Groww के शेयरों में जबरदस्त गिरावट, ब्लॉक डील की खबर से 4% टूटा; IPO के बाद करीब 100% आई है तेजी
Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures के शेयरों में ब्लॉक डील के बाद करीब 4 फीसदी की गिरावट आई. इस डील में करीब 12.75 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ, जबकि Ribbit Capital के करीब 1.6 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की खबर है. ₹195 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस पिछले बंद भाव से करीब 4 फीसदी डिस्काउंट पर था.
Highlights
- ₹2,500 करोड़ के ब्लॉक डील के बाद Groww के शेयर करीब 4% टूटे.
- Ribbit Capital करीब 1.6% हिस्सेदारी ₹1,914 करोड़ में बेच सकता है.
- Q1FY27 में Groww का नेट प्रॉफिट 94.44% बढ़कर ₹735 करोड़ हुआ.
Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures के शेयरों में बुधवार को दबाव देखने को मिला. कंपनी के शेयर BSE पर करीब 4 फीसदी गिरकर ₹195 तक पहुंच गए. यह गिरावट ब्लॉक डील के बाद आई है. इस डील में करीब 12.75 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ, जो कंपनी की करीब 2.1 फीसदी इक्विटी के बराबर है.
₹1,914 करोड़ की हिस्सेदारी बेचने की तैयारी
Economic Times की रिपोर्ट के मुताबिक, Ribbit Capital Groww में करीब 1.6 फीसदी हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेचने की तैयारी में था. इस हिस्सेदारी की डील वैल्यू करीब ₹1,914 करोड़ बताई गई है. ₹195 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस पिछले बंद भाव की तुलना में करीब 4 फीसदी डिस्काउंट पर था.
फ्लोर प्राइस वह न्यूनतम कीमत होती है, जिस पर सेलर ब्लॉक डील में अपने शेयर बेचने की पेशकश करता है. इस डील के जरिए Ribbit Capital अपने Groww इन्वेस्टमेंट का कुछ हिस्सा मॉनेटाइज कर सकता है. हालांकि, इसके बाद भी कंपनी में उसकी हिस्सेदारी बनी रहने की उम्मीद है.
डील के बाद 30 दिन का लॉक-अप
ब्लॉक डील की शर्तों के मुताबिक, डील पूरी होने के बाद Ribbit Capital पर 30 दिन का लॉक-अप पीरियड लागू होगा. इस अवधि के दौरान वह Billionbrains Garage Ventures के अतिरिक्त शेयर नहीं बेच सकेगा. बड़े ब्लॉक डील में इस तरह का लॉक-अप आमतौर पर बायर्स को भरोसा देने के लिए रखा जाता है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना होता है कि सेलर डील के तुरंत बाद मार्केट में बड़ी मात्रा में अतिरिक्त शेयर बेचने न आ जाए.
Groww में Ribbit की कितनी हिस्सेदारी
30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, Ribbit Capital V L.P. के पास Groww के 35.38 करोड़ इक्विटी शेयर थे. यह कंपनी की करीब 5.64 फीसदी हिस्सेदारी थी. वहीं Ribbit Cayman GW Holdings V, Ltd. के पास 27.97 करोड़ शेयर थे, जो करीब 4.46 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है.
इस तरह दोनों संस्थाओं के पास मिलाकर Groww में करीब 10.10 फीसदी हिस्सेदारी थी. Ribbit Capital V L.P., Ribbit Cayman GW Holdings V, Ltd. और GW-E Ribbit Opportunity V, LLC को सामूहिक रूप से Ribbit के तौर पर देखा जाता है. यह ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म शुरुआती चरण की कंपनियों में निवेश करने के लिए जानी जाती है.
IPO के बाद करीब 100 फीसदी ऊपर है शेयर
Groww ने नवंबर 2025 में स्टॉक मार्केट में डेब्यू किया था. कंपनी ने अपने IPO के जरिए ₹6,632 करोड़ जुटाए थे. IPO में शेयर का इश्यू प्राइस ₹100 था और NSE पर शेयर ₹112 के भाव पर लिस्ट हुआ था. मौजूदा स्तर पर Groww का शेयर अपने IPO इश्यू प्राइस से करीब 100 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है. ऐसे में शुरुआती इन्वेस्टर्स के लिए मौजूदा स्तर पर हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचकर इन्वेस्टमेंट मॉनेटाइज करना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Q1FY27 में Groww का मुनाफा 94 फीसदी बढ़ा
ब्लॉक डील के बीच Groww के हालिया फाइनेंशियल परफॉर्मेंस पर भी नजर डालना जरूरी है. जून तिमाही यानी Q1FY27 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट शेयरधारकों के लिए 94.44 फीसदी बढ़कर ₹735 करोड़ हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹378 करोड़ था.
कंपनी का रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस भी सालाना आधार पर 66 फीसदी बढ़कर ₹1,501 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹904 करोड़ था. सीक्वेंशियल बेसिस पर भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. पिछली तिमाही के ₹686 करोड़ के मुकाबले नेट प्रॉफिट करीब 7 फीसदी बढ़ा.
यह भी पढ़ें: 184 गुना सब्सक्राइब हुआ ये IPO, GMP दे रहा 100% से ज्यादा लिस्टिंग गेन का संकेत; 28 अगस्त को होगी लिस्टिंग
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
162% बढ़ा मुनाफा, ₹7189 करोड़ का बड़ा प्लान और 365% तक का रिटर्न; क्या फिर चमकेगी किस्मत?
Opening Bell: सेंसेक्स 200 अंक से अधिक चढ़ा, Nifty 24300 पार; Eternal और ICICI बैंक के शेयरों में 2% तक की बढ़त
₹21,932 करोड़ का इम्पोर्ट गैप बना बड़ा मौका! इन 2 CNC स्टॉक पर रखें नजर; Make in India का मिल सकता है फायदा
