तेल संकट की आहट में भागा यह ऑयल स्टॉक, आज 11% चढ़ा, एक हफ्ते में 41% उछला; दांव लगानें से पहले देखें फंडामेंटल

वैश्विक ऑयल संकट की आशंकाओं के बीच तेल से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में हलचल बढ़ गई है. इसी माहौल में जिंदल ड्रिलिंग का शेयर एक हफ्ते में 41% से ज्यादा उछल गया और कई बड़े निवेशकों ने बल्क डील के जरिए इसमें दांव लगाया.

Jindal Drilling & Industries Ltd Rally Image Credit: AI Generated

Jindal Drilling & Industries Ltd Rally: दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और संभावित ऑयल सप्लाई संकट के बीच तेल से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में हलचल बढ़ गई है. इसी माहौल में Jindal Drilling & Industries Ltd का शेयर निवेशकों की रडार पर तेजी से चढ़ा है. बीते एक सप्ताह में इस कंपनी के शेयर में करीब 41.4 फीसदी का तेज उछाल देखने को मिला है. सोमवार के कारोबार में स्टॉक ने 664 रुपये का इंट्राडे हाई छू लिया, जो पिछले बंद भाव से लगभग 11 फीसदी ज्यादा है. बीते दिनों में जब व्यापक शेयर बाजार दबाव में है, इस कंपनी के शेयर की तेजी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है.

ऑयल संकट की आशंका से सेक्टर में बढ़ी हलचल

वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव, सप्लाई को लेकर अनिश्चितता और क्रूड ऑयल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण तेल से जुड़े कारोबारों पर निवेशकों की नजर बढ़ गई है. ऐसे समय में ऑफशोर ड्रिलिंग कंपनियों को भविष्य में ज्यादा काम मिलने की उम्मीद भी बनती है. यही वजह है कि तेल और गैस एक्सप्लोरेशन से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में अचानक खरीदारी देखने को मिल रही है.

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक स्तर पर ऑयल सप्लाई को लेकर दबाव बढ़ता है तो ड्रिलिंग और एक्सप्लोरेशन कंपनियों की मांग बढ़ सकती है, जिससे इस सेक्टर के शेयरों में तेजी बनी रह सकती है.

बल्क ट्रेड से बढ़ी बाजार में दिलचस्पी

स्टॉक में आई तेजी के पीछे संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी ने भी रिटेल निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है. एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के शेयरों में कई बल्क ट्रेड हुए हैं.

  • Microcurves Trading Pvt Ltd ने करीब 5,75,997 शेयर खरीदे, जिनका औसत भाव लगभग 594.9 रुपये रहा.
  • Junomoneta Finsol Pvt Ltd ने 11,25,772 शेयर करीब 596.1 रुपये के भाव पर खरीदे.
  • CLT Research Tech Pvt Ltd ने लगभग 4,47,162 शेयर खरीदे.
  • वहीं Patronus Tradetech LLP ने करीब 4,03,314 शेयर लगभग 593.5 रुपये के औसत भाव पर खरीदे.

इतनी बड़ी मात्रा में हुई खरीदारी से संकेत मिलता है कि कुछ बड़े निवेशक इस स्टॉक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं.

वित्तीय प्रदर्शन कैसा रहा

हालांकि कंपनी के हालिया वित्तीय नतीजे मिले-जुले रहे हैं. वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी की ऑपरेशन से आय 242 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले करीब 1 फीसदी ज्यादा है.

लेकिन मुनाफे के मोर्चे पर कंपनी को झटका लगा. तिमाही में कंपनी को करीब 33 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 66 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था.

घाटे की मुख्य वजह क्या रही

कंपनी के मुनाफे में गिरावट की बड़ी वजह अन्य आय में भारी गिरावट रही. इससे पहले कंपनी ने ONGC से जुड़े पुराने बकाया और ब्याज से मिलने वाली रकम को आय में जोड़ा था. लेकिन अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचने के कारण कंपनी को करीब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय को वापस समायोजित करना पड़ा.

इसके अलावा विदेशी मुद्रा उतार-चढ़ाव का असर भी पड़ा और कंपनी को करीब 4.75 करोड़ रुपये का फॉरेक्स नुकसान हुआ.

कंपनी का कारोबार क्या है

Jindal Drilling and Industries Ltd ऑफशोर ड्रिलिंग और तेल-गैस खोज से जुड़े काम करती है. कंपनी दिशा-निर्देशित ड्रिलिंग, मेजरमेंट व्हाइल ड्रिलिंग और मड लॉगिंग जैसी सेवाएं देती है. इसके पास कई ऑफशोर रिग्स हैं, जिनमें Jindal Explorer और Jindal Star जैसे जैक-अप रिग शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: Dixon, Suzlon समेत ये 7 मिडकैप शेयर 45% से ज्यादा लुढ़के, FIIs ने खरीदी है 22% तक हिस्सेदारी, म्यूचुअल फंड्स का भी तगड़ा दांव

हालांकि स्टॉक में हालिया तेजी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है, लेकिन कंपनी के वित्तीय आंकड़े बताते हैं कि जोखिम भी मौजूद है. इसलिए बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ तेजी देखकर निवेश करने के बजाय निवेशकों को कंपनी के बिजनेस और वित्तीय स्थिति को समझकर ही फैसला लेना चाहिए.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.