1 शेयर बनेगा 5! इस इंफ्रा कंपनी ने किया स्टॉक स्प्लिट का ऐलान; नोट कर लें रिकॉर्ड डेट

माइक्रो-कैप वाली इस इंफ्रा कंपनी ने Q3FY26 में शानदार ग्रोथ दर्ज की है. रेवेन्यू और मुनाफे में जोरदार उछाल के बीच कंपनी ने 1:5 स्टॉक स्प्लिट की रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है, जिसके बाद शेयर निवेशकों के रडार पर आ गया है. जानें डिटेल में सबकुछ.

Mobavenue Ai Tech stock split Image Credit: @Money9live

PVV Infra Stock Split and Q3 Result: इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की माइक्रो-कैप कंपनी PVV Infra Ltd के शेयर इन दिनों चर्चा में हैं. कंपनी ने हाल ही में अपने तिमाही नतीजे जारी किए हैं और साथ ही स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी देते हुए रिकॉर्ड डेट भी तय की है. इन खबरों के बाद शेयर में हलचल देखने को मिली. करीब 113 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी का शेयर दिन के कारोबार में लगभग 2.8 फीसदी चढ़कर 5.42 रुपये के इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया. हालांकि, बंद होने तक स्टॉक 0.76 फीसदी चढ़कर 5.31 रुपये पर बंद हुआ.

तिमाही नतीजों में जबरदस्त उछाल

कंपनी के वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) के नतीजे काफी मजबूत रहे हैं. रेवेन्यू (ऑपरेशंस से आय) साल-दर-साल आधार पर 97 फीसदी बढ़कर 8.25 करोड़ रुपये से 16.24 करोड़ रुपये हो गया. तिमाही-दर-तिमाही आधार पर भी आय में 49 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो Q2FY26 के 10.93 करोड़ रुपये से बढ़कर 16.24 करोड़ रुपये हो गई. मुनाफे के मोर्चे पर कंपनी ने और भी बेहतर प्रदर्शन किया. नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 0.12 करोड़ रुपये से बढ़कर 4.21 करोड़ रुपये हो गया, जो करीब 3408 फीसदी की भारी बढ़त है. तिमाही आधार पर भी मुनाफा 2.11 करोड़ रुपये से दोगुना होकर 4.21 करोड़ रुपये पहुंच गया. प्रति शेयर आय (EPS) 0.10 रुपये से बढ़कर 0.20 रुपये हो गई.

स्टॉक स्प्लिट की घोषणा

कंपनी ने शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन 27 मार्च 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. इस दिन जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें स्टॉक स्प्लिट का लाभ मिलेगा. प्रस्ताव के अनुसार, 5 रुपये फेस वैल्यू का 1 शेयर अब 1 रुपये फेस वैल्यू के 5 शेयरों में विभाजित किया जाएगा. यानी 1:5 के रेशियो में शेयरों का बंटवारा होगा. आम तौर पर स्टॉक स्प्लिट से शेयर की कीमत छोटी हो जाती है, जिससे छोटे निवेशकों की भागीदारी बढ़ सकती है और लिक्विडिटी में सुधार होता है.

फाइनेंशियल मजबूती कैसी है?

कंपनी की पूंजी उपयोग क्षमता संतुलित नजर आती है. ROCE (रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड) 12.9 फीसदी है. वहीं, ROE (रिटर्न ऑन इक्विटी) 9.99 फीसदी दर्ज किया गया है. हालांकि ये आंकड़े बहुत ऊंचे नहीं हैं, लेकिन स्थिर प्रदर्शन को दर्शाते हैं. सबसे सकारात्मक बात यह है कि कंपनी का डेब्ट-टू-इक्विटी रेश्यो सिर्फ 0.10 है, जो बेहद कम है. इसका मतलब है कि कंपनी पर कर्ज का बोझ बहुत कम है और वित्तीय जोखिम भी सीमित है.

वैल्यूएशन और ग्रोथ

वैल्यूएशन के लिहाज से कंपनी का P/E रेश्यो 14.9 है, जो इंडस्ट्री के औसत 16.5 से थोड़ा कम है. इससे संकेत मिलता है कि शेयर अपने सेक्टर के मुकाबले हल्का सस्ता हो सकता है. इसके अलावा, PEG रेश्यो 0.29 है, जो दर्शाता है कि कंपनी की मजबूत कमाई वृद्धि के मुकाबले शेयर की कीमत ज्यादा नहीं है. पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने लगभग 119 फीसदी का प्रॉफिट CAGR दर्ज किया है, जो इसकी तेज ग्रोथ को दर्शाता है.

कंपनी क्या काम करती है?

PVV Infra Ltd बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में विशेषज्ञता रखती है. कंपनी बहुमंजिला आवासीय और कमर्शियल बिल्डिंग्स, सड़कें, पुल, एयरफील्ड और रिन्यूएबल एनर्जी (सोलर और विंड) प्रोजेक्ट्स पर काम करती है. इसके अलावा, कंपनी अपनी सहायक इकाइयों के जरिए सोलर पावर प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय है. इसके प्रमुख क्लाइंट्स में L&T, NCC, NTPC, NCL, NPCC, Coal India और IRCON जैसी बड़ी कंपनियां और सरकारी संस्थाएं शामिल हैं. यह दर्शाता है कि कंपनी जटिल और बड़े प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता रखती है.

ये भी पढ़ें- आयशर मोटर्स पर ब्रोकरेज बुलिश, Jefferies और Citi रिसर्च ने दी Buy रेटिंग; 8800 रुपये तक का दिया टारगेट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.