Stocks in Focus: MRF, DLF, SBI Life, Gujarat Gas, समेत कई कंपनियों पर नजर, बाजार खुलने से पहले जानिए अहम अपडेट

ग्लोबल तनाव और कंपनियों से जुड़ी बड़ी घोषणाओं के बीच आज बाजार में कुछ खास शेयर सुर्खियों में रह सकते हैं. MRF, DLF, SBI Life, Polycab और Gujarat Gas समेत कई कंपनियों की खबरें निवेशकों के लिए अहम संकेत दे सकती हैं. ऐसे में इन स्टॉक पर नजर बनाए रखना आपके लिए फायदे का सौदा हो सकता है.

इन स्टॉक्स पर रखें नजर Image Credit: @Money9live

वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. बुधवार को बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई. हालांकि, गुरुवार को शुरुआती संकेत थोड़ी राहत देते नजर आ रहे हैं. GIFT Nifty के संकेत बताते हैं कि घरेलू बाजार की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ हो सकती है. ऐसे माहौल में कुछ कंपनियों से जुड़ी अहम खबरें निवेशकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाती हैं, क्योंकि इनका सीधा असर संबंधित शेयरों की चाल पर पड़ सकता है.

बुधवार को कारोबार के अंत में NSE Nifty 50 करीब 385 अंक यानी 1.55 फीसदी गिरकर 24,480 पर बंद हुआ, जबकि BSE Sensex 1,122 अंक यानी 1.40 फीसदी फिसलकर 79,116 पर बंद हुआ. ऐसे में आज बाजार खुलने पर कुछ खास कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहने वाली है.

SBI Life Insurance Share

SBI Life Insurance Company को आयकर विभाग से बड़ी राहत मिली है. विभाग ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए कंपनी पर लगाई गई टैक्स डिमांड को 5,317.18 करोड़ रुपये से घटाकर 470.88 करोड़ रुपये कर दिया है.

यह संशोधन मुंबई के डिप्टी कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स द्वारा जारी रेक्टिफिकेशन ऑर्डर के बाद किया गया है. कंपनी का कहना है कि मूल आकलन में टैक्स और ब्याज की गणना में त्रुटि थी. कंपनी अब संशोधित आदेश को अपीलीय प्राधिकरण के सामने पेश करेगी, जहां मामला पहले से लंबित है.

MRF Share

टायर बनाने वाली दिग्गज कंपनी MRF तमिलनाडु में एक बड़ा निवेश करने जा रही है. कंपनी ने राज्य के शिवगंगा जिले में SIPCOT इंडस्ट्रियल पार्क में ऑटोमोटिव टायर और उससे जुड़े उत्पादों के लिए एक नया ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की योजना बनाई है.

इस प्रोजेक्ट में कंपनी करीब 5,300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. यह निवेश अगले 12 वर्षों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा. इस परियोजना से 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है. कंपनी ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए तमिलनाडु सरकार की एजेंसी ‘गाइडेंस’ के साथ एक नॉन-बाइंडिंग एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर भी किए हैं.

DLF Share

रियल एस्टेट क्षेत्र की बड़ी कंपनी DLF को लेकर एक अहम कानूनी मामला सामने आया है. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुग्राम स्थित Primus Garden City प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए CBI जांच का आदेश दिया है.

यह मामला प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदारों को दिए गए वादों और वास्तविक सुविधाओं के बीच अंतर को लेकर उठाया गया है. सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने 25 फरवरी को सुनवाई के दौरान कहा कि कानूनी शर्तों और जमीन पर हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है.

Bharat Forge Share

Bharat Forge ने 800 करोड़ रुपये तक का अनसिक्योर्ड रुपी टर्म लोन जुटाने की मंजूरी दी है. यह रकम पहले से स्वीकृत 2,000 करोड़ रुपये की सीमा के भीतर होगी.

कंपनी की इन्वेस्टमेंट कमेटी ने बैठक में यह फैसला लिया. कंपनी आने वाले वित्त वर्ष में Qualified Institutional Placement (QIP) और संभावित Offer for Sale (OFS) जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकती है.

MRPL Share

Mangalore Refinery and Petrochemicals (MRPL) ने मार्च और अप्रैल के लिए तय अपने सभी पेट्रोल निर्यात कार्गो पर फोर्स मेज्योर घोषित कर दिया है.

फोर्स मेज्योर का मतलब होता है कि किसी असाधारण परिस्थिति के कारण कंपनी अपने कॉन्ट्रैक्ट को अस्थायी रूप से पूरा नहीं कर सकती. यह कदम उस वक्त उठाया गया है जब अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी क्षेत्र से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है.

HUL Share

Hindustan Unilever (HUL) ने स्टार्टअप Nutritionalab (Wellbeing Nutrition) में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी है. कंपनी ने लगभग 307 करोड़ रुपये में अपनी 19.8 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश पूरा कर लिया है. कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि यह सौदा 12 फरवरी 2026 को घोषित योजना के अनुसार पूरा किया गया है.

Gujarat Gas Share

Gujarat Gas ने अपने औद्योगिक ग्राहकों को फोर्स मेज्योर नोटिस जारी किया है. कंपनी ने कहा है कि 6 मार्च 2026 से ग्राहकों को मिलने वाली गैस की मात्रा में कटौती की जाएगी. कंपनी के अनुसार, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण R-LNG (री-गैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) की उपलब्धता काफी कम हो गई है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है.

Cyient Share

आईटी और इंजीनियरिंग सेवाएं देने वाली कंपनी Cyient ने बताया कि बेंगलुरु स्थित नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने Infotech HAL Limited के लिक्विडेशन की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है.

यह कंपनी Cyient और Hindustan Aeronautics Limited (HAL) के बीच 50:50 का ज्वाइंट वेंचर है. ट्रिब्यूनल ने वसुदेवन गोपू को कंपनी का लिक्विडेटर नियुक्त किया है.

यह भी पढ़ें: कतर से गैस सप्लाई रुकी, Petronet LNG के शेयर करीब 10 फीसदी टूटे; GAIL में भी आई गिरावट

Shriram Finance Share

Shriram Finance को आर्थिक समावेशन और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए 76 मिलियन डॉलर का को-फाइनेंसिंग पैकेज मिला है. यह फंडिंग DEG – Deutsche Investitions- und Entwicklungsgesellschaft mbH और Citi ने मिलकर दी है. इसमें DEG ने 40 मिलियन यूरो का लोन दिया है, जबकि Citi ने 260 करोड़ रुपये का कर्ज मुहैया कराया है.

GE Shipping Share

Great Eastern Shipping Company (GE Shipping) ने अपने बेड़े के विस्तार के तहत एक सेकेंड हैंड Kamsarmax ड्राई बल्क कैरियर जहाज खरीदने का समझौता किया है. यह जहाज 2014 में जापान में निर्मित है और इसकी क्षमता करीब 81,094 डेडवेट टन (DWT) है. कंपनी ने कहा है कि यह जहाज वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही तक उसके बेड़े में शामिल हो जाएगा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.