BSE कंपनियों का मार्केट कैप फिर पहुंचा 5 ट्रिलियन डॉलर के पार, 4 दिनों में 6% की बढ़ोतरी
अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के बाद भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली है. BSE में लिस्टेड कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन एक बार फिर 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है. पिछले चार कारोबारी सत्रों में मार्केट कैप में 6% से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
BSE Market Cap: अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते का असर वैश्विक वित्तीय बाजारों के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है. निवेशकों की रिस्क संबंधी चिंताओं में कमी आने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते भारतीय बाजारों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई. इसी के साथ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लिस्टेड सभी कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन एक बार फिर 5 ट्रिलियन डॉलर के स्तर को पार कर गया है. यह स्तर आखिरी बार 8 मई 2026 को देखा गया था.
6 फीसदी बढ़ा मार्केट कैप
पिछले चार कारोबारी सत्रों के दौरान भारतीय शेयर बाजार में मजबूत खरीदारी देखने को मिली है. इस अवधि में BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप में 6 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, अप्रैल 2026 की शुरुआत से अब तक कुल मार्केट वैल्यू करीब 14 प्रतिशत बढ़ चुकी है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिसका सीधा फायदा भारतीय बाजारों को मिला है.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
भारत दुनिया के सबसे बड़े कच्चा तेल आयातक देशों में से एक है. ऐसे में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर देश की महंगाई, व्यापार घाटे और आर्थिक विकास पर पड़ता है. अमेरिका-ईरान समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में नरमी आई है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है. इसके अलावा, India VIX में भी गिरावट दर्ज की गई है. इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों के बीच रिस्क सेंटिमेंट कमजोर हुआ है और बाजार में सकारात्मक माहौल बना है.
मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों ने दिखाई ताकत
हालिया तेजी में केवल बड़ी कंपनियों के शेयर ही नहीं, बल्कि मिड कैप, स्मॉल कैप और माइक्रो कैप शेयरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. अप्रैल की शुरुआत से अब तक Sensex में करीब 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, BSE MidCap 150 Index में 16 प्रतिशत, BSE SmallCap 250 Index में 23 प्रतिशत और BSE Microcap 250 Index में 26 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है.
रिकॉर्ड स्तर से अब भी नीचे है बाजार
हालांकि, हालिया तेजी के बावजूद भारतीय बाजार अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे बना हुआ है. सितंबर 2024 में BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5.7 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. मौजूदा स्तर उससे करीब 13 प्रतिशत कम है. वहीं, वर्ष 2026 की शुरुआत की तुलना में कुल मार्केट कैप अभी भी लगभग 5.5 प्रतिशत नीचे है.
यह भी पढ़ें: Vedanta के डीमर्जर के बाद इस कंपनी में लगा अपर सर्किट, दो दिन की गिरावट के बाद शेयर ने पकड़ी रफ्तार
Latest Stories
1 साल में 279% रिटर्न, बिक्री हुई 3 गुना; इस लॉजिस्टिक्स शेयर पर विजय केडिया ने लगाया दांव
5% तक डिविडेंड यील्ड, मजबूत बिजनेस और सस्ती वैल्यूएशन; क्या आपने देखे ये 4 शेयर?
Closing Bell: चौथे दिन भी तेजी बरकरार, सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद; मेटल, PSU बैंक और कैपिटल गुड्स के शेयर चमके
