बुलियन मार्केट में तेजी बरकरार, गोल्ड और सिल्वर ETF में 10 फीसदी तक उछाल; जानें किसमें आई सबसे ज्यादा तेजी
बुलियन मार्केट में जारी तेजी ने निवेशकों का ध्यान एक बार फिर गोल्ड और सिल्वर ETF की ओर खींच लिया है. लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई, जिसका सीधा असर कमोडिटी आधारित ETF पर देखने को मिला. जियोपॉलिटिकल टेंशन, डॉलर में कमजोरी और सेफ हेवन एसेट्स की बढ़ती मांग ने इस तेजी को सपोर्ट दिया है.
Gold-Silver ETF jump: बुलियन मार्केट में तेजी का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है. बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली, जिसका सीधा असर गोल्ड और सिल्वर ETF पर पड़ा. कमोडिटी आधारित ETF में इस दौरान 10 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई.
क्यों तेज हुए सोना और चांदी के दाम
बाजार में आई इस तेजी के पीछे कई अहम वजहें हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते जियोपॉलिटिकल टेंशन के चलते सेफ हेवन एसेट्स की मांग बढ़ी है. अमेरिकी सेना द्वारा एक ईरानी ड्रोन को मार गिराने की खबर के बाद ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता का माहौल बना, जिसका फायदा सोना और चांदी को मिला.
सिल्वर ETF में सबसे ज्यादा उछाल
सिल्वर ETF में बुधवार को सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली. Edelweiss Silver ETF में 10.99 फीसदी, Kotak Silver ETF में 10.76 फीसदी, Mirae Asset Silver ETF में 8.13 फीसदी, Zerodha Silver ETF में 6.36 फीसदी और Tata Silver ETF में 7.78 फीसदी तक का उछाल दर्ज किया गया. चांदी की कीमतों में तेज मूवमेंट का सीधा असर इन फंड्स के रिटर्न पर दिखाई दिया, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ गई.
गोल्ड ETF भी नहीं रहे पीछे
गोल्ड ETF में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली. The Wealth Company Gold ETF में करीब 6 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. वहीं Kotak Gold ETF, Mirae Asset Gold ETF और Bandhan Gold ETF में 3 से 4 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली. कैटेगरी में एसेट्स अंडर मैनेजमेंट के लिहाज से सबसे बड़ा फंड Nippon India Gold ETF भी 3.51 फीसदी चढ़कर 132 रुपये के दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया.
फ्यूचर्स मार्केट से मिला सपोर्ट
डेरिवेटिव्स मार्केट में भी बुलियन की मजबूती साफ नजर आई. MCX पर 5 मार्च 2026 की डिलीवरी वाली सिल्वर futures करीब 4 फीसदी उछलकर रुपये 2,78,663 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. वहीं 2 अप्रैल 2026 की डिलीवरी वाला गोल्ड futures 3 फीसदी बढ़कर रुपये 1,58,420 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ.
इंटरनेशनल मार्केट में भी रिकॉर्ड
इंटरनेशनल मार्केट में भी बुलियन ने दमदार प्रदर्शन किया है. spot gold 2.2 फीसदी चढ़कर 5,044.74 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि हाल ही में यह 5,594.82 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर को छू चुका है. वहीं spot silver 2.1 फीसदी बढ़कर 86.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची, जबकि इसका all time high 121.64 डॉलर प्रति औंस रहा है. डॉलर में कमजोरी ने भी बुलियन की कीमतों को सपोर्ट दिया है.
यह भी पढ़ें: एनालिस्ट ने कहा– 5 फरवरी को खरीदें ये 3 स्टॉक, एक हफ्ते में मिल सकता है बढ़िया मुनाफा, जानें टारगेट और SL लेवल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




