Vedanta या Hindustan Zinc? FY26 में किस मेटल स्टॉक ने निवेशकों को कराया ज्यादा मुनाफा
FY26 में मेटल सेक्टर की तेजी के बीच Vedanta और Hindustan Zinc ने निवेशकों को मजबूत डिविडेंड और शानदार रिटर्न दिया है. Vedanta के 500 शेयरों पर निवेशकों को 62.7 फीसद तक कुल रिटर्न मिला, जबकि Hindustan Zinc ने 13.1 फीसद का स्थिर रिटर्न दिया. बढ़ती वैश्विक मेटल कीमतों, मजबूत कैश फ्लो और रिकॉर्ड मुनाफे का फायदा दोनों कंपनियों ने शेयरधारकों को डिविडेंड के रूप में दिया है.
Metal Stocks: वित्त वर्ष 2025-26 मेटल सेक्टर के लिए शानदार साबित हुआ. वैश्विक कमोडिटी कीमतों में तेजी, घरेलू मांग में मजबूती और इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च बढ़ने से मेटल कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. इसी दौरान Vedanta Limited और Hindustan Zinc Limited जैसे बड़े मेटल स्टॉक्स ने निवेशकों को मजबूत डिविडेंड और बेहतर रिटर्न दिया. FY26 में निफ्टी मेटल इंडेक्स में करीब 23.5 फीसद की तेजी दर्ज की गई, जबकि कई बड़ी कंपनियों ने रिकॉर्ड मुनाफा हासिल किया. बढ़ती मेटल कीमतों और मजबूत कैश फ्लो का फायदा कंपनियों ने शेयरधारकों को डिविडेंड के रूप में भी दिया.
Vedanta ने दिया ज्यादा रिटर्न
आंकड़ों के मुताबिक FY26 में Vedanta ने निवेशकों को Hindustan Zinc के मुकाबले कहीं अधिक कुल रिटर्न दिया. यदि किसी निवेशक ने वित्त वर्ष की शुरुआत में Vedanta के 500 शेयर खरीदे होते, तो उसका कुल निवेश लगभग 86,050 रुपये होता. वित्त वर्ष के अंत तक कंपनी के शेयर में 42.9 फीसद की तेजी आई और 500 शेयरों का मूल्य बढ़कर 1,23,050 रुपये पहुंच गया.
अपस्टॉक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने पूरे FY26 में कुल 34 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड भी दिया. इस हिसाब से 500 शेयरों पर निवेशकों को 17,000 रुपये का डिविडेंड मिला. शेयर कीमत में तेजी और डिविडेंड को मिलाकर कुल निवेश मूल्य 1,40,050 रुपये पहुंच गया, यानी निवेशकों को करीब 62.7 फीसद का कुल रिटर्न मिला.
Hindustan Zinc ने भी दिया स्थिर रिटर्न
वहीं Hindustan Zinc Limited ने भी निवेशकों को स्थिर रिटर्न दिया. यदि किसी निवेशक ने FY26 की शुरुआत में कंपनी के 500 शेयर खरीदे होते, तो कुल निवेश करीब 2,31,250 रुपये का होता. वित्त वर्ष के अंत तक शेयर मूल्य बढ़कर 2,51,050 रुपये पहुंच गया.
कंपनी ने FY26 में कुल 21 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया, जिससे 500 शेयरों पर निवेशकों को 10,500 रुपये की अतिरिक्त आय हुई. इस तरह कुल निवेश मूल्य बढ़कर 2,61,550 रुपये हो गया और निवेशकों को लगभग 13.1 फीसद का कुल रिटर्न मिला.
मजबूत मुनाफे का मिला फायदा
मेटल कीमतों में तेजी के कारण दोनों कंपनियों की कमाई में भी मजबूत बढ़ोतरी हुई. Vedanta का FY26 कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.2 फीसद बढ़कर 25,096 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं Hindustan Zinc का शुद्ध मुनाफा 33.3 फीसद बढ़कर 13,712 करोड़ रुपये हो गया. जिंक, एल्युमिनियम, सिल्वर और अन्य बेस मेटल्स की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनियों की रियलाइजेशन बेहतर हुई, जिससे मजबूत कैश फ्लो पैदा हुआ.
यह भी पढ़ें: डिफेंस सेक्टर पर HDFC Defence Fund का बड़ा दांव, HAL और Bharat Electronics समेत 8 स्टॉक्स में बढ़ाई हिस्सेदारी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
शुक्रवार को इन 3 स्टॉक्स पर लगाएं दांव, ब्रोकरेज ने दिया टारगेट प्राइस; जानें कहां तक जाएगा शेयर
Nifty Outlook May 15: शुक्रवार को कैसी रहेगी निफ्टी की चाल? एक्सपर्ट्स से समझें किस लेवल पर है सपोर्ट बेस
HAL ने किया अब तक के सबसे अधिक डिविडेंड का ऐलान, मुनाफा 5 फीसदी बढ़ा; ऑर्डर बुक दमदार
