सिगरेट कंपनियों के शेयर 11% तक उछले, टैक्स बढ़ने के बावजूद निवेशकों का भरोसा बरकरार; जानें तेजी की वजह
शुक्रवार, 6 फरवरी को शेयर बाजार में सिगरेट कंपनियों के शेयरों ने जोरदार तेजी दिखाई. सरकार की ओर से सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स पर एक्साइज ड्यूटी और GST बढ़ाए जाने के बावजूद निवेशकों ने मजबूत तिमाही नतीजों और प्राइसिंग पावर के भरोसे जमकर खरीदारी की. गॉडफ्रे फिलिप्स के शेयर 11 फीसदी से ज्यादा चढ़े, जबकि ITC में करीब 5 फीसदी की तेजी देखने को मिली.
Cigarette Stocks Surges: शुक्रवार, 6 फरवरी को शेयर बाजार में सिगरेट कंपनियों के स्टॉक्स ने जबरदस्त तेजी दिखाई. जहां एक ओर सरकार ने सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स पर टैक्स का बोझ बढ़ाया है, वहीं दूसरी ओर निवेशकों ने इन कंपनियों के मजबूत नतीजों और प्राइसिंग पावर पर भरोसा जताते हुए जमकर खरीदारी की. इस तेजी का सबसे बड़ा फायदा गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया और ITC लिमिटेड को मिला. गॉडफ्रे फिलिप्स के शेयरों में जहां 11 फीसदी से अधिक की छलांग देखने को मिली, वहीं ITC का स्टॉक भी करीब 5 फीसदी चढ़कर ट्रेड करता नजर आया.
एक्साइज ड्यूटी बढ़ी, फिर भी बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट
दिसंबर में संसद की ओर से सेंट्रल एक्साइज (संशोधन) बिल, 2025 को मंजूरी दिए जाने के बाद सिगरेट और दूसरे तंबाकू प्रोडक्ट्स पर टैक्स बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया था. अब वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 1 फरवरी से सिगरेट पर 40 फीसदी GST के साथ-साथ एक्साइज ड्यूटी भी लागू कर दी गई है. सरकार ने सिगरेट की लंबाई के आधार पर प्रति 1,000 सिगरेट पर 2,050 रुपये से लेकर 8,500 रुपये तक एक्साइज ड्यूटी तय की है. आमतौर पर टैक्स बढ़ने से इन कंपनियों पर दबाव बनता है, लेकिन इस बार बाजार की प्रतिक्रिया इसके उलट रही. इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण तिमाही नतीजा है.
गॉडफ्रे फिलिप्स के मजबूत नतीजों ने भरी बाजार में जान
गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड ने शुक्रवार को जानकारी दी कि FY26 की दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 8.7 फीसदी बढ़कर 343.29 करोड़ रुपये हो गया है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 315.84 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. ऑपरेशनल परफॉर्मेंस भी शानदार रही
- ऑपरेशंस से रेवेन्यू: 15.68 फीसदी की बढ़त के साथ 2,189.93 करोड़ रुपये
- पिछले साल इसी तिमाही में: 1,893.08 करोड़ रुपये
हालांकि, बढ़ते इनपुट कॉस्ट और अन्य खर्चों के चलते कंपनी का कुल खर्च 18 फीसदी बढ़कर 1,843.96 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इसके बावजूद, कुल इनकम (अन्य आय सहित) में 15.2 फीसदी की बढ़ोतरी होकर 2,234.51 करोड़ रुपये दर्ज की गई.
मजबूत ब्रांड पोर्टफोलियो बना ताकत
गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के पास सिगरेट सेगमेंट में कई लोकप्रिय ब्रांड्स हैं, जिनमें- फोर स्क्वायर, रेड एंड व्हाइट, कैवेंडर्स, टिपर और नॉर्थ पोल शामिल हैं. इसके अलावा, कंपनी फिलिप मॉरिस इंटरनेशनल के साथ लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत भारत में मार्लबोरो सिगरेट्स का निर्माण और डिस्ट्रिब्यूशन भी करती है. दिलचस्प बात यह है कि गॉडफ्रे फिलिप्स के शेयरों में यह तेजी प्रमोटर कंपनी फिलिप मॉरिस के नतीजों से पहले देखने को मिली है, जिससे बाजार की उम्मीदें और मजबूत होती दिख रही हैं.
FMCG इंडेक्स में ITC की चमक
6 फरवरी को निफ्टी FMCG इंडेक्स बाजार का टॉप परफॉर्मिंग इंडेक्स रहा. इसमें ITC लिमिटेड ने करीब 5.5 फीसदी की बढ़त के साथ अहम योगदान दिया. हालांकि ITC के Q3 नतीजों में मुनाफे की बढ़ोतरी मामूली रही, लेकिन इसके बावजूद निवेशकों ने स्टॉक में वैल्यू बाइंग की.
- Q3 नेट प्रॉफिट: 5,018 करोड़ रुपये
- कामकाजी आय (Revenue from Operations): 21,707 करोड़ रुपये
- पिछले साल इसी तिमाही में: 20,350 करोड़ रुपये
कितने पर कारोबार करते हुए बंद हुए शेयर?
बाजार बंद होने तक Godfrey Phillips के शेयर 10.41 फीसदी की तेजी के साथ 2,188.30 रुपये पर बंद हुआ. यानी एक दिन में स्टॉक का भाव 206 रुपये तक बढ़ा है. वहीं, आईटीसी के शेयर 5.03 फीसदी की तेजी के साथ 325.80 रुपये पर बंद हुए. यानी एक दिन में स्टॉक का भाव 15.60 रुपये तक बढ़ा है.
ये भी पढ़ें- CarTrade समेत इस स्टॉक में मची हलचल, एक में बढ़ा FII का भरोसा, दूसरे से DII ने बनाई दूरी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




