AC को 18°C पर चलाना पड़ेगा भारी! बढ़ सकता है बिजली बिल; जानें कैसे होगी बचत
गर्मी में AC को 18°C पर चलाना आपके बिजली बिल को बढ़ा सकता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, 24°C AC के लिए आदर्श तापमान है, जिससे आराम भी मिलता है और बिजली की बचत भी होती है. हर 1 डिग्री तापमान कम करने पर बिजली खपत बढ़ सकती है. अगर आप भी AC को सबसे कम तापमान पर चलाते हैं, तो यह आपके लिए जरूरी है.

AC Temperature Setting: गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर यानी AC का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है. हालांकि, कई लोग ठंडक जल्दी पाने के लिए एक ऐसी गलती कर बैठते हैं, जो हर महीने उनके बिजली बिल को बढ़ा देती है. अक्सर लोग AC को 16°C या 18°C पर सेट कर देते हैं, यह सोचकर कि कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा. जबकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह धारणा गलत है. सही तापमान पर AC चलाने से न सिर्फ बिजली की बचत होती है, बल्कि मशीन की कार्यक्षमता भी बेहतर रहती है.
सबसे बड़ी गलती क्या है
कई घरों में लोग AC ऑन करते ही तापमान 18°C या उससे भी कम कर देते हैं. उन्हें लगता है कि इससे ठंडी हवा तेजी से आएगी और कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा. लेकिन AC इस तरह काम नहीं करता. चाहे आप तापमान 18°C रखें या 24°C, शुरुआती कूलिंग स्पीड लगभग समान रहती है. फर्क सिर्फ इतना होता है कि कम तापमान सेट करने पर AC को ज्यादा देर तक चलना पड़ता है.
कैसे बढ़ता है बिजली बिल
जब AC को 18°C पर सेट किया जाता है, तो उसका कंप्रेसर कमरे को उस स्तर तक ठंडा करने के लिए लगातार चलता रहता है. कमरे का तापमान कम करने में जितनी ज्यादा मेहनत मशीन करेगी, उतनी ज्यादा बिजली खर्च होगी. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हर 1 डिग्री तापमान कम करने पर बिजली खपत लगभग 6 फीसदी तक बढ़ सकती है. इसका मतलब है कि अगर आप 24°C की जगह 18°C पर AC चला रहे हैं, तो बिजली उपयोग में बड़ा अंतर आ सकता है.
24°C क्यों है सही विकल्प
भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के अनुसार, AC के लिए 24°C आदर्श तापमान माना जाता है. यह तापमान आराम और ऊर्जा बचत के बीच संतुलन बनाता है. इस सेटिंग पर कमरा आरामदायक भी रहता है और बिजली की अनावश्यक खपत भी नहीं होती.
सीलिंग फैन से बढ़ेगी कूलिंग
अगर 24°C पर भी कमरा कम ठंडा लगे, तो AC का तापमान कम करने की बजाय सीलिंग फैन चलाना बेहतर विकल्प हो सकता है. इससे ठंडी हवा पूरे कमरे में तेजी से फैलती है और ज्यादा ठंडक महसूस होती है. अगर आप रोजाना कई घंटे AC चलाते हैं, तो तापमान 18°C से बढ़ाकर 24°C करना महीने के बिजली बिल में साफ फर्क ला सकता है. लंबे समय में यह बचत हजारों रुपये तक पहुंच सकती है.
बिजली बिल कम करने के अन्य तरीके
- AC फिल्टर की नियमित सफाई करें
- कमरे के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखें
- स्लीप मोड और टाइमर का इस्तेमाल करें
- सीधी धूप रोकने के लिए पर्दे लगाएं
- समय-समय पर सर्विसिंग कराएं
यह भी पढ़ें: JFSL Q4 Result: प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 फीसदी गिरकर 272 करोड़ पर आया, ₹0.60 का डिविडेंड घोषित