केवल माफी काफी नहीं! PM मोदी का वीडियो डिलीट करने पर संसदीय समिति ने पूछे कड़े सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटाने के मामले में Meta संसदीय समिति के निशाने पर आ गई है. IT संबंधी स्थायी समिति ने कंपनी से कड़े सवाल पूछते हुए कहा कि सिर्फ माफी काफी नहीं है. समिति ने इस चूक के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

मार्क जुकरबर्ग Image Credit: TV9

Highlights

  • पीएम मोदी का वीडियो हटाने के मामले में Meta संसदीय समिति के निशाने पर आ गई है.
  • IT संबंधी स्थायी समिति ने कंपनी से कड़े सवाल पूछते हुए कहा कि सिर्फ माफी काफी नहीं है.
  • समिति ने इस चूक के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

Meta PM Modi Video Controversy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटाने के मामले में Meta की मुश्किलें लगातार बढ़ती दिख रही हैं. संसद की सूचना प्रौद्योगिकी (IT) संबंधी स्थायी समिति की बैठक में कंपनी से इस मामले पर कड़े सवाल पूछे गए. समिति ने साफ कहा कि सिर्फ माफी काफी नहीं है, बल्कि इस चूक के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए.

संसदीय समिति ने पूछे कड़े सवाल

संसद की सूचना प्रौद्योगिकी (IT) संबंधी स्थायी समिति की बैठक में Google, Meta और YouTube के प्रतिनिधियों के साथ गृह मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक के दौरान एक वरिष्ठ भाजपा सांसद ने Meta से पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो क्यों हटाया गया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है.

Meta ने जताया खेद

सवालों के बाद Meta ने इस मामले में खेद जताया और माफी मांगने की बात कही. हालांकि समिति ने कहा कि मामला केवल माफी तक सीमित नहीं है. यह भी तय होना चाहिए कि इस गलती के लिए कौन जिम्मेदार है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.

मार्क जुकरबर्ग से भी माफी की मांग

समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि Meta के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटाने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.

बैठक में यह सवाल भी उठाया गया कि अगर प्रधानमंत्री का वीडियो इस तरह हटाया जा सकता है, तो भारत में आम सोशल मीडिया यूजर्स के कंटेंट की सुरक्षा की क्या गारंटी है. सांसदों ने Meta से पूछा कि ऐसी स्थिति में आम लोगों के अधिकारों की रक्षा कैसे होगी.

पेपर लीक पर था प्रधानमंत्री का मैसेज

जिस वीडियो को हटाया गया था, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने परीक्षा पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था.

इस मामले से पहले इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने एल्गोरिदमिक पक्षपात, प्लेटफॉर्म की एल्गोरिदमिक प्रक्रिया और सार्वजनिक व्यवस्था पर उसके असर को लेकर Meta की वैश्विक टीम को तलब किया था. Meta ने वीडियो हटने की वजह तकनीकी गड़बड़ी बताई थी.

Meta इंडिया प्रमुख पर भी मामला दर्ज

हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाकर कथित तौर पर मॉर्फ्ड और AI आधारित पोस्ट साझा किए जाने के मामले में Meta इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और Facebook तथा Instagram के कुछ अकाउंट्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

इसे भी पढ़ें- AI की रेस में दौड़ रहे ये 3 स्टॉक! 220% तक दिया रिटर्न, ऑर्डर बुक और कमाई दोनों में तगड़ा दम; रखें नजर