Whatsapp Group में जुड़ते ही अब पढ़ सकते हैं पुराना चैट, कंपनी लाई नया अपडेट, जानें कैसे करेगा काम
मैसेजिंग ऐप यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक नया बदलाव किया गया है. खासतौर पर ग्रुप चैट से जुड़ी परेशानी को दूर करने पर फोकस किया गया है. यह नया फीचर बातचीत को समझने में मदद करेगा, वो भी प्राइवेसी से समझौता किए बिना.
Whatsapp New Updates: व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट को और ज्यादा आसान और समझने लायक बनाने के लिए एक नया फीचर शुरू किया है. Group Message History नाम का यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए मददगार होगा, जिन्हें किसी ग्रुप में बाद में जोड़ा जाता है. अब नए मेंबर को यह समझने के लिए स्क्रीनशॉट या फॉरवर्ड मैसेज पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा कि ग्रुप में क्या चल रहा है.
क्या है Group Message History फीचर
इस नए फीचर के तहत जब किसी ग्रुप में नया सदस्य जोड़ा जाएगा, तो एडमिन या ग्रुप के अन्य सदस्य हाल की बातचीत उसे दिखा सकेंगे. इसके जरिए नया मेंबर ग्रुप के मौजूदा मुद्दों, चर्चाओं और फैसलों को जल्दी समझ पाएगा. व्हाट्सऐप ने साफ किया है कि यह फीचर भी बाकी चैट्स की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगा, यानी प्राइवेसी से कोई समझौता नहीं होगा.
कैसे करेगा काम
ग्रुप में नया मेंबर जुड़ने पर एडमिन या सदस्य को हाल के मैसेज शेयर करने का विकल्प मिलेगा. यूजर चाहें तो 25 से 100 तक के ताजा मैसेज शेयर कर सकते हैं. इससे पूरी चैट हिस्ट्री भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी और केवल जरूरी संदर्भ ही नए सदस्य तक पहुंचेगा.
व्हाट्सऐप ने इस फीचर को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है. जो मैसेज हिस्ट्री शेयर की जाएगी, वह ग्रुप चैट में अलग तरह से दिखाई देगी, जिसमें भेजने वाले का नाम और समय भी साफ लिखा होगा. इसके अलावा, ग्रुप के सभी सदस्यों को यह नोटिफिकेशन मिलेगा कि मैसेज हिस्ट्री शेयर की गई है, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न हो.
ऑटोमैटिक नहीं, पूरी तरह कंट्रोल में
यह फीचर अपने आप काम नहीं करेगा. हर बार नया मेंबर जुड़ने पर मैसेज शेयर करने के लिए मैन्युअल तौर पर अनुमति देनी होगी. ग्रुप एडमिन चाहें तो इस फीचर को पूरी तरह बंद भी कर सकते हैं. हालांकि, एडमिन के पास हमेशा यह अधिकार रहेगा कि वे खुद मैसेज हिस्ट्री शेयर करें.
यह भी पढ़ें: अब टीचर नहीं, AI करेगा एग्जाम की कॉपी चेक! हाई पावर GPU हजारों कॉपी की एक झटके में करेगा स्क्रीनिंग
कंपनी ने बताया है कि यह फीचर 19 फरवरी 2026 से धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है. आने वाले हफ्तों में ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को यह अपडेट मिलने की उम्मीद है. पूरी तरह लागू होने के बाद यह ग्रुप चैट का एक सामान्य और उपयोगी हिस्सा बन जाएगा.
