जून में प्रमोटरों की ताबड़तोड़ खरीदारी, GRM Overseas समेत 4 कंपनियों में बढ़ाई हिस्सेदारी; निवेशक रखें नजर

जून 2026 में कई कंपनियों के प्रमोटरों ने शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. MSP Steel & Power, K C P, GRM Overseas और Gandhar Oil Refinery जैसी कंपनियों में हुई इस खरीदारी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है. प्रमोटरों की बढ़ती हिस्सेदारी को आमतौर पर कंपनी के भविष्य और कारोबार पर उनके भरोसे के संकेत के रूप में देखा जाता है.

प्रमोटर ने इन शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी. Image Credit: canva/money9live

Promoter Stake Increase: शेयर बाजार में किसी कंपनी के प्रमोटरों द्वारा अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना अक्सर निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है. जब कंपनी के संस्थापक, निदेशक या प्रमोटर समूह खुले बाजार से शेयर खरीदते हैं, तो इसे कंपनी के भविष्य को लेकर उनके भरोसे और लॉन्गटर्म प्रतिबद्धता के रूप में देखा जाता है. जून 2026 में कई कंपनियों के प्रमोटरों ने बाजार से अतिरिक्त शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इनमें MSP Steel & Power, K C P, GRM Overseas और Gandhar Oil Refinery जैसी कंपनियां शामिल हैं.

MSP Steel & Power

इंटीग्रेटेड स्टील और पावर क्षेत्र में काम करने वाली MSP Steel & Power के प्रमोटर समूह की तीन संस्थाओं ने बाजार से बड़े पैमाने पर शेयर खरीदे हैं. Tradebrains की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमोटर समूह की कंपनी Shree Vinay Finvest Pvt Ltd ने 28.50 लाख शेयर खरीदे, जिसकी कुल कीमत लगभग 11.76 करोड़ रुपये रही. इस खरीदारी के बाद कंपनी में उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 3.47 फीसदी हो गई.

इसके अलावा Sampat Marketing Company Pvt Ltd ने 7 लाख शेयर खरीदे, जिनकी कुल कीमत करीब 2.90 करोड़ रुपये रही. वहीं Ilex Private Limited ने 16.60 लाख शेयरों की खरीदारी की, जिसका कुल कीमत लगभग 6.90 करोड़ रुपये रहा. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 3.73 फीसदी बढ़कर 41.47 रुपये पर पहुंच गया.

K C P Ltd

सीमेंट, इंजीनियरिंग, चीनी और बिजली उत्पादन जैसे विविध कारोबारों में सक्रिय K C P Ltd में भी प्रमोटर समूह ने हिस्सेदारी बढ़ाई है. प्रमोटर समूह की इकाई VRK Grandsons Investment Ltd ने 4 जून से 10 जून 2026 के बीच खुले बाजार से 89,505 शेयर खरीदे.

यह सौदा औसतन 160.2 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ, जिसकी कुल कीमत करीब 1.43 करोड़ रुपये रही. इस खरीदारी के बाद कंपनी में उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 3.36 फीसदी हो गई है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 3.56 फीसदी बढ़कर 166.39 रुपये पर पहुंच गया है.

GRM Overseas

बासमती चावल और पैकेज्ड फूड उत्पादों के लिए जानी जाने वाली GRM Overseas में भी प्रमोटर एवं निदेशक अतुल गर्ग ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. उन्होंने 8 जून 2026 को खुले बाजार से 1.50 लाख शेयर खरीदे. यह खरीदारी 122 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.83 करोड़ रुपये रही. इस सौदे के बाद कंपनी में उनकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 20.58 फीसदी हो गई है. प्रमोटर की यह खरीदारी कंपनी के भविष्य को लेकर उनके विश्वास को दिखाती है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 6.43 फीसदी बढ़कर 93.23 रुपये पर पहुंच गया.

Gandhar Oil Refinery

विशेष पेट्रोलियम उत्पादों, व्हाइट ऑयल और लुब्रिकेंट्स बनाने वाली Gandhar Oil Refinery में भी प्रमोटर एवं निदेशक रमेश बाबूलाल पारेख ने हिस्सेदारी बढ़ाई है. उन्होंने 9 जून 2026 को खुले बाजार से 25,738 शेयर खरीदे. यह सौदा 158.9 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुआ, जिसकी कुल कीमत करीब 40.89 लाख रुपये रही. खरीदारी के बाद कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 28.69 फीसदी हो गई है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 2.61 फीसदी बढ़कर 159.48 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: IPO मार्केट में अगले हफ्ते रहेगी हलचल, 4 कंपनियों में मिलेगा दांव लगाने का मौका, 3 की होगी लिस्टिंग; जानें डिटेल

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.