Gold-Silver Rate Today 11-02-2026: चांदी की गिरावट पर ब्रेक, एक दिन में ₹4000 महंगी; सोना भी उछला
Gold-Silver Rate Today 11-02-2026 Latest News Updates: दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना-चांदी की कीमतों में मजबूत तेजी दर्ज की गई. चांदी 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो पहुंची, जबकि सोना 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. फेडरल रिजर्व की संभावित रेट कट, कमजोर डॉलर और बढ़ते जियो पॉलिटिकल टेंशन ने कीमती धातुओं को सहारा दिया,
Sona Chandi Bhav: राजधानी दिल्ली में बुधवार, 11 फरवरी को सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली. मजबूत वैश्विक संकेतों और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते चांदी की कीमत में बड़ी छलांग लगी, जबकि सोना भी मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी 4,000 रुपये उछलकर 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पहुंच गई. पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,64,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. यानी एक दिन में करीब 1.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.
सोने में भी आई तेजी
इससे इतर, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये महंगा होकर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले यह 1,60,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. यानी सोने में करीब 0.4 फीसदी की बढ़त देखी गई.
क्यों आई कीमती धातुओं में तेजी?
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में संभावित आक्रामक कटौती की उम्मीदें हैं. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि अमेरिका से आए कमजोर आर्थिक आंकड़ों, खासकर दिसंबर की रिटेल सेल्स अनुमान से कम रहने के बाद बाजार में यह धारणा मजबूत हुई है कि फेड इस साल तीन बार ब्याज दरों में कटौती कर सकता है. कम ब्याज दरों का माहौल सोना-चांदी जैसे बिना ब्याज वाले धातुओं के लिए अनुकूल माना जाता है.
ग्लोबल मार्केट में भी उछले भाव
वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं में जोरदार तेजी रही. स्पॉट सिल्वर करीब 6 फीसदी उछलकर 85.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 1 फीसदी से अधिक बढ़कर 5,078.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा.
क्या है एक्सपर्ट की राय?
मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह के अनुसार, कमजोर अमेरिकी डॉलर और जनवरी के नॉनफार्म पेरोल्स डेटा के इंतजार ने भी सोने की कीमतों को सहारा दिया है. इन आंकड़ों के जारी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और बढ़ सकता है. इसके अलावा जियो पॉलिटिकल टेंशन भी कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन दे रहे हैं. खबरों के मुताबिक, अमेरिका ईरान से जुड़े कच्चे तेल के टैंकरों को रोकने पर विचार कर रहा है और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत विफल होने की स्थिति में अतिरिक्त नौसैनिक तैनाती कर सकता है. ऐसी परिस्थितियों में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर सोना-चांदी की ओर रुख करते हैं.
ये भी पढ़ें- Lenskart Q3 Results: लेंसकार्ट का मुनाफा 6983 फीसदी उछला, रेवेन्यू हुआ 2308 करोड़
Latest Stories
नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 9.4% बढ़कर 19.43 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा, जानें- कॉरपोरेट Tax का आंकड़ा
Ircon International Q3 Results: नेट प्रॉफिट में 16% की बढ़ोतरी, निवेशकों को मिलेगा इतने रुपये का अंतरिम डिविडेंड
Lenskart Q3 Results: लेंसकार्ट का मुनाफा 6983 फीसदी उछला, रेवेन्यू हुआ 2308 करोड़
