TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

HPCL का बड़ा तोहफा, ₹19.25 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान, चेक करें रिकॉर्ड डेट

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनी HPCL ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 19.25 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की है और इसके लिए 14 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. शेयरधारकों की मंजूरी मिलने पर यह भुगतान किया जाएगा. कंपनी का यह पिछले पांच वर्षों का सबसे बड़ा डिविडेंड है.

HPCL Dividend : देश की प्रमुख सरकारी तेल कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 19.25 रुपए प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की है. कंपनी ने इसके लिए 14 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. हालांकि, डिविडेंड का भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद ही किया जाएगा. यह पिछले पांच वर्षों में कंपनी का सबसे बड़ा डिविडेंड है.

पांच साल में सबसे बड़ा डिविडेंड

HPCL द्वारा घोषित 19.25 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले काफी अधिक है. इससे पहले कंपनी ने फरवरी 2024 में 15 रुपये, अगस्त 2024 में 11 रुपये, अगस्त 2025 में 10.50 रुपये और नवंबर 2025 में 6 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था. केवल जुलाई 2021 में दिया गया 22.75 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड इससे ज्यादा था.

मार्च तिमाही में शानदार मुनाफा

कंपनी ने मार्च 2026 तिमाही में 4,901 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो बाजार अनुमान 2,120 करोड़ रुपये से कहीं अधिक रहा. यह पिछले तिमाही के मुकाबले 20 फीसदी ज्यादा है. तिमाही के दौरान कंपनी की आय 1.15 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि EBITDA 28 फीसदी बढ़कर 8,979 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 7.8 फीसदी हो गया.

रिफाइनिंग कारोबार और शेयरों में तेजी

HPCL का रिफाइनिंग प्रदर्शन भी वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत रहा. कंपनी का सालाना ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन (GRM) बढ़कर 8.79 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जो पिछले वर्ष 5.74 डॉलर प्रति बैरल था. मार्च तिमाही में GRM 14.5 डॉलर प्रति बैरल रहा. वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच 12 जून को HPCL के शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई और शुक्रवार को शेयर 6.56 फीसदी बढ़कर 388.90 रुपये पर बंद हुआ. 14 अगस्त 2026 तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.