‘सिर्फ इन 2 लोगों को पता होता है मार्केट का टॉप-बॉटम’, फॉलो करें विजय केडिया के 4 अचूक मंत्र, गिरते बाजार में बनेंगे सहारा

गिरते शेयर बाजार के बीच दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने निवेशकों को धैर्य और सही रणनीति अपनाने की सलाह दी है. उनका कहना है कि बाजार का उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है. मिडकैप-स्मॉलकैप में ज्यादा रिटर्न के साथ ज्यादा जोखिम भी होता है. निवेश करते समय गिरावट के लिए तैयार रहना और अनुभव से सीखना जरूरी है.

विजय केडिया Image Credit: Money9 & AI

Vijay Kedia Investment Tips: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव हमेशा निवेशकों की परीक्षा लेते हैं. जब बाजार तेजी में होता है तो हर कोई निवेशक नजर आता है लेकिन असली निवेशक वही होता है जो गिरावट के दौर में भी धैर्य और सही रणनीति बनाए रखे. मौजूदा समय में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी, वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे माहौल में दिग्गज निवेशक विजय केडिया का मानना है कि बाजार का उतार-चढ़ाव नया नहीं है और सही सोच रखने वाले निवेशकों के लिए यह समय सीखने और मजबूत बनने का होता है. केडिया ने मनी9 के फाइनेंशियल फ्रीडम समिट 2026 में निवेशकों के लिए कुछ अचूक मंत्र बताएं हैं जो गिरते बाजार में भी निवेशकों को सही दिशा दिखा सकते हैं.

बाजार का स्वभाव है उतार-चढ़ाव

विजय केडिया का कहना है कि बाजार में तेजी और गिरावट दोनों ही सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं. जहां तक मार्केट का सवाल है, उतार-चढ़ाव तो बाजार का स्वभाव है. कोविड के बाद बाजार बहुत तेजी से बढ़ा और लोगों की उम्मीदें बहुत ज्यादा हो गईं. उन्होंने कहा, “लोग मुझे मल्टीबैगर इन्वेस्टर के रूप में याद करते हैं, लेकिन मेरे पास ऐसे कई शेयर भी हैं जो मल्टीबैगर नहीं बने. मेरा सक्सेस रेट भी करीब 10 में से 5-6 ही है. कुछ शेयर संयोग से बहुत ज्यादा बढ़ जाते हैं, जिससे पूरी कहानी बड़ी लगती है.”

मिडकैप-स्मॉलकैप सबके लिए नहीं

केडिया बताते हैं कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में रिटर्न भी ज्यादा होता है और गिरावट भी तेज होती है. उन्होंने बताया कि जब बाजार चढ़ता है तो लार्जकैप डबल होते हैं लेकिन मिडकैप-स्मॉलकैप 4-5 गुना तक बढ़ जाते हैं और जब गिरावट आती है तो लार्जकैप अगर 30% गिरते हैं. वहीं मिडकैप 50% तक गिर सकते हैं. इसलिए हर निवेशक को समझना चाहिए कि मिडकैप-स्मॉलकैप सबके लिए नहीं होते.”

टॉप और बॉटम पकड़ना लगभग नामुमकिन

कई निवेशक सही समय पर खरीदने और बेचने की कोशिश करते हैं, लेकिन केडिया इसे सबसे मुश्किल काम मानते हैं. उनका कहना है कि दुनिया में सिर्फ दो लोगों को टॉप और बॉटम पता होता है. एक भगवान और दूसरा झूठा आदमी. उन्होंने कहा कि किसी को नहीं पता कि बाजार कहां टॉप बनाएगा या बॉटम. इसलिए मैं शेयर खरीदते समय यह मानकर चलता हूं कि यह यहां से 20% और गिर सकता है.

लक भी अहम

केडिया का यह भी मानना है की निवेश की दुनिया में मेहनत, समझ और रणनीति के साथ-साथ किस्मत भी अहम भूमिका निभाती है. उन्होंने कहा, “मेरी जिंदगी में तो 150% लक है लेकिन लक का मतलब यह भी है कि अगर आपने गलती की और फिर भी बच गए तो यह आपका लक है लेकिन अगर आपने उस गलती से सीखा नहीं तो अगली बार लक आपका साथ नहीं देगा.”

यह भी पढ़ेंLPG संकट से देश के दो बड़े क्लाउड किचन बंद, 5000 में भी नहीं मिल रही गैस, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.