90 रुपये से सस्ता! NMDC ने बढ़ाई आयरन ओर की कीमतें, शेयर 52 वीक हाई के करीब; फोकस में रखें स्टॉक

NMDC ने आयरन ओर की कीमतों में 11 फीसदी तक बढ़ोतरी की है, जिससे कंपनी के रेवेन्यू पर असर पड़ सकता है. मजबूत उत्पादन और बिक्री आंकड़ों के बीच शेयर 52 हफ्ते के हाई के करीब पहुंच गया है, ऐसे में निवेशकों की नजर इस स्टॉक पर टिक गई है.

NMDC Image Credit: NMDC website

NMDC Share Update: देश की सबसे बड़ी आयरन ओर उत्पादक कंपनी NMDC ने कीमतों में बढ़ोतरी कर बाजार का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. ऐसे समय में जब बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, NMDC का यह कदम कंपनी के रेवेन्यू और शेयर पर असर डाल सकता है. कीमत बढ़ोतरी और मजबूत उत्पादन आंकड़ों के चलते अब यह स्टॉक निवेशकों के फोकस में आ गया है.

आयरन ओर कीमतों में 11% तक बढ़ोतरी

सरकारी कंपनी NMDC ने 5 अप्रैल 2026 से आयरन ओर की कीमतों में 10% से 11.1% तक बढ़ोतरी की है. रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, Baila Lump (65.5% Fe) की कीमत बढ़ाकर 5,300 रुपये प्रति टन कर दी गई है, जबकि Baila Fines (64% Fe) की कीमत 4,500 रुपये प्रति टन तय की गई है.

ये कीमतें फ्री-ऑन-रेल (FOR) बेसिस पर हैं और इनमें रॉयल्टी, GST और अन्य टैक्स शामिल नहीं हैं.

शेयर पर दिखा असर, 52 हफ्ते के हाई के करीब

कीमत बढ़ोतरी की खबर के बीच NMDC का शेयर सोमवार को 81 रुपये पर बंद हुआ. स्टॉक अपने 52 हफ्ते के उच्च स्तर 86.7 रुपये के करीब पहुंच चुका है.

खास बात यह है कि जहां पिछले एक महीने में बाजार के कई शेयरों में गिरावट देखने को मिली, वहीं NMDC ने लगभग 4% का पॉजिटिव रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 36% का मजबूत रिटर्न दिया है.

मजबूत उत्पादन और बिक्री से मिला सपोर्ट

कंपनी के प्रदर्शन की बात करें तो NMDC ने वित्त वर्ष 2025-26 में 53 मिलियन टन आयरन ओर का रिकॉर्ड उत्पादन किया है. यह पिछले साल के 44.07 मिलियन टन के मुकाबले 21% ज्यादा है.

यह भी पढ़ें: Wipro को सिंगापुर की इस कंपनी से मिला ₹9,314 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट, IT कंपनी भी खरीदने की तैयारी; फोकस में रखें शेयर

वहीं बिक्री भी बढ़कर 50.23 मिलियन टन हो गई, जो सालाना आधार पर 13% की बढ़ोतरी दर्शाती है. मार्च महीने में कंपनी ने 5.35 मिलियन टन उत्पादन और 5.90 मिलियन टन बिक्री दर्ज की. NMDC के इस बेहतर प्रदर्शन के पीछे छत्तीसगढ़ के किरंदुल और बचेली माइंस के साथ कर्नाटक के डोनिमलाई प्रोजेक्ट का अहम योगदान रहा है. इन खदानों ने कंपनी के इतिहास में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.