म्यूचुअल फंड्स का इस कंपनी में बड़ा दांव! 4 तिमाहियों में 7.9% से बढ़कर 17.2% पहुंची हिस्सेदारी; एक महीने में 26% उछला शेयर

AAVAS Financiers Ltd में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 4 तिमाहियों में 7.9 फीसदी से बढ़कर 17.2 फीसदी पहुंच गई है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत दिख रहा है. कंपनी के शेयर ने एक महीने में 26 फीसदी रिटर्न दिया है. मजबूत Q3FY26 नतीजे, बढ़ता लोन डिस्बर्समेंट, 410 शाखाओं का नेटवर्क और FY27 ग्रोथ प्लान के चलते यह चर्चा में है.

शेयर मार्केट Image Credit: Tv9 Network

AAVAS Financiers Ltd: भारतीय शेयर बाजार में हाउसिंग फाइनेंस सेक्टर एक बार फिर निवेशकों के रडार पर है. इस सेक्टर की प्रमुख कंपनी AAVAS Financiers Ltd में म्यूचुअल फंड्स ने पिछले चार तिमाहियों में अपनी हिस्सेदारी तेजी से बढ़ाई है. मार्च 2025 में जहां म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 7.9 फीसदी थी, वहीं मार्च 2026 तक यह बढ़कर 17.2 फीसदी पहुंच गई. यह बढ़ोतरी संस्थागत निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाती है. कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, बढ़ते लोन डिस्बर्समेंट और विस्तार योजनाओं के चलते इस शेयर में तेजी का माहौल बना हुआ है.

4 तिमाहियों में दोगुनी से ज्यादा हुई हिस्सेदारी

ट्रेडब्रेन्स की रिपोर्ट के मुताबिक, AAVAS Financiers Ltd में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी लगातार बढ़ी है. मार्च 2025 में यह 7.9 फीसदी थी, जो जून 2025 में 8.4 फीसदी, सितंबर 2025 में 9.2 फीसदी, दिसंबर 2025 में 9.7 फीसदी और मार्च 2026 में सीधे 17.2 फीसदी पर पहुंच गई. यह संकेत देता है कि बड़े फंड हाउस इस कंपनी के भविष्य को लेकर काफी आशावादी हैं. आमतौर पर जब म्यूचुअल फंड्स किसी कंपनी में लगातार हिस्सेदारी बढ़ाते हैं, तो इसे सकारात्मक संकेत माना जाता है.

शेयर ने एक महीने में दिया 26 फीसदी रिटर्न

कंपनी का मार्केट कैप 11,188 करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर इंट्रा डे में 0.03 फीसदी की तेजी के साथ 1,412.70 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. बीते एक सप्ताह में इसके शेयर में 7.03 फीसदी की तेजी आई है. सबसे खास बात यह है कि इस शेयर ने सिर्फ एक महीने में करीब 26 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. इससे साफ है कि बाजार में इस स्टॉक को लेकर उत्साह बना हुआ है.

कंपनी के नतीजे भी रहे मजबूत

AAVAS Financiers Ltd का वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत रहा है. कंपनी की आय 597 करोड़ रुपये से बढ़कर 674 करोड़ रुपये हो गई, यानी करीब 12 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई. वहीं, शुद्ध मुनाफा 146 करोड़ रुपये से बढ़कर 170 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो लगभग 16 फीसदी की बढ़ोतरी है.

यह दिखाता है कि कंपनी की ऑपरेशनल एफिशिएंसी बेहतर हुई है और मार्जिन मजबूत बने हुए हैं. दिसंबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच ऑपरेटिंग/फाइनेंसिंग प्रॉफिट 196 करोड़ रुपये से बढ़कर 230 करोड़ रुपये हो गया. ऑपरेटिंग मार्जिन भी 33 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी पहुंच गया.

बिजनेस ग्रोथ और विस्तार पर फोकस

कंपनी ने Q3FY26 में 17.2 बिलियन रुपये का डिस्बर्समेंट किया, जो तिमाही आधार पर 10 फीसदी ज्यादा है. कंपनी का एयूएम 15 फीसदी बढ़कर 222 बिलियन रुपये पहुंच गया. AAVAS Financiers Ltd जनवरी 2026 तक 410 शाखाओं के नेटवर्क तक पहुंच चुकी है. कंपनी की योजना Q4FY26 में 20-25 नई शाखाएं और FY27 में करीब 50 नई शाखाएं खोलने की है. यह विस्तार खासतौर पर टियर-2 और टियर-3 शहरों में किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Paysimple Games IPO: मोबाइल गेमिंग कंपनी ला रही ₹3150 करोड़ का IPO, निवेशकों की नजरें टिकीं

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.