Google ने I/O 2026 की तारीखों का किया ऐलान, जानें कब होगा इवेंट और क्या रहेगा खास
गूगल ने अपने सालाना डेवलपर इवेंट Google I/O 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है. यह कॉन्फ्रेंस 19-20 मई को माउंटेन व्यू, कैलिफोर्निया में होगी और इसका फोकस AI, एंड्रॉयड व सॉफ्टवेयर अपडेट पर रहेगा. इसी बीच सीईओ सुंदर पिचाई भारत पहुंचे और AI इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए, जहां उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात भी की.
टेक कंपनी गूगल ने अपने बहुप्रतीक्षित वार्षिक डेवलपर इवेंट Google I/O 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। कंपनी का यह फ्लैगशिप डेवलपर कॉन्फ्रेंस 19 से 20 मई 2026 के बीच अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित माउंटेन व्यू मुख्यालय के शोरलाइन एम्फीथिएटर में आयोजित होगा. खास बात यह है कि इवेंट की तारीखों की घोषणा ऐसे समय हुई है जब गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भारत पहुंचे हैं और यहां AI Impact Summit 2026 में हिस्सा ले रहे हैं. कुल मिलाकर, Google I/O 2026 में AI से जुड़े बड़े एलान, नए सॉफ्टवेयर अपडेट और डेवलपर्स के लिए अहम घोषणाओं पर बाजार और टेक जगत की नजर बनी रहेगी.
लाइव स्ट्रीम होगी कॉन्फ्रेंस
गूगल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी I/O कॉन्फ्रेंस का लाइव स्ट्रीम किया जाएगा ताकि दुनिया भर के डेवलपर्स और टेक उत्साही इसे ऑनलाइन देख सकें. इस इवेंट में कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एंड्रॉयड और अपने अन्य सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म से जुड़े बड़े अपडेट और नई टेक्नोलॉजी का ऐलान कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार कॉन्फ्रेंस में हार्डवेयर लॉन्च की उम्मीद कम है और फोकस मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर, AI टूल्स और डेवलपर इकोसिस्टम पर रहेगा.
कंपनी ने क्या बताया
गूगल के ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, इवेंट में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के कीनोट सेशन, प्रोडक्ट डेमो, फायरसाइड चैट और डेवलपर्स के लिए कई इंटरएक्टिव सत्र आयोजित होंगे. कंपनी ने यह भी बताया कि इस साल के इवेंट से पहले डेवलपर्स के लिए एक खास “सेव-द-डेट” अनुभव लॉन्च किया गया है, जिसमें Gemini आधारित टूल्स के साथ प्रयोग और क्रिएटिव गतिविधियां शामिल हैं.
सुंदर पिचाई ने किया शेयर
गूगल सीईओ सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर I/O 2026 की तारीखों की पुष्टि की और डेवलपर्स को इवेंट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. भारत पहुंचने के बाद उन्होंने AI इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की. इस मुलाकात में भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल, डिजिटल इकोसिस्टम और भविष्य की टेक्नोलॉजी पर चर्चा हुई.
