₹5400 करोड़ से ज्यादा की खरीदारी के साथ बाजार में FII की वापसी, DIIs ने भी झोंके पैसे; ट्रेड डील का असर
भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़े पॉजिटिव संकेतों के बाद विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त वापसी की है. मंगलवार को FIIs की रिकॉर्ड खरीदारी से सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी तेजी देखने को मिली, जिससे लंबे समय से जारी बिकवाली का सिलसिला टूटता नजर आया.
FIIs and DIIs Net Buyer Share Market: मंगलवार, 3 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी देखने को मिली. लंबे समय से लगातार बिकवाली कर रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने अचानक रुख बदलते हुए जमकर खरीदारी की और दलाल स्ट्रीट पर नई जान फूंक दी. विदेशी निवेशकों से की गई ये खरीदारी पिछले साल के अक्टूबर महीने के बाद से की गई सबसे बड़ी खरीदारियों में से एक है.
FIIs की बड़ी वापसी, रिकॉर्ड खरीदारी
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, FIIs ने कैश मार्केट में 5,426 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जो अक्टूबर 2025 के बाद एक दिन में की गई उनकी सबसे बड़ी खरीदारी है. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 345 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. दिलचस्प बात यह है कि ठीक एक दिन पहले, यानी सोमवार को FIIs ने 1,832 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी, जबकि DIIs ने 2,446 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी. यानी एक ही दिन में बाजार का पूरा मूड बदल गया.
इंडिया-US ट्रेड डील से बदला सेंटिमेंट
बाजार में यह पॉजिटिव माहौल भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर आई बड़ी खबर के बाद बना. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद अमेरिका भारतीय सामानों पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने पर सहमत हो गया है. इस ऐलान ने निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया और FIIs ने एक बार फिर भारतीय बाजार में दांव लगाना शुरू कर दिया.
सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी तेजी
विदेशी निवेश की वापसी का असर सीधे शेयर बाजार के इंडेक्स पर दिखा. बीएसई सेंसेक्स 2,072.67 अंक (2.54 फीसदी) की जबरदस्त उछाल के साथ 83,739.13 पर बंद हुआ. यह पिछले 8 महीनों की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी रही. कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 4,205 अंक से ज्यादा उछलकर 85,871 के स्तर तक पहुंच गया था. वहीं निफ्टी 50 भी 639 अंक (2.55 फीसदी) चढ़कर 25,727.55 पर बंद हुआ, जबकि इंट्रा-डे में इसने 26,341 का उच्च स्तर छुआ. ट्रेड डील से सबसे ज्यादा फायदा एक्सपोर्ट-फोकस्ड सेक्टर्स को होता दिखा. टेक्सटाइल, लेदर, जेम्स एंड ज्वेलरी, सीफूड और स्पेशियलिटी केमिकल्स जैसे सेक्टर्स में जमकर खरीदारी हुई और इन शेयरों में मजबूत तेजी देखने को मिली.
लंबे समय बाद टूटी बिकवाली की चेन
अगर बीते महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो FIIs लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे थे. मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2026 में ही अब तक वे 41,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिकवाली कर चुके थे. हालांकि, मंगलवार की बड़ी खरीदारी ने संकेत दिया है कि विदेशी निवेशक दोबारा भारत को लेकर पॉजिटिव हो रहे हैं. इसके उलट, DIIs बीते कई महीनों से लगातार बाजार को सपोर्ट करते आए हैं और हर गिरावट में खरीदारी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- US-India Trade Deal से दौड़ पड़े अडानी ग्रुप के शेयर, एक दिन में 11% तक उछला मार्केट कैप; इनमें दिखी तेजी




