स्पीड रैपिड रेल प्रोजेक्ट के रूट मैप फाइनल हो चुके हैं और ट्रैक बिछाने के लिए जमीन खरीदने की एक नई व बेहद आसान पॉलिसी भी मंजूर कर ली गई है. इसके बाद अब उम्मीद है कि जल्द ही जमीन पर काम शुरू हो जाएगा.
सीधे जमीन खरीदेगी सरकार, नहीं अटकेगा काम
अक्सर भारत में बड़े रेल प्रोजेक्ट्स जमीन अधिग्रहण के कानूनी पचड़ों और अदालती मामलों के कारण सालों साल लेट हो जाते हैं. इस समस्या से निपटने के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) के मैनेजिंग डायरेक्टर शलभ गोयल ने हरियाणा सरकार को एक चिट्ठी लिखी थी. उन्होंने बताया कि 2013 के पुराने भूमि कानूनों से प्रोजेक्ट में भारी देरी होगी.
इसका तोड़ निकालते हुए हरियाणा सरकार ने ‘डायरेक्ट लैंड परचेज पॉलिसी’ (सीधे जमीन खरीद नीति) को हरी झंडी दी है. इसके तहत सरकार बिना किसी कानूनी जबरदस्ती के, आपसी सहमति से सीधे किसानों और जमीन मालिकों से जमीन खरीदेगी और तुरंत नकद भुगतान करेगी. यही आसान फॉर्मूला ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो विस्तार में भी अपनाया गया था.
डील फाइनल करने के लिए बनी 10 सदस्यीय कमेटी
जमीन खरीदेने की प्रक्रिया में कोई सरकारी लेटलतीफी न हो, इसके लिए गुरुग्राम के जिला उपायुक्त (DC) की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल 10 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है. इस टीम में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL), गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA), नगर निगम, राजस्व विभाग और PWD के आला अफसर शामिल हैं. यह कमेटी सीधे जमीन मालिकों से मिलकर बाजार भाव पर रेट तय करेगी ताकि बिना किसी विवाद के काम शुरू हो सके.
पहले फेज में बनेंगे 13 स्टेशन
प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए इसे टुकड़ों में बनाया जाएगा. पहले फेज में नमो भारत ट्रेन दिल्ली से धारूहेड़ा (हरियाणा) तक चलाई जाएगी. इसके बाद दूसरे फेज में इसका विस्तार बहरोड़ (राजस्थान) तक होगा.
पहले फेज के लिए तय किए गए 13 स्टेशनों की सूची इस प्रकार है:
| दिल्ली के स्टेशन | गुरुग्राम और रेवाड़ी के स्टेशन |
|---|---|
| सराय काले खां | साइबर सिटी |
| जोरबाग | इफको चौक |
| मुनिरका | राजीव चौक |
| एरोसिटी | हीरो होंडा चौक |
| — | खेड़की दौला |
| — | मानेसर |
| — | पचगांव |
| — | बिलासपुर |
| — | धारूहेड़ा |
इस नए रैपिड रेल रूट के आने से इसके आस-पास के इलाकों में प्रॉपर्टी के दाम आसमान छूने वाले हैं. खासकर खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव और धारूहेड़ा जैसे इलाकों में रियल एस्टेट मार्केट को सबसे बड़ा फायदा होगा.
यह भी पढ़ें: जून में कार कंपनियों की मेगा सेल! Maruti Invicto पर ₹2.15 लाख और Creta-Nexon पर भारी डिस्काउंट
बढ़ने लगी है प्रीमियम सोसायटी की मांग
- सस्ता घर: कम बजट वाले लोगों के लिए धारूहेड़ा और पचगांव में प्लॉट या फ्लैट खरीदने का यह बिल्कुल सही समय है.
- किराए से बंपर कमाई: साइबर सिटी और इफको चौक के पास रेंटल इनकम तेजी से बढ़ेगी, क्योंकि नौकरीपेशा लोग दूर रहकर भी चंद मिनटों में नमो भारत से ऑफिस पहुंच सकेंगे.
- अगला कदम: केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलते ही ट्रैक निर्माण का काम शुरू हो जाएगा. दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के भारी ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए यह ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं होगी.
Latest Stories
वैश्विक संकट का असर भारत के हाईवे पर, FY27 में सुस्त रहेगा टोल कलेक्शन; अगले साल बढ़ सकती हैं दरें
दिल्ली- NCR से नेपाल का सफर होगा आसान, शामली- गोरखपुर एक्सप्रेसवे से आधा होगा यात्रा का समय, जानें डिटेल
नार्थ ईस्ट में तेजी से बढ़ रहा रियल एस्टेट मार्केट, ये 6 शहर बने नए हॉटस्पॉट; देखें लिस्ट
