मकान मालिक नहीं लौटा रहा सिक्योरिटी डिपॉजिट? ये 6 कानूनी कदम दिलाएंगे आपका पूरा पैसा

किराए का घर खाली करने के बाद अगर मकान मालिक आपका सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने में आनाकानी कर रहा है, तो कानून आपके साथ है. भारत में किरायेदारों के लिए कई कानूनी अधिकार मौजूद हैं, जिनकी मदद से वे अपना जमा पैसा वापस ले सकते हैं. जानिए मकान मालिक किन परिस्थितियों में कटौती कर सकता है और पैसा फंसने पर आपको कौन-कौन से कानूनी कदम उठाने चाहिए.

Security deposit Image Credit: FreePik

आपने फ्लैट खाली कर दिया, चाबी मकान मालिक को सौंप दी, बिजली-पानी के सारे पेंडिंग बिल चुका दिए और अब आप अपने सिक्योरिटी डिपॉजिट के वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन तभी अचानक मकान मालिक आपका फोन उठाना बंद कर देता है, बहाने बनाने लगता है या फिर ‘टूट-फूट’ के नाम पर मोटी रकम काटने की धमकी देने लगता है.

क्या यह कहानी आपको जानी-पहचानी लग रही है? देश के बड़े शहरों में किरायेदार और मकान मालिक के बीच सिक्योरिटी डिपॉजिट को लेकर विवाद होना अब एक आम बात बन चुका है. लेकिन अच्छी बात यह है कि कानून सिर्फ मकान मालिकों के लिए नहीं, किरायेदारों के हक के लिए भी है. अगर आपका मकान मालिक भी आपकी जमा पूंजी दबाकर बैठ गया है, तो जानिए आप कानूनी रूप से अपना पैसा कैसे वापस ले सकते हैं.

आखिर क्या होता है सिक्योरिटी डिपॉजिट?

सिक्योरिटी डिपॉजिट वह रकम है जो कोई भी किरायेदार मकान में शिफ्ट होने से पहले मकान मालिक को एडवांस के तौर पर देता है. यह मकान मालिक के लिए एक तरह की वित्तीय सुरक्षा होती है, ताकि अगर किरायेदार किराया न दे, प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाए या एग्रीमेंट बीच में तोड़े, तो उसकी भरपाई की जा सके.

भारत के अलग-अलग शहरों में यह रकम अलग हो सकती है. दिल्ली-मुंबई जैसे शहरों में जहां 2 से 3 महीने का किराया एडवांस मांगा जाता है, वहीं बेंगलुरु जैसे शहरों में 6 से 10 महीने तक का किराया सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में लेने का चलन रहा है. नियम के मुताबिक, मकान खाली करते समय बिजली-पानी के बकाया बिल या वास्तविक नुकसान की रकम काटकर मकान मालिक को यह पैसा तुरंत लौटाना होता है.

कानून क्या कहता है: आपके पास क्या अधिकार हैं?

भारत में पूरे देश के लिए कोई एक अकेला कानून नहीं है जो सिक्योरिटी डिपॉजिट को तय करता हो. हर राज्य के अपने नियम और टेनेंसी एक्ट होते हैं. लेकिन बुनियादी कॉन्ट्रैक्ट लॉ के तहत कोई भी मकान मालिक बिना किसी ठोस और जायज वजह के आपका पैसा नहीं रोक सकता.

केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए एक मॉडल टेनेंसी एक्ट, 2021 (Model Tenancy Act) का खाका तैयार किया है, जिसके तहत सिक्योरिटी डिपॉजिट की एक सीमा तय की गई है:

  • रिहायशी घरों के लिए अधिकतम 2 महीने का किराया.
  • कमर्शियल (गैर-रिहायशी) प्रॉपर्टी के लिए अधिकतम 6 महीने का किराया.

चूंकि जमीन और किराया कानून राज्यों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपके राज्य ने इस एक्ट को लागू किया है या नहीं.

मकान मालिक कब और कितनी कटौती कर सकता है?

मकान मालिक सिर्फ और सिर्फ वास्तविक और साबित होने वाले नुकसान के लिए ही पैसे काट सकता है. उदाहरण के लिए:

  • किरायेदार की लापरवाही से पंखे, गीजर, फर्नीचर या किसी अन्य सामान का टूटना.
  • किरायेदार द्वारा बिजली, पानी या सोसाइटी मेंटेनेंस का बिल न चुकाया जाना.

ध्यान रखें, मकान मालिक सामान्य ‘Wear and Tear’ यानी वक्त के साथ घर में आने वाले मामूली बदलावों (जैसे दीवारों का पेंट हल्का पड़ना, पुरानी हो चुकी चीजों का खराब होना या रूटीन मेंटेनेंस) के नाम पर पैसे नहीं काट सकता.

पैसा फंसने पर क्या करें? अपनाएं ये 6 स्टेप्स

अगर मकान मालिक पैसा लौटाने में आनाकानी करे, तो घबराने के बजाय इन स्टेप्स को फॉलो करें:

स्टेप 1: रेंट एग्रीमेंट को दोबारा पढ़ें

सबसे पहले अपने रेंट एग्रीमेंट की शर्तों को ध्यान से देखें. उसमें सिक्योरिटी डिपॉजिट वापसी के लिए कितने दिनों का समय (आमतौर पर 15 से 60 दिन) लिखा है, उसे चेक करें. अगर मकान मालिक एग्रीमेंट में लिखी समय-सीमा का उल्लंघन कर रहा है, तो आपका पक्ष कानूनी रूप से मजबूत हो जाता है.

स्टेप 2: सारे सबूत और दस्तावेज जुटाएं

बातचीत बंद होने से पहले अपने पास ये सबूत सुरक्षित कर लें:

  • रेंट पेमेंट के स्क्रीनशॉट या बैंक स्टेटमेंट.
  • बिजली और मेंटेनेंस बिल के पेमेंट की रसीदें.
  • मकान मालिक के साथ व्हाट्सएप चैट्स और ईमेल्स.
  • मकान में शिफ्ट होते समय और खाली करते समय की तस्वीरें या वीडियो (ताकि वह झूठी टूट-फूट का आरोप न लगा सके).

स्टेप 3: वकील के जरिए लीगल नोटिस भेजें

अक्सर मौखिक बातचीत को मकान मालिक गंभीरता से नहीं लेते. जैसे ही आपको लगे कि इरादा ठीक नहीं है, किसी वकील के जरिए मकान मालिक को एक औपचारिक ‘लीगल नोटिस’ भिजवाएं. इस नोटिस में साफ लिखा होना चाहिए कि आपने मकान सही स्थिति में खाली कर दिया है और यदि एक निश्चित समय में पैसा वापस नहीं मिला, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कई बार सिर्फ एक लीगल नोटिस ही मकान मालिक को सीधे रास्ते पर लाने के लिए काफी होता है.

स्टेप 4: बातचीत या मध्यस्थता का रास्ता चुनें

अदालत जाने से पहले सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) या अपार्टमेंट एसोसिएशन की मदद लें. वे अक्सर दोनों पक्षों को बिठाकर बीच का रास्ता निकाल देते हैं. आपसी बातचीत से थोड़ा-बहुत समझौता करना कोर्ट-कचहरी के चक्कर और वकीलों की फीस से बेहतर हो सकता है.

स्टेप 5: धोखाधड़ी या धमकी मिलने पर पुलिस से संपर्क करें

अगर मकान मालिक आपको डराता-धमकाता है या साफ तौर पर आपके साथ धोखाधड़ी कर रहा है, तो आप नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा सकते हैं. हालांकि पुलिस इसे सिविल मामला बताकर टालने की कोशिश करती है, लेकिन अगर शिकायत में धोखाधड़ी और धमकी का जिक्र हो, तो पुलिस को दखल देना पड़ता है.

स्टेप 6: कोर्ट का दरवाजा खटखटाएं

अगर सारे रास्ते बंद हो जाएं, तो आप पैसे की रिकवरी के लिए सिविल कोर्ट में केस दायर कर सकते हैं. इसके अलावा, रेंटल सर्विस में कमी को लेकर कंज्यूमर फोरम या राज्य के किराया प्राधिकरण के पास भी जाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: दुनिया पर मंडराया नए इबोला वायरस का खतरा, भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी; इन 3 देशों की यात्रा से बचें

किरायेदार न करें ये गलतियां

कई बार किरायेदार का पक्ष मजबूत होने के बावजूद वह अपनी ही कुछ गलतियों के कारण पैसा हार जाता है. इन बातों का हमेशा ध्यान रखें:

  • सिक्योरिटी डिपॉजिट कभी भी कैश में न दें, अगर दें तो उसकी लिखित रसीद जरूर लें.
  • बिना लिखित रेंट एग्रीमेंट के किसी भी मकान में न रहें.
  • मकान खाली करते समय मकान मालिक से इस बात की लिखित या ईमेल पर पुष्टि रूर लें कि चाबियां सौंप दी गई हैं और मकान सुरक्षित स्थिति में है.
  • मकान मालिक से केवल फोन पर बात करने के बजाय व्हाट्सएप या ईमेल जैसे लिखित माध्यमों का इस्तेमाल करें ताकि आपके पास सबूत रहें.