AI से चलेगा आपका फाइनेंस! Jio Financial ने पेश किया स्मार्ट JioFinance ऐप, ‘Finsider’ से मिलेगा खास अर्ली एक्सेस

Jio Financial ने JioFinance ऐप लॉन्च किया है, जिसमें ‘Finsider’ अर्ली एक्सेस प्रोग्राम के जरिए चुनिंदा यूजर्स को टेस्टिंग का मौका मिलेगा. AI आधारित यह डिजिटल मार्केटप्लेस लोन, बीमा, निवेश, UPI और टैक्स सेवाओं समेत कई वित्तीय प्रोडक्ट्स एक ही ऐप में उपलब्ध कराता है.

जियोफाइनेंस ऐप Image Credit: @Money9live

JioFinance App Launch: Jio Financial Services Limited (JFSL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Jio Finance Platform and Service Limited (JFPSL) ने अपना नया डिजिटल प्लेटफॉर्म JioFinance ऐप लॉन्च कर दिया है. इसके साथ ही कंपनी ने चुनिंदा यूजर्स के लिए एक खास अर्ली एक्सेस प्रोग्राम ‘Finsider’ भी शुरू किया है, जिसके तहत यूजर्स ऐप को पहले इस्तेमाल कर सकेंगे और अपना फीडबैक दे पाएंगे.

क्या है ‘Finsider’ पहल?

कंपनी के मुताबिक, ‘Finsider’ कार्यक्रम का मकसद ऐप को बड़े स्तर पर लॉन्च करने से पहले उसे टेस्ट करना और यूजर्स के अनुभव के आधार पर सुधार करना है. इस कार्यक्रम में शामिल यूजर्स को ऐप की अलग-अलग सेवाओं को आजमाने का मौका मिलेगा. फीडबैक देने वाले प्रतिभागियों को JioPoints कमाने का अवसर मिलेगा, जिन्हें बाद में रिवॉर्ड्स के बदले भुनाया जा सकेगा. यह रणनीति कंपनी को न सिर्फ प्रोडक्ट बेहतर बनाने में मदद करेगी, बल्कि शुरुआती यूजर इंगेजमेंट भी मजबूत करेगी.

डिजिटल फाइनेंशियल मार्केटप्लेस के रूप में डिजाइन

JioFinance ऐप को एक वन-स्टॉप डिजिटल फाइनेंशियल मार्केटप्लेस के तौर पर तैयार किया गया है. यह प्लेटफॉर्म JFSL ग्रुप की कंपनियों के साथ-साथ दूसरी थर्ड-पार्टी वित्तीय संस्थानों के प्रोडक्ट्स को एक ही जगह पर उपलब्ध कराता है. ऐप पर उपलब्ध प्रमुख सेवाएं शामिल हैं-

  • होम लोन
  • सिक्योरिटीज के बदले लोन
  • पर्सनल लोन
  • क्रेडिट कार्ड
  • UPI सेवाएं
  • जीवन और सामान्य बीमा
  • म्यूचुअल फंड व निवेश सलाह
  • फिक्स्ड डिपॉजिट
  • डिजिटल गोल्ड
  • टैक्स फाइलिंग और टैक्स प्लानिंग टूल
  • ऑटोमैटिक लिक्विडिटी मैनेजमेंट फीचर के साथ सेविंग अकाउंट

इस तरह, यूजर्स को लेंडिंग, पेमेंट, इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट जैसी अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी.

AI बेस्ड स्मार्ट सिस्टम

JFPSL का कहना है कि ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित एडवांस्ड सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है. इसमें कई AI एजेंट और डिसीजन इंजन शामिल हैं, जो यूजर के व्यवहार, जरूरत, पात्रता और वित्तीय प्रोफाइल का रियल-टाइम विश्लेषण करते हैं. इस डेटा के आधार पर ऐप हर यूजर को कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट सुझाव देता है. यानी हर व्यक्ति को एक जैसा इंटरफेस नहीं दिखेगा, बल्कि उसकी वित्तीय स्थिति के मुताबिक होम स्क्रीन और प्रोडक्ट विजिबिलिटी बदलती रहेगी.

पर्सनलाइज्ड यूजर एक्सपीरियंस पर जोर

कंपनी ने पारंपरिक ‘वन-साइज-फिट्स-ऑल’ मॉडल से हटकर एक डायनेमिक इंटरफेस अपनाया है. ऐप का लेआउट और दिखने वाले विकल्प यूजर की जरूरत और वित्तीय संदर्भ के अनुसार बदलते हैं. उदाहरण के लिए, अगर किसी यूजर के लिए निवेश विकल्प अधिक प्रासंगिक हैं तो उसे संबंधित प्रोडक्ट्स प्रमुखता से दिखेंगे, जबकि लोन की जरूरत वाले यूजर को क्रेडिट उत्पाद पहले दिखाई दे सकते हैं. यह पर्सनलाइजेशन JioFinance को अन्य फाइनेंशियल ऐप्स से अलग पहचान देने की कोशिश है.

डिजिटल फाइनेंस में JFSL की रणनीतिक बढ़त

JioFinance ऐप का लॉन्च JFSL की डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. वैश्विक और भारतीय बाजार में तेजी से ऐसा ट्रेंड उभर रहा है, जहां एक ही प्लेटफॉर्म पर लोन, पेमेंट, इंश्योरेंस और निवेश सेवाएं इंटीग्रेट की जा रही हैं. JFSL भी इसी मॉडल पर आगे बढ़ता दिख रहा है. हालांकि कंपनी ने अभी व्यापक स्तर पर रोलआउट की समय-सीमा या यूजर बेस के लक्ष्य को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. लेकिन अर्ली एक्सेस प्रोग्राम से संकेत मिलता है कि कंपनी चरणबद्ध तरीके से ऐप को स्केल करने की योजना बना रही है.

ये भी पढ़ें- SBI Card यूजर्स के अहम! रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडेम्पशन पर 60000 की मंथली सीमा, 1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये नियम