Stocks to Watch: 12 जून को Lenskart, SBI समेत इन शेयरों पर रहेगी नजर, खबरों के दम पर दिख सकती है हलचल!
12 जून के कारोबार में Vedanta की डीमर्जर प्रक्रिया, Lenskart और GNG Electronics में बड़े ब्लॉक डील, Happiest Minds और Infosys की AI पहल, Sagility का अधिग्रहण और Dabur पर FDA की कार्रवाई जैसे घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बिकवाली का दबाव देखने को मिला. अधिकांश सेक्टर्स में कमजोरी के चलते प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 150.63 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 73,832.55 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 53.35 अंक यानी 0.23 प्रतिशत टूटकर 23,161.60 पर आ गया. सेक्टोरल मोर्चे पर प्राइवेट बैंक, मीडिया और फार्मा इंडेक्स में 0.5 से 2 प्रतिशत तक की तेजी रही. आइए जानते हैं 12 जून के कारोबार में किन शेयरों पर निवेशकों की नजर रहने वाली है.
Vedanta
Vedanta Ltd की डीमर्जर प्रक्रिया से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. कंपनी से अलग हुई चार इकाइयां 15 जून को NSE और BSE पर लिस्ट होंगी.
इन कंपनियों में:
- Vedanta Aluminium Metal Ltd
- Vedanta Power Ltd
- Vedanta Iron and Steel Ltd
- Vedanta Oil and Gas Ltd
शामिल हैं. लिस्टिंग से पहले इन शेयरों के लिए विशेष प्री-ओपन सत्र भी आयोजित किया जाएगा. डीमर्जर को शेयरधारकों के लिए वैल्यू अनलॉक करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
Lenskart
आईवियर कंपनी Lenskart में बड़ा ब्लॉक डील देखने को मिला है. कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड ने 1.2 करोड़ शेयर करीब 591 करोड़ रुपये में खरीदे. वहीं कैनरा रोबेको म्यूचुअल फंड ने 32 लाख शेयर 158 करोड़ रुपये में खरीदे. नेशनल पेंशन सिस्टम ट्रस्ट ने भी 50.6 लाख शेयर लगभग 248 करोड़ रुपये में खरीदे. इसके अलावा फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड, मिराए एसेट म्यूचुअल फंड और HDFC लाइफ इंश्योरेंस जैसे संस्थागत निवेशकों ने भी हिस्सेदारी खरीदी. यह डील औसतन 490 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ.
Happiest Minds Technologies
Happiest Minds Technologies ने अपना नया Agentic AI डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म Rel(AI)Build लॉन्च किया है. इसके साथ कंपनी ने Agentic Development Lifecycle (ADLC) फ्रेमवर्क भी पेश किया है. कंपनी का दावा है कि यह प्लेटफॉर्म सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की प्रक्रिया को तेज करने, उत्पादकता बढ़ाने और AI आधारित ऑटोमेशन को बढ़ावा देने में मदद करेगा.
GNG Electronics
GNG Electronics Ltd में प्रमोटर समूह की इकाई Vidhi S Khandelwal ने 44.87 लाख शेयर बेचे हैं. यह हिस्सेदारी कंपनी की कुल इक्विटी का 3.94 प्रतिशत है और सौदे का आकार करीब 175 करोड़ रुपये रहा. शेयरों की बिक्री औसतन 390 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई. दिलचस्प बात यह है कि मिराए एसेट म्यूचुअल फंड, ITI म्यूचुअल फंड, गोल्डमैन सैक्स, एडलवाइस म्यूचुअल फंड और ट्रस्ट म्यूचुअल फंड जैसे संस्थागत निवेशकों ने इस ब्लॉक डील में हिस्सा लिया. इससे शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है.
Infosys
देश की दूसरी सबसे बड़ी IT कंपनी Infosys Ltd ने CMMI AI Maturity Framework के तहत एक पायलट आकलन सफलतापूर्वक पूरा किया है. यह फ्रेमवर्क AI के उपयोग और उसके गवर्नेंस का मूल्यांकन करने के लिए विकसित किया गया है. कंपनी ने अपने AI-बेस्ड सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, टेस्टिंग, मेंटेनेंस और सपोर्ट ऑपरेशंस का आकलन किया है. इस खबर पर निवेशकों की नजर बनी रह सकती है.
SBI
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India के बोर्ड में नई नियुक्ति हुई है. सरकार ने संजय लोहिया को तत्काल प्रभाव से SBI के बोर्ड में निदेशक नियुक्त किया है. यह नियुक्ति बैंक के कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
Sagility
हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी Sagility India Ltd ने अमेरिका की हेल्थकेयर एनालिटिक्स कंपनी CareSeed का अधिग्रहण किया है. यह डील अधिकतम 3 करोड़ डॉलर तक की है. इसमें 1.75 करोड़ डॉलर का अग्रिम भुगतान और 1.25 करोड़ डॉलर तक का अतिरिक्त भुगतान प्रदर्शन आधारित शर्तों से जुड़ा हुआ है. कंपनी का मानना है कि इस अधिग्रहण से उसकी AI-बेस्ड क्वालिटी ऑपरेशंस और Medicare Advantage क्षमताएं मजबूत होंगी.
Dabur India
Dabur India Ltd के लिए एक नेगेटिव खबर आई है. अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कंपनी की सिलवासा यूनिट के एक हिस्से में बने उत्पादों पर इम्पोर्ट अलर्ट जारी किया है. निरीक्षण के दौरान डेटा इंटीग्रिटी और रखरखाव से जुड़ी कुछ कमियां सामने आई थीं. इस फैसले के बाद प्रभावित उत्पादों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लग सकती है. इस खबर का असर कंपनी के शेयर पर देखने को मिल सकता है.
इसे भी पढ़ें- इस पावर कंपनी का बड़ा अधिग्रहण, शेयर में आई तेजी; FII ने भी बढ़ाई होल्डिंग, रडार पर रखें स्टॉक
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.