Stocks to Watch: सोमवार को इन शेयरों पर रखें नजर! Kotak, BSE, RailTel समेत 17 स्टॉक्स में दिख सकता है एक्शन

सोमवार 9 मार्च को शेयर बाजार में कई कंपनियों के स्टॉक्स फोकस में रह सकते हैं. Kotak Mahindra Bank, YES Bank, Tata Power, RailTel, RITES, UltraTech Cement समेत करीब 17 कंपनियों से जुड़ी अहम कॉरपोरेट अपडेट्स सामने आई हैं, जिनका असर अगले कारोबारी सत्र में इन शेयरों की चाल पर दिख सकता है.

इन स्टॉक्स पर रहेगी नजर Image Credit: @Money9live

Stock to Watch on Monday, 9 March: सोमवार, 9 मार्च को शेयर बाजार में कई कंपनियों के स्टॉक्स पर निवेशकों की खास नजर रहने वाली है. बैंकिंग, पावर, इंफ्रास्ट्रक्चर, सीमेंट, मीडिया और ई-कॉमर्स सेक्टर की कई बड़ी कंपनियों से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं. इन घटनाक्रमों का असर अगले कारोबारी सत्र में इन कंपनियों के शेयरों पर देखने को मिल सकता है. ऐसे में बाजार खुलते ही इन करीब 17 कंपनियों के स्टॉक्स में हलचल देखने की संभावना जताई जा रही है. आइए जानते हैं किन कंपनियों से जुड़ी खबरें निवेशकों के लिए अहम हो सकती हैं.

Kotak Mahindra Bank

प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने मैनेजमेंट में अहम बदलाव किया है. बैंक ने अनूप कुमार साहा को होल-टाइम डायरेक्टर नियुक्त किया है और उन्हें एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. यह नियुक्ति भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिलने के बाद 6 मार्च से प्रभावी हो चुकी है.

YES Bank

YES Bank ने भी अपने नेतृत्व ढांचे में बदलाव का ऐलान किया है. बैंक ने विनय मुरलीधर टोंसे को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (डिजिग्नेट) नियुक्त करने की घोषणा की है. इस बदलाव के बाद बैंक की भविष्य की रणनीति और संचालन पर निवेशकों की नजर रहेगी.

AU Small Finance Bank

AU स्मॉल फाइनेंस बैंक को यूनिवर्सल बैंक बनने की दिशा में अहम अपडेट मिला है. पहले RBI ने शर्त रखी थी कि यूनिवर्सल बैंक बनने के बाद प्रमोटर की हिस्सेदारी Non-Operative Financial Holding Company (NOFHC) के जरिए रखी जाएगी. अब नियामक ने स्पष्ट किया है कि यह शर्त तभी लागू होगी जब बैंक या प्रमोटर समूह भविष्य में कोई नई ग्रुप इकाई स्थापित करता है.

GNFC

गुजरात नर्मदा वैली फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स (GNFC) ने अपने गैस उपयोग से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है. कंपनी ने 6 मार्च 2026 से RLNG (Regasified Liquefied Natural Gas) के आवंटन को रोजाना तय मात्रा के केवल 60 प्रतिशत तक सीमित कर दिया है. यह कदम सप्लायर GAIL (India) Ltd द्वारा जारी फोर्स मेज्योर नोटिस के बाद उठाया गया है.

UltraTech Cement

देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनियों में से एक UltraTech Cement ने रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में निवेश का फैसला किया है. कंपनी ने Sunsure Solarpark Thirty Eight Pvt Ltd में 26.20 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौता किया है. इस निवेश का कुल मूल्य लगभग 6.72 करोड़ रुपये तक हो सकता है.

Tata Power

Tata Power ने अपने डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए Salesforce के साथ साझेदारी की है. इस सहयोग का उद्देश्य कंपनी के रूफटॉप सोलर, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग और स्मार्ट होम सॉल्यूशंस से जुड़े कारोबार में डिजिटल ऑपरेशंस को और बेहतर बनाना है.

RITES

सरकारी इंजीनियरिंग और कंसल्टेंसी कंपनी RITES को पश्चिम बंगाल सरकार के पब्लिक वर्क्स (रोड्स) डायरेक्टरेट से लगभग 45.19 करोड़ रुपये का कंसल्टेंसी कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इसके अलावा South Western Railway ने मैसूर-हासन-मंगलुरु रेल लाइन के इलेक्ट्रिफिकेशन प्रोजेक्ट के लिए 729.28 करोड़ रुपये की संशोधित लागत को भी मंजूरी दे दी है.

RailTel Corporation

रेलवे से जुड़ी सरकारी कंपनी RailTel Corporation को साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे से करीब 26.72 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला है. इस परियोजना के तहत ऑप्टिकल फाइबर केबल की सप्लाई, ट्रांसपोर्टेशन, ट्रेंचिंग और इंस्टॉलेशन जैसे तकनीकी कार्य शामिल हैं. यह प्रोजेक्ट 5 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है.

Kwality Walls (India)

Kwality Walls (India) ने Hindustan Unilever से डीमर्ज होकर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग के बाद अपना पहला तिमाही परिणाम जारी किया है. कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 64.2 करोड़ रुपये का EBITDA घाटा दर्ज किया है, जो निवेशकों के लिए अहम संकेत हो सकता है.

Sun TV Network

मीडिया कंपनी Sun TV Network ने अपने निवेशकों को डिविडेंड देने का फैसला किया है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.25 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है.

Max Financial Services

Max Financial Services ने अपनी सहायक कंपनी Axis Max Life Insurance Ltd (AMLI) के साथ विलय का प्रस्ताव रखा है. अगर इस प्रस्ताव को नियामकीय मंजूरी मिलती है तो AMLI सीधे शेयर बाजार में लिस्ट हो सकेगी और Max Financial के शेयरधारकों को बीमा कंपनी में प्रत्यक्ष हिस्सेदारी मिलेगी.

IRB Infrastructure

इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी IRB Infrastructure Developers ने टोल कलेक्शन के मजबूत आंकड़े जारी किए हैं. कंपनी का ग्रॉस टोल रेवेन्यू फरवरी 2026 में 22 फीसदी बढ़कर 746 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 614 करोड़ रुपये था.

BSE

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने मुंबई में अपने कारोबार के विस्तार की योजना बनाई है. एक्सचेंज ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में जमीन आवंटित करने का अनुरोध किया है. इस सिलसिले में BSE के एमडी और सीईओ सुंदररमन राममूर्ति ने हाल ही में MMRDA के मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर से मुलाकात भी की.

Lupin Ltd

फार्मा कंपनी Lupin Ltd ने जानकारी दी है कि US FDA ने गुजरात के अंकलेश्वर स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निरीक्षण पूरा कर लिया है. 2 से 7 मार्च के बीच हुई जांच के बाद नियामक ने Form 483 जारी किया है, जिसमें दो ऑब्जर्वेशन दर्ज किए गए हैं.

PB Fintech

PB Fintech Ltd, जो पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार की पेरेंट कंपनी है, उसमें Tencent Cloud Europe BV ने ब्लॉक डील के जरिए 1 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है. करीब 695 करोड़ रुपये के इस सौदे में लगभग 48 लाख शेयर 1,435.1 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेचे गए.

Meesho

ई-कॉमर्स कंपनी Meesho को आयकर विभाग से करीब 1,500 करोड़ रुपये का टैक्स डिमांड नोटिस मिला है. यह नोटिस वित्त वर्ष 2022-23 में कथित रूप से आय कम दिखाने के मामले से जुड़ा है. कंपनी ने कहा है कि वह आदेश की समीक्षा कर रही है और इससे उसके वित्तीय प्रदर्शन पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा.

Go Digit General Insurance

इंश्योरेंस कंपनी Go Digit General Insurance को 170 करोड़ रुपये के GST शॉर्ट पेमेंट को लेकर नोटिस मिला है. यह मामला जुलाई 2017 से मार्च 2022 के बीच की अवधि से जुड़ा है. कंपनी ने कहा है कि वह कानूनी सलाह ले रही है और इस आदेश के खिलाफ अपील करेगी.

ये भी पढ़ें- नॉनस्टॉप भाग रहा ऑर्डर बुक, 5 साल में शेयर भी कर चुका कमाल! देश की है ये महारत्न डिफेंस कंपनी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.