गूगल ने खत्म की 22 साल पुरानी समस्या, अब एक चुटकी में बदल सकेंगे Gmail ID, डेटा भी रहेगा सेफ

Google ने Gmail यूजर्स के लिए एक बड़ा और लंबे समय से इंतजार किया जा रहा बदलाव पेश किया है. अब यूजर अपनी मौजूदा Gmail ID को बिना डेटा खोए आसानी से बदल सकेंगे. इस नए फीचर के जरिए ईमेल, फोटो और फाइल्स सुरक्षित रहेंगे, जिससे यूजर्स को नई आईडी बनाने में पहले से कहीं ज्यादा सुविधा मिलेगी.

जी मेल Image Credit: Getty Images Creative

Gmail Update: Google ने अपने ईमेल प्लेटफॉर्म Gmail के लिए एक अहम बदलाव की घोषणा की है. कंपनी अब ऐसा फीचर लाने जा रही है, जिसके जरिए यूजर्स अपनी मौजूदा Gmail आईडी को बदले बिना अकाउंट का पूरा डेटा सुरक्षित रखते हुए नया ईमेल एड्रेस चुन सकेंगे. अब तक Gmail में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिससे यूजर्स को नई पहचान के लिए नया अकाउंट बनाना पड़ता था. इससे उनके पुराने डेटा भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहती थी.

क्या है नया फीचर?

इस नए अपडेट के तहत यूजर अपनी मौजूदा Gmail आईडी बदल सकेंगे. यानी अगर आपकी ईमेल आईडी पहले कुछ और थी, तो अब आप उसे बदल सकते हैं.

सबसे खास बात यह है कि:

  • आपका पुराना डेटा (ईमेल, Google Drive फाइल्स, फोटो आदि) पूरी तरह सुरक्षित रहेगा
  • आपकी पुरानी ईमेल आईडी भी आपके अकाउंट से जुड़ी रहेगी
  • दोनों आईडी से लॉगिन किया जा सकेगा और पुराने ईमेल भी मिलते रहेंगे

यह भी पढ़ें: Oracle ने की भारत में बड़ी छंटनी, 12000 कर्मचारियों की गई नौकरी, दूसरी लहर के खतरे से IT सेक्‍टर में हड़कंप

कैसे मिलेगा यह फीचर?

Google इस फीचर को धीरे-धीरे शुरू कर रहा है, इसलिए सभी यूजर्स को यह तुरंत नहीं मिलेगा. जिन लोगों को यह फीचर मिलेगा, वे इसे अपने Google Account की सेटिंग्स में जाकर “Google Account email” सेक्शन में बदल पाएंगे.

हालांकि, Google ने यह भी बताया है कि:

  • Sign in with Google जैसी सेवाओं में थोड़ी दिक्कत आ सकती है.
  • Chrome sync पर भी हल्का असर पड़ सकता है.
  • इसलिए जरूरी डेटा का बैकअप रखना बेहतर रहेगा.

यूजर पर क्या होगा असर?

यह अपडेट खासकर उन यूजर्स के लिए बहुत फायदेमंद है, जिनकी ईमेल आईडी अब प्रोफेशनल या पर्सनल लाइफ के लिए सही नहीं लगती. अब उन्हें नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी. इससे नौकरी या बिजनेस में प्रोफेशनल इमेज बेहतर बनेगी और पुराने डेटा को खोने का डर नहीं रहेगा. हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि अगर आप अपनी पुरानी ईमेल आईडी बदलते हैं, तो उसे अगले 12 महीनों तक किसी नए Gmail अकाउंट के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें: 1 अप्रैल से डिजिटल पेमेंट बदल जाएगा, अब हर ट्रांजैक्शन में करना होगा 2 स्टेप वेरिफिकेशन; जानें नए नियम