टाटा ग्रुप की इस कंपनी को मिला ₹1755 करोड़ का नोटिस, कोयला खनन से जुड़ा है मामला; जानें डिटेल्स
झारखंड में कोयला खनन को लेकर Tata Steel को 1,755 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है. कंपनी ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे कानूनी रूप से चुनौती देने की बात कही है. इससे इतर, जानें क्या है कंपनी के शेयरों का हाल.

Tata Steel Demand Notice: Tata Group की दिग्गज स्टील कंपनी Tata Steel को झारखंड से एक बड़ा झटका लगा है. कंपनी को राज्य के रामगढ़ स्थित जिला खनन विभाग की ओर से 1,755.10 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस जारी किया गया है. इस बारे में कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग के जरिए जानकारी दी है, जिससे निवेशकों का ध्यान इस मुद्दे की ओर गया है. कंपनी के अनुसार, यह नोटिस 30 मार्च 2026 को जारी किया गया था, जबकि इसे 3 अप्रैल को प्राप्त हुआ. मामला झारखंड के वेस्ट बोकारो कोलियरी में कोयला खनन से जुड़ा है, जहां कंपनी पर निर्धारित सीमा से अधिक उत्पादन करने का आरोप लगाया गया है.
क्या है पूरा मामला?
डिमांड नोटिस में आरोप लगाया गया है कि Tata Steel ने वित्त वर्ष 2000-01 से 2006-07 के बीच तय सीमा से अधिक कोयला निकाला. रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में कंपनी ने लगभग 1.62 करोड़ मीट्रिक टन अतिरिक्त कोयला उत्पादन किया, जो स्वीकृत सीमा से ज्यादा था. यह मुद्दा पुराने कानूनी विवादों से भी जुड़ा हुआ है, खासतौर पर ‘Common Cause vs Union of India’ मामले से. इस केस में सुप्रीम कोर्ट ने अवैध खनन और निर्धारित सीमा से अधिक उत्पादन को लेकर सख्त रुख अपनाया था. उसी आधार पर अब विभिन्न कंपनियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसमें Tata Steel का नाम भी शामिल है.
क्या है कंपनी का पक्ष?
Tata Steel ने इस डिमांड नोटिस को सिरे से खारिज कर दिया है. कंपनी का कहना है कि यह मांग तथ्यों पर आधारित नहीं है और इसके पीछे कोई ठोस आधार नहीं है. कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में साफ किया है कि वह इस नोटिस को स्वीकार नहीं करती और इसे कानूनी रूप से चुनौती देगी. यानी आने वाले समय में यह मामला अदालत या अन्य सक्षम प्राधिकरणों के सामने जा सकता है.
नियामकीय नियमों के तहत खुलासा
यह पूरी जानकारी Tata Steel ने SEBI के LODR (Listing Obligations and Disclosure Requirements) Regulations, 2015 के तहत साझा की है. इन नियमों के मुताबिक, लिस्टेड कंपनियों को अपने बिजनेस से जुड़ी हर अहम जानकारी निवेशकों और स्टॉक एक्सचेंज को बताना अनिवार्य होता है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
इस खबर के बीच कंपनी के शेयर पर नजर डालें तो हालिया प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. गुरुवार, 2 अप्रैल को NSE पर शेयर 0.24 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 194.14 पर बंद हुआ. वहीं, महीने भर के दौरान इसमें 2.52 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई. 6 महीने के दौरान स्टॉक का भाव 12 फीसदी तक चढ़ा है वहीं साल भर के दौरान इसमें 27 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. 5 साल का ड्यूरेशन देखें तो इस दौरान स्टॉक का भाव 125.22 फीसदी तक बढ़ा है. कंपनी का मार्केट कैप 2,42,243 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- एक साल में 200% तक की छलांग, अब 1 के बदले 3 बोनस शेयर देगी कंपनी; रिकॉर्ड डेट भी तय
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.