IT स्टॉक्स में तबाही, 8% तक टूटे शेयर, Accenture की चेतावनी से Infosys-TCS समेत इन 10 स्टॉक्स में भारी बिकवाली

देश की बड़ी IT कंपनियों के शेयरों में जोरदार गिरावट देखने को मिली. Infosys, TCS, HCL Tech, Tech Mahindra, Wipro और Mphasis जैसे दिग्गज शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. इसकी सबसे बड़ी वजह दुनिया की बड़ी IT और कंसल्टिंग कंपनी Accenture का कमजोर आउटलुक रहा.

क्रैश Image Credit: Money9 Live

IT Stocks Crash: शेयर बाजार में शुक्रवार को IT सेक्टर के निवेशकों के लिए दिन काफी खराब रहा. देश की बड़ी IT कंपनियों के शेयरों में जोरदार गिरावट देखने को मिली. Infosys, TCS, HCL Tech, Tech Mahindra, Wipro और Mphasis जैसे दिग्गज शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. इसकी सबसे बड़ी वजह दुनिया की बड़ी IT और कंसल्टिंग कंपनी Accenture का कमजोर आउटलुक रहा.

कंपनी ने अपने पूरे साल के रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान को घटा दिया है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. बाजार को डर है कि अगर Accenture को नए ऑर्डर और कारोबार की रफ्तार धीमी दिख रही है, तो इसका असर भारतीय IT कंपनियों पर भी पड़ सकता है. इसी डर के कारण निवेशकों ने IT शेयरों में जमकर बिकवाली की. इसका असर पूरे सेक्टर पर देखने को मिला और Nifty IT इंडेक्स में बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

Nifty IT इंडेक्स में 6.5% की बड़ी गिरावट

  • कमजोर संकेतों के बाद Nifty IT इंडेक्स करीब 6.5 फीसदी टूट गया.
  • कल के मुकाबले निफ्टी आईटी में 1,25,981 करोड़ की गिरावट दर्ज हुई है. ये कैल्कुलेशन निफ्टी आईटी इंडेक्स के 5.5 फीसदी टूटने पर है.
  • यह गिरावट मुख्य बाजार Nifty 50 की तुलना में काफी ज्यादा रही.
  • जहां Nifty 50 में करीब 1 फीसदी की गिरावट रही, वहीं IT शेयरों में भारी दबाव देखने को मिला.

Infosys सबसे ज्यादा टूटा

IT सेक्टर के लगभग सभी बड़े शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे. Infosys करीब 8.34 फीसदी तक टूट गया और सबसे बड़ा नुकसान झेलने वाला शेयर रहा. इसके अलावा Mphasis, Tech Mahindra, Persistent Systems और TCS में 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. HCL Tech, Coforge और LTIMindtree के शेयर भी 5 फीसदी से ज्यादा टूट गए. वहीं Wipro में करीब 4 फीसदी और L&T Technology Services में करीब 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

कंपनीगिरावट (%)
Infosys8.34%
Mphasis6.41%
Tech Mahindra5.45%
Persistent Systems5.10%
TCS5.88%
HCL Tech5.04%
Coforge4.07%
LTIMindtree5.13%
Wipro3.52%
L&T Technology Services0.19%
सोर्स: Groww (आंकडे 9:25 बजे तक)

Accenture ने घटाया ग्रोथ अनुमान

Accenture ने कहा है कि अब उसे पूरे साल में 3 से 4 फीसदी रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद है. इससे पहले कंपनी 3 से 5 फीसदी ग्रोथ का अनुमान दे रही थी. कंपनी ने चौथी तिमाही के लिए भी उम्मीद से कमजोर रेवेन्यू अनुमान जारी किया है. यही कारण है कि निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा और IT सेक्टर में बिकवाली बढ़ गई.

Accenture के नतीजों का असर केवल भारत तक सीमित नहीं रहा. अमेरिका में भी Infosys और Wipro के ADR करीब 10 फीसदी तक टूट गए. Cognizant के शेयरों में भी 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई. IBM और Capgemini जैसे बड़े नाम भी दबाव में रहे. खुद Accenture का शेयर 17 फीसदी से ज्यादा टूट गया.

AI और बड़े प्रोजेक्ट्स पर रहेगा फोकस

हालांकि कंपनी ने भविष्य को लेकर पूरी तरह नकारात्मक तस्वीर पेश नहीं की है. Accenture का कहना है कि AI और बड़े डिजिटल बदलाव से जुड़े प्रोजेक्ट्स की मांग मजबूत बनी हुई है. कंपनी इस साल करीब 9 अरब डॉलर अधिग्रहण पर खर्च करने की योजना बना रही है. इसका मकसद AI, क्लाउड और डेटा सेवाओं में अपनी पकड़ मजबूत करना है.

IT सेक्टर में फिलहाल दबाव बना रह सकता है. हालांकि AI, क्लाउड और डिजिटल सेवाओं की लंबी अवधि की मांग मजबूत बनी हुई है. ऐसे में निवेशकों को घबराने के बजाय कंपनियों के नतीजों और ऑर्डर बुक पर नजर रखनी चाहिए. फिलहाल Accenture की चेतावनी ने IT सेक्टर में बड़ी हलचल जरूर पैदा कर दी है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.