इस सेक्टर में भयानक सेलिंग का प्रेशर! टूट रहे ये शेयर, क्या आज भी आएगी बिकवाली की आंधी?
AI से होने वाली संभावित डिसरप्शन, कमजोर कमाई का आउटलुक और ग्लोबल टेक सेक्टर में अनिश्चितता ने भारतीय IT ADRs पर दबाव बना दिया है. इसका असर आने वाले कारोबारी सत्र में घरेलू बाजारों में भी देखने को मिल सकता है. निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि कंपनियां AI के बदलते माहौल में अपने बिजनेस मॉडल को कैसे ढालती हैं.
IT स्टॉक्स में लगातार दबाव का दौर देखने को मिल रहा है. अमेरिकी बाजारों में लिस्टेड भारतीय आईटी कंपनियों पर AI को लेकर डर का असर दूसरे दिन भी दिखा. बुधवार को Infosys Ltd. और Wipro Ltd. के ADRs में भारी बिकवाली देखने को मिली. नए AI टूल्स से कारोबार पर पड़ने वाले असर को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ती नजर आई. न्यूयॉर्क ट्रेडिंग के दौरान सुबह करीब साढ़े नौ बजे Infosys ADR चार प्रतिशत से ज्यादा टूट गया, जबकि Wipro ADR में करीब एक प्रतिशत की कमजोरी देखने को मिली. अब देखना होगा कि क्या कल 4 फरवरी की तरह ये शेयर आज भी टूटते हैं या नहीं?
क्या है गिरावट की असली वजह ?
मंगलवार को Anthropic ने Claude Cowork नाम का नया AI ऑटोमेशन टूल लॉन्च किया, जिसमें ग्यारह प्लग इन शामिल हैं. ये प्लग इन लीगल, सेल्स, मार्केटिंग और डेटा एनालिसिस जैसे काम अपने आप करने में सक्षम बताए जा रहे हैं. खासतौर पर लीगल वर्क से जुड़ा प्लग इन चर्चा में रहा, जो कॉन्ट्रैक्ट रिव्यू और लीगल ब्रीफिंग जैसे काम ऑटोमेट करने का दावा करता है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि AI के सभी आउटपुट को लाइसेंस प्राप्त वकीलों द्वारा जांचना जरूरी होगा.
Claude Cowork को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह बिना ज्यादा तकनीकी निर्देशों के रिपोर्ट बनाना, फाइलें मैनेज करना जैसे काम खुद कर सके. इसी वजह से निवेशकों को डर है कि इससे सॉफ्टवेयर और प्रोफेशनल सर्विस कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर दबाव आ सकता है.
पहले से दबाव में थे IT शेयर
AI से जुड़ी यह बिकवाली ऐसे समय आई है जब भारतीय IT शेयर पहले से ही दबाव में हैं. Wipro के शेयर भारत में पहले ही करीब 7 प्रतिशत टूट चुके हैं, क्योंकि कंपनी ने Q3 FY26 के लिए कमजोर गाइडेंस दी थी और डील फ्लो में सुस्ती की बात कही थी. वहीं Infosys के नतीजे भी ग्लोबल निवेशकों को खास पसंद नहीं आए थे, जिससे ADRs पर पहले से दबाव बना हुआ था.
भारतीय IT शेयरों पर ADRs का असर
अमेरिकी बाजारों में गिरावट का सीधा असर भारतीय IT कंपनियों के ADRs पर पड़ा. ADRs के जरिए विदेशी बाजारों में लिस्टेड भारतीय कंपनियों के शेयरों में ट्रेड होता है और भारत में निवेशक इन्हें बारीकी से देखते हैं, क्योंकि अमेरिकी बाजार भारत के बंद रहने के दौरान ट्रेड करते हैं. कारोबार के दौरान Infosys ADR करीब 5.5 प्रतिशत तक टूटकर सत्र के निचले स्तर तक गया, जबकि Wipro ADR में भी करीब 5 प्रतिशत की गिरावट देखी गई.
अमेरिकी टेक शेयरों में भी कमजोरी
AI को लेकर बढ़ी चिंता का असर अमेरिकी टेक शेयरों पर भी पड़ा. Nvidia के शेयर करीब एक प्रतिशत गिरे. रिपोर्ट्स के मुताबिक OpenAI और Nvidia के बीच रिश्तों में कुछ ठंडापन आया है. कहा जा रहा है कि OpenAI, Nvidia के नए AI चिप्स से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है, जिससे बड़ी निवेश योजना पर भी असर पड़ा है.
इसे भी पढ़ें- भारत से लेकर अमेरिका तक मचा हाहाकार! भयंकर टूटे IT शेयर, जानें क्यों बिगड़ा सेंटीमेंट?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




