रिलायंस इंडस्ट्रीज पर PL कैपिटल का भरोसा बरकरार, कहा- खरीदो शेयर, ₹1688 तक जा सकता है भाव
PL कैपिटल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,688 का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज को O2C, जियो, रिटेल और न्यू एनर्जी बिजनेस से मल्टी-इंजन ग्रोथ की उम्मीद है. डीजल मार्जिन, 5G विस्तार और न्यू एनर्जी निवेश से कंपनी की कमाई और वैल्यूएशन में आगे सुधार की संभावना जताई गई है.
ब्रोकरेज हाउस प्रभुदास लीलाधर (PL) कैपिटल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर पर भरोसा जताते हुए BUY रेटिंग बरकरार रखी है. यह शेयर बुधवार को 0.58 % की तेजी के साथ ₹1,431 के आसपास करता दिखा. ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए ₹1,688 का टारगेट प्राइस दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी आने वाले वर्षों में अपने ऊर्जा, टेलीकॉम, रिटेल और न्यू एनर्जी बिजनेस के दम पर मल्टी-इंजन ग्रोथ दिखा सकती है.
लंबी अवधि में सुधार की उम्मीद
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का O2C (ऑयल-टू-केमिकल) कारोबार स्थिर प्रदर्शन करता रहेगा. ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल की मजबूत मांग के कारण डीजल क्रैक स्प्रेड्स बेहतर बने हुए हैं जिससे मार्जिन को सहारा मिलेगा. पेट्रोकेमिकल सेगमेंट में फिलहाल दबाव रहने की संभावना है लेकिन वैश्विक क्षमता संतुलन (capacity rationalisation) से लंबी अवधि में सुधार की उम्मीद जताई गई है. ब्रोकरेज का अनुमान है कि स्टैंडअलोन EBITDA FY25 के ₹581 अरब से बढ़कर FY28 तक ₹636 अरब हो सकता है.
टेलीकॉम बिजनेस में ग्रोथ
ब्रोकरेज के अनुसार, टेलीकॉम बिजनेस में रिलायंस जियो की ग्रोथ जारी रहने का अनुमान है. 5G और FWA के बढ़ते सब्सक्राइबर, मजबूत नेटवर्क और बेहतर ARPU से आय में तेजी आ सकती है. FY28 तक जियो के सब्सक्राइबर 538 मिलियन और ARPU ₹243 तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं रेवेन्यू ₹1,500 अरब से ऊपर और EBITDA ₹896 अरब तक जा सकता है.
रिटेल सेगमेंट से भी उम्मीद
रिटेल सेगमेंट में रिलायंस रिटेल का स्टोर नेटवर्क सबसे बड़ा है, लेकिन ग्रॉसरी पर ज्यादा निर्भरता के कारण मार्जिन Titan और DMart से कम है. हालांकि ज्वेलरी और फैशन जैसे हाई-मार्जिन सेगमेंट में हिस्सेदारी बढ़ने से आगे EBITDA मार्जिन 8-8.2% तक स्थिर रहने की उम्मीद है. FY25-28 के दौरान EBITDA में करीब 10.9% CAGR का अनुमान है.
रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार
ब्रोकरेज ने न्यू एनर्जी कारोबार को भी अहम ग्रोथ ड्राइवर बताया है. कंपनी 10GW सोलर मैन्युफैक्चरिंग और बैटरी वैल्यू चेन पर काम कर रही है, जिसे आगे 20GW और 100GWh तक बढ़ाया जा सकता है. PL कैपिटल ने इस सेगमेंट के लिए ₹111 प्रति शेयर वैल्यू जोड़ी है. कुल मिलाकर, ब्रोकरेज का मानना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने विविध कारोबार और मजबूत निवेश योजनाओं के चलते आने वाले समय में स्थिर ग्रोथ दिखा सकती है.
इसे भी पढ़ें: ₹2 से सस्ते इस छुटकू स्टॉक पर टूटे निवेशक, खरीदने की मची लूट, 14% चढ़ा शेयर, रिजल्ट से मिला बूस्ट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
