Wipro को सिंगापुर की इस कंपनी से मिला ₹9,314 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट, IT कंपनी भी खरीदने की तैयारी; फोकस में रखें शेयर

विप्रो ने सिंगापुर की ओलम ग्रुप के साथ 1 अरब डॉलर से ज्यादा की बड़ी डील हासिल की है. इसके साथ ही Mindsprint के अधिग्रहण की भी घोषणा हुई है. हालिया गिरावट के बाद अब यह स्टॉक निवेशकों के रडार पर आ गया है.

विप्रो के शेयर Image Credit: Getty image

Wipro Share Rally: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Wipro एक बार फिर बड़े कॉन्ट्रैक्ट के चलते निवेशकों की रडार पर आ गई है. सिंगापुर की ओलम ग्रुप के साथ अरबों डॉलर की डील ने कंपनी के बिजनेस आउटलुक को मजबूत किया है. ऐसे में हालिया गिरावट के बाद सोमवार को शेयर में तेजी देखने को मिली और मंगलवार को यह स्टॉक फिर से फोकस में रह सकता है.

1 अरब डॉलर से ज्यादा की बड़ी डील

विप्रो ने सिंगापुर बेस्ड फूड और एग्री-बिजनेस कंपनी ओलम ग्रुप के साथ 8 साल की स्ट्रैटेजिक ट्रांसफॉर्मेशन डील हासिल की है. कंपनी के मुताबिक इस डील की कुल वैल्यू 1 अरब डॉलर (करीब 9,314 करोड़ रुपये) से ज्यादा हो सकती है, जिसमें 800 मिलियन डॉलर का कमिटेड स्पेंड शामिल है. इस डील के तहत विप्रो ओलम ग्रुप को कंसल्टिंग और AI आधारित एंड-टू-एंड ट्रांसफॉर्मेशन सर्विसेज देगा. कंपनी ने इसकी जानकारी सोमवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग के तहत दी है.

Mindsprint का अधिग्रहण भी शामिल

इस समझौते के हिस्से के रूप में विप्रो, ओलम ग्रुप की आईटी सर्विस यूनिट Mindsprint Pte. Ltd. को 375 मिलियन डॉलर (करीब 3,494 करोड़ रुपये) में खरीदेगी.

यह ऑल-कैश डील होगी और इसके तहत 100% हिस्सेदारी खरीदी जाएगी. डील के जून 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है, हालांकि इसके लिए कुछ रेगुलेटरी मंजूरी भी जरूरी होगी.

Mindsprint के पास फूड और एग्री सेक्टर में मजबूत डोमेन एक्सपर्टीज है. विप्रो का कहना है कि इस अधिग्रहण से उसकी “farm-to-fork” क्षमताएं मजबूत होंगी और AI प्लेटफॉर्म ‘Wipro Intelligence’ का विस्तार होगा.

विप्रो के CEO श्रीनी पल्लिया के अनुसार, यह साझेदारी नए ग्रोथ अवसर और इनोवेशन को बढ़ावा देगी.

यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध में भी Ashish Kacholia की बल्ले-बल्ले, एक महीने में ₹153 करोड़ बढ़ गई नेटवर्थ, इन शेयरों में लगा रखा है पैसा

शेयर का हाल और आगे नजर

सोमवार को दोपहर 2:30 बजे तक विप्रो का शेयर करीब 197 रुपये के स्तर पर हरे निशान में ट्रेड कर रहा था. हालांकि, पिछले तीन साल में इस शेयर ने सिर्फ 7% का रिटर्न दिया है, जबकि बीते तीन महीनों में इसमें 25% से ज्यादा की गिरावट आई है.

अब इस बड़ी डील के बाद निवेशकों की नजर इस पर बनी रहेगी और बाजार में इसके असर के चलते मंगलवार को शेयर में मूवमेंट देखने को मिल सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.