डिविडेंड देने में सबकी बाप हैं ये 2 कंपनियां, कर्ज भी बेहद कम, 37% तक नीचे ट्रेड कर रहे इन स्टॉक्स में क्या दांव लगाना फायदेमंद
MSTC Ltd और PTC India Ltd जैसे शेयर हाई डिविडेंड यील्ड के साथ निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं और दोनों में कर्ज भी कम है. MSTC स्थिर ग्रोथ और मजबूत फंडामेंटल्स के साथ 37% नीचे ट्रेड कर रहा है, जबकि PTC India के नतीजों में कमजोरी दिखी है. ऐसे में निवेश से पहले सिर्फ डिविडेंड नहीं, बल्कि कंपनी की कमाई और बिजनेस ट्रेंड को समझना जरूरी है.
Dividend Rich Companies: डिविडेंड यील्ड निवेशकों के लिए एक अहम संकेतक होता है, जो यह बताता है कि किसी कंपनी का शेयर आपको उसकी कीमत के मुकाबले कितनी नियमित आय दे सकता है. ये कंपनी की मजबूत स्थिति को भी दर्शाता है. जो निवेशक नियमित इनकम चाहते हैं, उनके लिए हाई डिविडेंड यील्ड वाले शेयर आकर्षक लगते हैं. लेकिन ध्यान रखने वाली बात यह है कि ज्यादा यील्ड हमेशा सुरक्षित या बेहतर निवेश का संकेत नहीं होती. कई बार यह गिरते हुए शेयर प्राइस या कमजोर फंडामेंटल्स का नतीजा भी हो सकती है. ऐसे में निवेश से पहले कंपनी की इनकम कर्ज, ग्रोथ और इंडस्ट्री की स्थिति को समझना जरूरी है. आज हम आपको दो ऐसे स्टॉक्स के बारे में बताएंग, जिनका डिविडेंड देने का रिकॉर्ड काफी हाई रहा है.
MSTC Ltd.
MSTC Ltd. मेटल स्क्रैप ट्रेडिंग, ई-कॉमर्स और विभिन्न वस्तुओं के डिस्पोजल का कारोबार करती है. इसने करीब 10.2% का आकर्षक डिविडेंड यील्ड दिया है. कंपनी का मार्केट कैप लगभग 2,680 करोड़ रुपये है और इसका शेयर करीब 365.85 रुपये पर ट्रेड कर रहा है, जो इसके 52 हफ्ते के हाई 582 रुपये से लगभग 37.2% नीचे ट्रेड कर रहा है. इसका P/E रेशियो 11.4 है, जो इंडस्ट्री के औसत 24.4 से काफी कम है, जिससे यह वैल्यूएशन के लिहाज से सस्ता नजर आता है. कंपनी का डेट टू इक्विटी रेशियो 0.17 है यानी कर्ज बेहद कम है.
वित्तीय प्रदर्शन
तिमाही प्रदर्शन पर नजर डालें तो कंपनी का रेवेन्यू 85 करोड़ रुपये से बढ़कर 88 करोड़ रुपये हो गया, यानी करीब 3.5% की बढ़त. ऑपरेटिंग प्रॉफिट 50 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा, जबकि नेट प्रॉफिट 48 करोड़ से बढ़कर 51 करोड़ रुपये हो गया, जो 6.25% की ग्रोथ दर्शाता है. यह संकेत देता है कि कंपनी स्थिर प्रदर्शन के साथ धीरे-धीरे मुनाफा बढ़ा रही है.
PTC India Ltd.
PTC India Ltd, पावर ट्रेडिंग सेक्टर में काम करती है. इसे पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, NTPC लिमिटेड, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड और NHPC लिमिटेड जैसे दिग्गज प्रमोट करते हैं, करीब 7.26% का डिविडेंड यील्ड देती है.
कंपनी का मार्केट कैप करीब 4,825 करोड़ रुपये है और शेयर करीब 157 रुपये पर ट्रेड कर रहा है, जो इसके 52 हफ्ते के हाई 207 रुपये से करीब 24% नीचे है. इसका P/E रेशियो 7.50 है, जो इंडस्ट्री के औसत 7.76 के आसपास है. वहीं इसका डेट टू इक्विटी रेशियो 0.39 है यानी कर्ज बेहद कम है.
वित्तीय स्थिति
इसका रेवेन्यू 5,459 करोड़ रुपये से घटकर 3,405 करोड़ रुपये रह गया, यानी 37% की गिरावट. ऑपरेटिंग प्रॉफिट 275 करोड़ से घटकर 173 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 222 करोड़ से गिरकर 131 करोड़ रुपये रह गया, जो करीब 41% की गिरावट दर्शाता है. PTC India में ऊंचा डिविडेंड होने के बावजूद बिजनेस पर दबाव दिख रहा है.
