बांग्लादेश -USA ट्रेड डील से भारतीय टेक्सटाइल शेयरों में गिरावट,क्या भारतीय टेक्सटाइल कंपनियों के लिए बढ़ी मुश्किलें, जानें पूरा असर

बांग्लादेश और अमेरिका के बीच हुए नए ट्रेड एग्रीमेंट के बाद भारतीय टेक्सटाइल शेयरों में गिरावट आई. समझौते के तहत बांग्लादेश को 19 प्रतिशत टैरिफ और कुछ उत्पादों पर छूट मिली है. अमेरिकी कपास या मैन मेड फाइबर के उपयोग पर जीरो टैरिफ का प्रावधान निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है.

भारतीय टेक्सटाइल शेयरों में गिरावट आई. Image Credit: Getty image

Textile Stocks Fall: बांग्लादेश और अमेरिका के बीच हुए नए ट्रेड एग्रीमेंट का असर भारतीय टेक्सटाइल शेयरों पर दिखने लगा है. बुधवार को गोकलदास एक्सपोर्ट्स, पर्ल ग्लोबल, किटेक्स गारमेंट्स, अरविंद फैशंस और केपीआर मिल जैसे शेयरों में 6 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई. यह लगातार दूसरे दिन की गिरावट रही. निवेशकों को डर है कि कम टैरिफ के कारण बांग्लादेश को अमेरिकी बाजार में बढ़त मिल सकती है. हालांकि कुछ ब्रोकरेज हाउस ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है. उनका मानना है कि इससे कंपटीशन का स्ट्रक्चर बहुत ज्यादा नहीं बदलेगा.

बांग्लादेश और अमेरिका के बीच समझौता

नए समझौते के तहत बांग्लादेश को अमेरिकी बाजार में 19 फीसदी टैरिफ का लाभ मिला है. इसके अलावा कुछ खास टेक्सटाइल और गारमेंट प्रोडक्ट को छूट भी दी गई है. खास बात यह है कि अगर बांग्लादेश में बने उत्पादों में अमेरिकी कपास या मैन मेड फाइबर का उपयोग किया जाता है तो उन पर जीरो टैरिफ लगाया जाएगा. इससे बांग्लादेश के निर्यातकों को सीधा फायदा मिल सकता है. इस खबर के बाद भारतीय कंपनियों के शेयर दबाव में आ गए.

शेयरों में क्यों आई गिरावट

निवेशकों को आशंका है कि कम टैरिफ से बांग्लादेश की लागत घटेगी और वह अमेरिकी बाजार में ज्यादा कंपटीशन हो जाएगा. इससे भारतीय टेक्सटाइल कंपनियों के ऑर्डर प्रभावित हो सकते हैं. लगातार दो सत्रों में शेयरों में गिरावट देखी गई. बाजार को यह भी चिंता है कि अगर जीरो ड्यूटी का लाभ ज्यादा प्रोडक्ट को मिल गया तो भारतीय निर्यातकों पर दबाव बढ़ सकता है.

भारत को भी मिलती है भी राहत

जानकारों का कहना है कि भारत को भी अमेरिकी कपास के उपयोग पर टैरिफ में राहत मिलती है. यदि किसी 10 डॉलर के उत्पाद में 2 डॉलर की अमेरिकी कपास इस्तेमाल की जाती है तो टैरिफ केवल बाकी 8 डॉलर पर लगता है. जैसे जैसे अमेरिकी कपास का उपयोग बढ़ता है, ड्यूटी का बोझ कम होता जाता है.

ये भी पढ़ें- आयशर मोटर्स पर ब्रोकरेज बुलिश, Jefferies और Citi रिसर्च ने दी Buy रेटिंग; 8800 रुपये तक का दिया टारगेट

भारत और बांग्लादेश की तुलना

अमेरिका ने बांग्लादेश पर कुल टैरिफ दर 19 फीसदी तय की है, जो भारत की 18 फीसदी दर से थोड़ी ज्यादा है. दोनों देशों ने संयुक्त बयान में कहा है कि यह समझौता आपसी व्यापार को बढ़ाएगा. साथ ही बांग्लादेश कुछ गैर टैरिफ बाधाओं को भी कम करेगा. ऐसे में आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि भारतीय कंपनियां अपनी रणनीति कैसे तय करती हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.