विजय केडिया परिवार ने SPML Infra में बढ़ाई हिस्सेदारी, 5 साल में शेयर ने दिया 1659% का रिटर्न; रखें नजर
दिग्गज निवेशक Vijay Kedia के परिवार ने SPML Infra में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. कंपनी 190 करोड़ रुपये जुटाने के लिए Preferential Issue के जरिए इक्विटी शेयर और कन्वर्टिबल वारंट जारी कर रही है. इस इश्यू में Manju Kedia ने भी भाग लिया है. वहीं, NARCL ने कंपनी के कर्ज का एक हिस्सा इक्विटी में बदला है, जिससे बैलेंस शीट मजबूत होगी.
Vijay Kedia: दिग्गज निवेशक विजय केडिया के परिवार ने मल्टीबैगर रिटर्न देने वाली SPML Infra में अपनी हिस्सेदारी और बढ़ा दी है. कंपनी ने 190 करोड़ रुपये जुटाने के लिए प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए इक्विटी शेयर और कन्वर्टिबल वारंट जारी करने का फैसला किया है. इस इश्यू में विजय केडिया की पत्नी मंजू केडिया ने भी हिस्सा लिया है. वहीं, इससे पहले जनवरी 2026 में Kedia Securities Ltd. के जरिए विजय केडिया ने भी कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी थी. पिछले पांच वर्षों में SPML Infra के शेयर ने निवेशकों को 1659 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.
190 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी
SPML Infra ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि कंपनी के बोर्ड ने 18 जुलाई 2026 को पारित सर्कुलर प्रस्ताव के जरिए 6,93,999 इक्विटी शेयर और 95,39,449 कन्वर्टिबल वारंट प्रेफरेंशियल आधार पर आवंटित करने को मंजूरी दी है. इस फंड का इस्तेमाल कंपनी अपनी विकास योजनाओं के लिए नई पूंजी जुटाने और मौजूदा कर्ज को इक्विटी में बदलने के लिए करेगी.
कंपनी ने इक्विटी शेयर 186 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर जारी किए हैं, जिसमें 184 रुपये का प्रीमियम शामिल है. वहीं, कन्वर्टिबल वारंट भी 186 रुपये प्रति वारंट की कीमत पर जारी किए गए हैं. SEBI के नियमों के अनुसार, इन वारंट को आवंटन की तारीख से 18 महीने के भीतर इक्विटी शेयरों में बदला जाएगा.
बैलेंस शीट होगी मजबूत
इस प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए कंपनी को 5.75 करोड़ रुपये की नई पूंजी मिलेगी. इसके अलावा National Asset Reconstruction Company Ltd. (NARCL) ने कंपनी के 7.16 करोड़ रुपये के कर्ज को इक्विटी में बदल दिया है. इसके बदले NARCL को 3,84,858 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं.
कंपनी ने बताया कि वारंट जारी करने से संबंधित कुल राशि का 25 फीसदी, यानी करीब 44.36 करोड़ रुपये, पहले ही प्राप्त हो चुका है. बाकी 75 फीसदी राशि वारंट को इक्विटी शेयरों में बदलने के समय कंपनी को मिलेगी. सभी वारंट के पूरी तरह इक्विटी शेयरों में बदलने के बाद कंपनी में प्रमोटर समूह की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 42 फीसदी हो जाएगी.
विजय केडिया परिवार ने बढ़ाई हिस्सेदारी
इस प्रेफरेंशियल इश्यू में दिग्गज निवेशक विजय केडिया की पत्नी मंजू केडिया ने 13,45,000 कन्वर्टिबल वारंट खरीदे हैं. इससे पहले जनवरी 2026 में विजय केडिया ने अपनी निवेश कंपनी Kedia Securities Ltd. के जरिए 14,98,107 शेयर खरीदे थे.
सभी वारंट के इक्विटी शेयरों में बदलने के बाद Kedia Securities Ltd. और मंजू विजय केडिया की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 28,43,107 शेयर हो जाएगी. कंपनी की विस्तारित इक्विटी पूंजी के आधार पर यह हिस्सेदारी करीब 3 फीसदी के बराबर होगी.
कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन
हाल के समय में SPML Infra के शेयर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. पिछले एक महीने में शेयर करीब 3 फीसदी चढ़ा है, जबकि छह महीने में इसमें 6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. हालांकि, पिछले एक साल में यह शेयर करीब 23 फीसदी कमजोर हुआ है. इसके बावजूद लंबी अवधि में इस शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. पिछले पांच वर्षों में इसने 1659 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.
यह भी पढ़ें: खुलने से पहले Xtranet Technologies IPO का GMP उछला, 20% लिस्टिंग गेन के संकेत; जानें प्राइस बैंड से लेकर पूरी डिटेल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Stocks to Watch: Emcure Pharma, Sobha, Adani Total Gas समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर, दिखेगा तगड़ा एक्शन!
FIIs की पसंद बने ड्रोन और एंटी-ड्रोन स्टॉक्स, Q1 में इन 3 कंपनियों में बढ़ाई हिस्सेदारी; रखें नजर
SEBI ने CDSL पर 1 करोड़ रुपये का लगाया जुर्माना, साइबर सुरक्षा में चूक के चलते हुआ एक्शन
