Elara Capital ने GMR एयरपोर्ट्स के शेयर पर दी Buy रेटिंग, कहा- 40% तक आ सकती है तेजी; जानें कारण
ब्रोकरेज फर्म Elara Capital ने GMR Airports पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 140 रुपये का टारगेट दिया है जो मौजूदा भाव से करीब 40% ऊपर है. Q3FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 50% और EBITDA 71% बढ़ा है. कैपेक्स साइकिल खत्म होने के बाद FY27 से कर्ज घटने और कमाई मजबूत रहने की उम्मीद है.
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी GMR एयरपोर्ट्स पर ब्रोकरेज फर्म Elara Capital ने ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 140 रुपये का नया टारगेट प्राइस तय किया है. इस शेयर में मंगलवार हलकी बिकवाली दिखी और यह 0.72% टूटकर 99.80 रुपये पर बंद हुआ. ब्रोकरेज ने करंट प्राइस के मुकाबले इसमें करीब 40% तक की संभावित तेजी का अनुमान जताया है. ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के Q3FY26 नतीजों में कमाई की संरचना में बड़ा बदलाव दिखा है और आगे भी ग्रोथ मजबूत रह सकती है.
तिमाही नतीजे
दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 50.5% बढ़कर 3,990 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं EBITDA 71.5% उछलकर 1,700 करोड़ रुपये हो गया और मार्जिन बढ़कर 42.6% पर पहुंच गया. बेहतर एयरो टैरिफ, खासकर दिल्ली एयरपोर्ट पर यील्ड में सुधार और नॉन-एयरो बिजनेस की मजबूती ने नतीजों को सपोर्ट किया. एडजस्टेड आधार पर कंपनी का मुनाफा 360 करोड़ रुपये रहा, जो मजबूत अर्निंग ट्रेंड को दर्शाता है.
कंपनी की सबसे बड़ी कमाई का जरिया
दिल्ली एयरपोर्ट कंपनी के लिए सबसे बड़ा कमाई का स्रोत बना हुआ है. यहां रेवेन्यू 48% बढ़कर 2,000 करोड़ रुपये और EBITDA 125% बढ़कर 800 करोड़ रुपये रहा. हैदराबाद एयरपोर्ट का रेवेन्यू 620 करोड़ रुपये और EBITDA 400 करोड़ रुपये रहा जहां ट्रैफिक और कमर्शियल गतिविधियां स्थिर रहीं. वहीं गोवा के मोपा एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ने के साथ ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार दिखा. हालांकि रेवेन्यू अभी शुरुआती चरण में है.
ब्रोकरेज की राय
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का कैपेक्स साइकिल अपने अंतिम चरण में है और FY26 में कर्ज का स्तर पीक पर पहुंच सकता है. इसके बाद FY27 से EBITDA बढ़ने के साथ कर्ज घटने की उम्मीद है. भोगापुरम एयरपोर्ट का काम करीब 96% पूरा हो चुका है और इसके FY27 की दूसरी तिमाही में चालू होने की संभावना है.
Elara Capital ने FY26, FY27 और FY28 के लिए कमाई के अनुमान में 2-4% की बढ़ोतरी की है. ब्रोकरेज के मुताबिक, बेहतर एयरो रियलाइजेशन, नॉन-एयरो आय और संतुलित कैपिटल एलोकेशन कंपनी की कैश फ्लो और बैलेंस शीट को मजबूत करेंगे. अगले कुछ सालों में कंपनी का EBITDA 29% की दर से बढ़ने का अनुमान है. इसी आधार पर ब्रोकरेज ने 140 रुपये का टारगेट देते हुए ‘Buy’ रेटिंग दोहराई है.
इसे भी पढ़ें: इस AI कंपनी के साथ इंफोसिस ने की पार्टनरशिप, खबर सामने आते ही रॉकेट बने शेयर, 3% की आई तेजी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
