Credit Card EMI vs BNPL: खरीदारी के लिए कौन सा पेमेंट ऑप्शन है ज्यादा फायदेमंद? समझिए पूरा फर्क

फेस्टिव सीजन में खरीदारी बढ़ते ही लोग ऐसे पेमेंट विकल्प ढूंढते हैं जिससे एक साथ बड़ा खर्च न करना पड़े. Credit Card EMI और Buy Now Pay Later (BNPL) दो लोकप्रिय विकल्प हैं, लेकिन दोनों में फर्क क्या है और कब कौन-सा विकल्प बेहतर है, यह समझना जरूरी है.

Credit Card and BNPL Image Credit: FreePik

त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर खरीदारी तेज हो जाती है. कोई घर के लिए नया फ्रिज या वॉशिंग मशीन लेना चाहता है, तो कोई मोबाइल, गिफ्ट्स या कपड़ों पर खर्च करता है. लेकिन बढ़ते खर्च के बीच लोग ऐसे भुगतान विकल्प तलाशते हैं जिससे जेब पर एक साथ ज्यादा बोझ न पड़े. इसी वजह से आजकल Credit Card EMI और Buy Now Pay Later (BNPL) दो सबसे लोकप्रिय विकल्प बन गए हैं. हालांकि कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर इन दोनों में फर्क क्या है और किस स्थिति में कौन-सा विकल्प बेहतर साबित होता है.

क्या है Credit Card EMI

Credit Card EMI का मतलब है कि आप अपने क्रेडिट कार्ड से की गई खरीदारी को किस्तों में बदल सकते हैं. यानी पूरी रकम एक साथ चुकाने के बजाय हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम देनी होती है. आम तौर पर बैंक 6, 12 या 24 महीनों की अवधि के लिए EMI का विकल्प देते हैं.

बैंक आपको दो तरह से यह सुविधा देते हैं. पहला, आप खरीदारी करते समय ही चेकआउट पर EMI चुन सकते हैं. दूसरा, अगर आपने पहले पूरा भुगतान कर दिया है, तो बाद में बैंक के मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उसे EMI में बदल सकते हैं. कई बैंक नो-कॉस्ट EMI भी देते हैं, जिसमें तय अवधि के भीतर भुगतान करने पर अतिरिक्त ब्याज नहीं देना पड़ता.

क्या होता है BNPL

Buy Now Pay Later यानी BNPL एक तरह की शॉर्ट-टर्म क्रेडिट सुविधा है. इसमें आप अभी खरीदारी कर सकते हैं और भुगतान बाद में कर सकते हैं. आम तौर पर आपको 15 से 30 दिन बाद पूरी रकम चुकाने का विकल्प मिलता है या फिर इसे कुछ महीनों की छोटी-छोटी किस्तों में बांट सकते हैं.

BNPL का फायदा यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए हमेशा क्रेडिट कार्ड या लंबा क्रेडिट इतिहास जरूरी नहीं होता.

Credit Card EMI और BNPL में मुख्य अंतर

Credit Card EMI लेने के लिए आपके पास सक्रिय क्रेडिट कार्ड और अच्छा क्रेडिट इतिहास होना जरूरी होता है. वहीं BNPL का इस्तेमाल ऐसे लोग भी कर सकते हैं जिनका क्रेडिट इतिहास बहुत मजबूत नहीं है.

भुगतान की अवधि भी दोनों में अलग होती है. Credit Card EMI में आमतौर पर 3 महीने से लेकर 24 महीने तक की अवधि मिल जाती है. वहीं BNPL में भुगतान का समय कम होता है, जो आम तौर पर 15 दिन से 6 महीने तक होता है.

अगर Credit Card EMI की किस्त समय पर नहीं चुकाई जाती, तो पेनल्टी लग सकती है और इससे आपका क्रेडिट स्कोर भी प्रभावित हो सकता है. इससे भविष्य में लोन या क्रेडिट कार्ड लेने में दिक्कत आ सकती है.

कब कौन-सा विकल्प चुनें

अगर आप बड़ी खरीदारी कर रहे हैं, जैसे 50,000 रुपये की वॉशिंग मशीन या 80,000 रुपये का फ्रिज, तो Credit Card EMI बेहतर विकल्प हो सकता है क्योंकि इसमें लंबी अवधि में भुगतान की सुविधा मिलती है. वहीं अगर खरीदारी छोटी या मध्यम रकम की है, जैसे 5000 रुपये के गिफ्ट्स या 10,000 रुपये के होम डेकोर आइटम, तो BNPL ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है.

यह भी पढ़ें: LPG बुकिंग के नाम पर बिछ रहा ठगी का नया जाल, गैस एजेंसी के नाम से आने वाले ऐसे कॉल से रहें सतर्क, दिल्ली पुलिस का अलर्ट

छिपे चार्ज और ऑफर

BNPL में आमतौर पर प्रोसेसिंग फीस या सालाना फीस नहीं होती, इसलिए कम समय के लिए यह EMI ऑप्शन के मुकाबले सस्ता पड़ सकता है. वहीं क्रेडिट कार्ड के साथ कई तरह की फीस जुड़ी हो सकती है, जैसे प्रोसेसिंग फीस या मेंबरशिप फीस.

हालांकि क्रेडिट कार्ड का एक बड़ा फायदा यह है कि इसमें अक्सर कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स और डिस्काउंट ऑफर मिलते हैं. BNPL में भी कुछ ऑफर मिलते हैं, लेकिन आमतौर पर वे क्रेडिट कार्ड के मुकाबले कम होते हैं. त्योहारों के दौरान खरीदारी करते समय अगर आप इन दोनों विकल्पों के अंतर को समझ लें, तो अपने बजट और जरूरत के हिसाब से सही फैसला लेना आसान हो सकता है.