ऑटो सेक्टर में LIC का बड़ा दांव! मारुति सुजुकी में बढ़ाई अपनी हिस्सेदारी, पार किया 5% का आंकड़ा

देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC ने Maruti Suzuki में अपना भरोसा और बढ़ा दिया है. खुले बाजार से करीब ₹67.6 करोड़ के शेयर खरीदने के बाद LIC की हिस्सेदारी 5 फीसदी के स्तर को पार कर चुकी है.

मारुति सुजुकी Image Credit: Getty image

देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी पर अपना भरोसा और मजबूत कर लिया है. बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच LIC ने ओपन मार्केट से मारुति सुजुकी के भारी मात्रा में अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं. इस नई खरीदारी के बाद मारुति सुजुकी में LIC की कुल हिस्सेदारी अब 5% के बेहद स्तर को पार कर गई है.

₹67 करोड़ से ज्यादा का बड़ा सौदा

एक रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, LIC ने 3 जून को खुले बाजार से मारुति सुजुकी के 51,750 नए शेयर खरीदे हैं. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर मारुति के शेयर की पिछली क्लोजिंग प्राइस ₹13,064 के आधार पर देखा जाए, तो LIC ने यह सौदा लगभग ₹67.61 करोड़ में पूरा किया है.

इस नई खरीदारी से पहले मारुति सुजुकी में LIC के पास 1.57 करोड़ शेयर थे, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 4.989% था. लेकिन इस ताजा डील के बाद मारुति सुजुकी में LIC की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 5.006% हो गई है. यानी अब LIC मारुति में एक और बड़ी संस्थागत हिस्सेदार बन गई है.

मारुति के शेयर में मंदी

  • LIC ने मारुति के शेयर में यह निवेश ऐसे समय पर बढ़ाया है जब हाल-फिलहाल में स्टॉक पर थोड़ा दबाव देखने को मिला है.
  • पिछले एक महीने में मारुति का शेयर करीब 3% टूटा है, वहीं साल 2026 में अब तक इसमें करीब 22% की गिरावट आई है.
  • जनवरी 2026 में इस शेयर ने ₹17,371.60 का अपना 52 हफ्ते का हाई लेवल छुआ था, जबकि जून 2025 में यह ₹12,019.75 के लो लेवल पर था.
  • हालांकि, लंबी अवधि में इसने निवेशकों को मालामाल किया है. पिछले 3 साल में मारुति ने 36% और 5 साल में करीब 81% का शानदार रिटर्न दिया है.

देश की पहली ‘फ्लेक्स-फ्यूल’ कार से जुड़ा मारुति का नाम

LIC का यह निवेश मारुति के उस बड़े ऐलान के साथ आया है, जिसमें कंपनी ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार ‘Wagon R Flex Fuel’ को बाजार में उतारा है.

इस मौके पर मारुति सुजुकी के एमडी और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा कि यह सिर्फ एक कार की लॉन्चिंग नहीं है, बल्कि भारत के ऊर्जा इतिहास में एक नया अध्याय है. उन्होंने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां कच्चे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता को कम करेंगी और कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद करेंगी. यह पूरी तरह से ‘आत्मनिर्भर’ और क्लीन एनर्जी की तरफ बड़ा कदम है.

यह भी पढ़ें: रिकॉर्ड डेट नजदीक! ₹1.61 लाख करोड़ के मार्केट कैप वाली कंपनी दे रही 1240% डिविडेंड

शेयर बाजार में LIC की ताबड़तोड़ खरीदारी

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद LIC भारतीय शेयर बाजार में लगातार एक्टिव बनी हुई है. जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही के दौरान LIC ने अलग-अलग कंपनियों (जैसे बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल) में करीब ₹18,500 करोड़ के शेयर खरीदे हैं. इसी तिमाही में LIC ने अकेले मारुति सुजुकी के भी लगभग ₹1,374 करोड़ के शेयर अपने पोर्टफोलियो में जोड़े थे.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.