Amba Auto Sales का शेयर मार्केट में फ्लैट डेब्यू, NSE SME पर 134.50 रुपये पर लिस्टिंग; निवेशकों को नहीं मिला फायदा

Amba Auto Sales का शेयर बाजार में डेब्यू फ्लैट रहा और NSE SME पर यह 134.50 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो इसके IPO प्राइस 135 रुपये के करीब है. IPO को कुल 1.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला जिसमें संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी मजबूत रही जबकि रिटेल निवेश कमजोर रहा. कंपनी ने इस इश्यू से 65 करोड़ रुपये जुटाए हैं.

Amba Auto Sales का शेयर बाजार में डेब्यू फ्लैट रहा. Image Credit: money9live

Amba Auto Sales का शेयर मार्केट में डेब्यू काफी सामान्य रहा और निवेशकों को लिस्टिंग के दिन कोई खास फायदा नहीं मिला. कंपनी का शेयर NSE SME प्लेटफॉर्म पर 134.50 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो इसके IPO प्राइस 135 रुपये के करीब ही है. ग्रे मार्केट में भी इसका प्रीमियम 0 के आसपास बना हुआ था. ऐसे में लिस्टिंग पहले से ही फ्लैट रहने के संकेत मिल रहे थे. निवेशकों खासकर रिटेल कैटेगरी में भी इस IPO को लेकर सावधानी देखने को मिली.

IPO को मिला ठंडा रिस्पॉन्स

Amba Auto Sales का IPO 27 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच खुला था. इस इश्यू को कुल मिलाकर 1.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जो औसत स्तर का माना जाता है. इसमें संस्थागत निवेशकों ने ज्यादा दिलचस्पी दिखाई और उनका हिस्सा 1.75 गुना सब्सक्राइब हुआ. वहीं गैर संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 1.47 गुना भरा गया. लेकिन रिटेल निवेशकों की भागीदारी कमजोर रही और उनका हिस्सा केवल 0.70 गुना ही सब्सक्राइब हो सका.

IPO से जुटाए 65 करोड़ रुपये

कंपनी ने इस IPO के जरिए करीब 65.12 करोड़ रुपये जुटाए हैं. यह पूरा इश्यू फ्रेश इश्यू था जिसमें 48.24 लाख नए शेयर जारी किए गए. कंपनी इस रकम का उपयोग मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी. इसके अलावा कुछ राशि नए शोरूम खोलने और पुराने शोरूम को बेहतर बनाने में खर्च की जाएगी. करीब 43 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल के लिए और 6.3 करोड़ रुपये विस्तार के लिए रखे गए हैं.

ये भी पढ़ें- Tata Tech के शेयर में बंपर उछाल, लेकिन ब्रोकरेज ने दी Sell की सलाह; जानें- क्या हैं फैक्टर्स और टारगेट प्राइस

कंपनी का बिजनेस और ग्रोथ प्लान

Amba Auto Sales की स्थापना साल 2005 में हुई थी और यह Bajaj Auto और LG Electronics की अधिकृत डीलर है. कंपनी Amba Bajaj और Amba LG Best Shop ब्रांड के तहत काम करती है. इसके पास दोपहिया वाहन, थ्री व्हीलर, इलेक्ट्रिक स्कूटर और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा पोर्टफोलियो है. फिलहाल कंपनी बेंगलुरु में 29 शोरूम और सर्विस सेंटर चला रही है. फरवरी 2026 तक कंपनी के पास 254 स्थायी कर्मचारी थे, जो इसके तेजी से बढ़ते कारोबार को दिखाता है.